पटना मेयर के बेटे शिशिर की झारखंड, बंगाल समेत कई राज्यों में तलाश, अब सीता साहू से पूछताछ की तैयारी
पुलिस पूछताछ के लिए मेयर के आवास पर गई थी। वहां पुलिस से दुर्व्यवहार किया गया। इस संबंध में महापौर सीता साहू से भी पूछताछ होगी। नगर निगम की 11 जुलाई को बैठक में महापौर के प्रस्तावों पर आपसी सहमित नहीं बनी थी। इसके बाद मेयर के पुत्र और उनके बाउंसरों ने कई जनप्रतिनिधियों से गाली गलौज और मारपीट की थी।

पटना की महापौर सीता साहू के बेटे शिशिर कुमार पर मारपीट के मामले में दर्ज केस के तहत गांधी मैदान पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। पुलिस की अलग-अलग टीम उनकी गिरफ्तारी के लिए झारखंड, पश्चिम बंगाल व अन्य राज्यों में दबिश दे रही है। शिशिर के हथियार के लाइसेंस को भी रद्द ने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। एसएसपी कार्तिकेय के शर्मा ने बताया कि शिशिर के खिलाफ गांधी मैदान थाने में दर्ज मामले में गिरफ्तारी के आदेश दिए गए हैं। बीते दो साल में उनके खिलाफ पटना के अलग-अलग थानों में हत्या का प्रयास, आर्म्स एक्ट सहित चार मामले दर्ज हैं। गांधी मैदान में दर्ज मामले के अलावा बाकी में वह जमानत पर हैं।
पुराने आपराधिक मामलों में मिली जमानत को रद्द कराने की प्रक्रिया के साथ ही उनके निजी अंगरक्षकों और उनके हथियारों का सत्यापन भी किया जा रहा है। पुलिस पूछताछ के लिए मेयर के आवास पर गई थी। वहां पुलिस से दुर्व्यवहार किया गया। इस संबंध में महापौर सीता साहू से भी पूछताछ होगी। मालूम हो कि नगर निगम की 11 जुलाई को बैठक में महापौर के प्रस्तावों पर आपसी सहमित नहीं बनी थी। आरोप है कि इसके बाद मेयर के पुत्र और उनके बाउंसरों ने कई जनप्रतिनिधियों से गाली गलौज और मारपीट की थी।
बाद में कुछ वार्ड पार्षदों की शिकायत पर गांधी मैदान थाने में केस दर्ज किया गया था। इसके बाद डीएसपी प्रकाश के नेतृत्व में गांधी मैदान थाना सहित आसपास के थानों की पुलिस शनिवार देर रात आलमगंज के महाराजगंज स्थित मेयर के आवास पर पहुंची थी। पुलिस ने आवास के सभी कमरों की तलाशी ली थी। उस वक्त महापौर वहां नहीं थी। पुलिस की कार्रवाई के विरोध में लोगों ने हंगामा किया था। तकनीकी अनुसंधान में पुलिस को पता चला है कि शिशिर राज्य से बाहर भाग गए हैं। पुलिस ने झारखंड के बगोदर स्थित शिशिर के ससुराल में छापेमारी की पर वे नहीं मिले।
शिशिर कुमार की तलाश में गिरिडीह के बगाोद पहुंची पटना पुलिस उसके नहीं मिलने पर लौट गई। इस मामले को लेकर बगोदर के व्यवसायी विकास कुमार ने एसडीएम और एसडीपीओ को आवेदन देकर पटना पुलिस पर प्रतिष्ठा हनन का आरोप लगाया है। साथ ही बगोदर पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े किए हैं।




साइन इन