तौसीफ बोलेगा, मर्डर के राज खोलेगा? चंदन मिश्रा के शूटर को लेकर पटना आई पुलिस
तौसीफ उर्फ बादशाह को पुलिस पटना लेकर आ चुकी है। पुलिस उसे ट्रांजिट रिमांड पर लेकर पटना आई है। अब पुलिस इस मामले में आगे की पूछताछ तौसीफ से करेगी जिससे इस केस से जुड़े कई अहम राज बेपर्दा हो सकते हैं।

पटना के चर्चित चंदन मिश्रा मर्डर केस में अब कई नए राज भी खुल सकते हैं। पटना पुलिस की टीम चंदन मिश्रा के शूटर तौसीफ को लेकर पटना पहुंच चुकी है। तौसीफ को पश्चिम बंगाल के कोलकाता से पकड़ा गया था। रविवार की रात पुलिस तौसीफ को लेकर पटना के लिए निकली थी। अब तौसीफ उर्फ बादशाह को पुलिस पटना लेकर आ चुकी है। पुलिस उसे ट्रांजिट रिमांड पर लेकर पटना आई है। अब पुलिस इस मामले में आगे की पूछताछ तौसीफ से करेगी जिससे इस केस से जुड़े कई अहम राज बेपर्दा हो सकते हैं। कहा जा रहा है कि पटना के लोदीपुर स्थित एसटीएफ के कार्यालय में तौसीफ समेत सभी चार आरोपियों को रखा गया है। यह भी कहा जा रहा है कि चारों का मेडिकल कराए जाने के बाद पुलिस उन्हें कोर्ट में पेश करेगी।
कुछ मीडिया रिपोर्ट में यह भी दावा किया जा रहा है कि तौसीफ को पटना लाते वक्त रास्ते में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। यह भी दावा किया जा रहा है कि सुरक्षा वजहों को देखते हुए टीम ने रूट में बदलाव भी किया था। पुलिस ने डोभी के रास्ते पटना लेकर पहुंची है। एसटीएफ और पटना पुलिस की टीम चंदन मिश्रा मर्डर केस के मुख्य आरोपी तौसीफ को लेकर पटना आई है।
बता दें कि इससे पहले पटना एसएसपी कार्तिकेय के शर्मा ने रविवार को कार्यालय कक्ष में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा था कि वह कार भी जब्त कर ली गई है, जिससे मुख्य शूटर भागा था। वहीं कोलकाता में गिरफ्तार चारों आरोपितों का ट्रांजिट रिमांड मिलने के बाद बिहार पुलिस की टीम रविवार की रात पटना के लिए रवाना हो गई। इधर, फरार तीन शूटरों के घरों पर इश्तेहार चस्पाया किया गया है। चौथे के खिलाफ भी इश्तेहार चस्पा करने की प्रक्रिया की जा रही है। पारस अस्पताल में कैदी चंदन मिश्रा की 17 जुलाई की सुबह पांच शूटरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। वारदात के बाद सभी अपराधी फरार होने में सफल हो गए थे।




साइन इन