दिनदहाड़े हत्या से दहला पटना, घायल पत्नी बोली- पति के सीने पर बैठ गला काट दिया
Bihar News: पटना के पीरबहोर में शनिवार सुबह घर में घुसकर अपराधियों ने पति का गला रेतकर हत्या कर दी और पत्नी नाजिया को गंभीर रूप से घायल कर दिया। पुलिस जांच में जुटी है।

Bihar Crime News: बिहार की राजधानी पटना में बेखौफ अपराधियों का तांडव लगातार जारी है। शनिवार की सुबह पटना के पीरबहोर थाना क्षेत्र में एक ऐसी ही दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जिसने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है। अशोक राजपथ से सटे लालबाग इलाके में बेखौफ अपराधियों ने एक घर में घुसकर दंपति पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया। इस बर्बर हमले में अपराधियों ने पति का गला रेतकर उसे मौके पर ही मौत के घाट उतार दिया, जबकि उसकी पत्नी नाजिया परवीन को भी बुरी तरह जख्मी कर दिया। खून से लथपथ पत्नी को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां वह जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रही है।
घर में घुसकर बेरहमी से काटा पति का गला
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार की सुबह जब दंपत्ति अपने घर में थे, तभी अज्ञात हथियारबंद अपराधी उनके घर में जबरन दाखिल हो गए। उन्होंने बिना कोई मौका दिए धारदार हथियार से पति पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। अपराधियों ने बेहद बेरहमी से पति का गला काट दिया, जिससे अत्यधिक खून बह जाने के कारण उसने घटनास्थल पर ही तड़प-तड़प कर दम तोड़ दिया। जब पत्नी नाजिया परवीन ने अपने पति को बचाने की कोशिश की और शोर मचाया, तो बेखौफ हमलावरों ने उस पर भी जानलेवा वार किए और उसे अधमरा छोड़कर वहां से फरार हो गए।
अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रही नाजिया
वारदात के बाद घर से चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे। अंदर कमरे का मंजर बेहद खौफनाक था। चारो तरफ खून ही खून बिखरा हुआ था और दंपत्ति जमीन पर पड़े थे। पति की सांसें थम चुकी थीं, जबकि पत्नी नाजिया परवीन खून से लथपथ गंभीर हालत में पड़ी तड़प रही थी। स्थानीय लोगों ने तुरंत पीरबहोर थाना पुलिस को इसकी सूचना दी और आनन-फानन में नाजिया को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल ले गए। डॉक्टरों के मुताबिक नाजिया की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है और उसे आईसीयू में ऑब्जर्वेशन में रखा गया है। बीच शहर में हुई इस घटना से लालबाग और अशोक राजपथ के इलाके में भारी सनसनी फैल गई है।




साइन इन