Patna Metro: भूतनाथ-मलाही पकड़ी के बीच मेट्रो मई से, सीएम सम्राट ने काम में तेजी लाने का दिया आदेश
Patna Metro: मेट्रो के मलाही पकड़ी तक चालू होने के बाद शहर के लोगों को सुरक्षित और आसान यात्रा की सुविधा मिलेगी। गौरतलब है कि 6.107 किलोमीटर लंबे प्राथमिक कॉरिडोर में 6 अक्टूबर 2025 से आईएसबीटी से भूतनाथ के बीच 2.9 किलोमीटर में मेट्रो दौड़ रही है।
पटना मेट्रो (Patna Metro) के प्राथमिक कॉरिडोर के बचे हुए भूतनाथ से मलाही पकड़ी तक मेट्रो का परिचालन अगले माह शुरू हो जाएगा। मेट्रो का परिचालन शुरू करने से पहले सोमवार को मेट्रो रेलवे सुरक्षा आयुक्त (सीएमआरएस) नीलाभ्रा सेनगुप्ता ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अपनी टीम के साथ भूतनाथ से मलाही पकड़ी तक ट्रैक, पुल (वायाडक्ट) और बिजली प्रणाली (ओएचई) की जांच की।मलाही पकड़ी स्टेशन पर उन्होंने फायर सेफ्टी सिस्टम, लिफ्ट, एस्केलेटर और आपातकाल में बाहर निकलने की व्यवस्था को भी देखा। इसके बाद मेट्रो ट्रेन को दोनों दिशाओं में 10 से 40 की रफ्तार से चलाकर परीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान निर्माण के प्रति संतोष जताया।
हालांकि उनके द्वारा एक सप्ताह में रिपोर्ट तैयार कर पटना मेट्रो रेल कॉरपोरेशन को दिया जाएगा। इस दौरान उनके द्वारा जो भी निर्देश प्राप्त होगा, उसका पालन करने के बाद राज्य सरकार द्वारा उद्घाटन की तिथि तय की जाएगी। मेट्रो के मलाही पकड़ी तक चालू होने के बाद शहर के लोगों को सुरक्षित और आसान यात्रा की सुविधा मिलेगी। गौरतलब है कि 6.107 किलोमीटर लंबे प्राथमिक कॉरिडोर में 6 अक्टूबर 2025 से आईएसबीटी से भूतनाथ के बीच 2.9 किलोमीटर में मेट्रो दौड़ रही है।
ट्रैक का ट्रॉली से भी किया निरीक्षण
सीएमआरएस द्वारा ट्रैक का जांच निरीक्षण ट्राली से किया गया। इसके साथ ही सिग्नलिंग सिस्टम की कार्यक्षमता, ब्रेकिंग सिस्टम का प्रदर्शन, ट्रैक और ओवरहेड इलेक्ट्रिफिकेशन सिस्टम, स्टेशन समन्वय एवं संचार व्यवस्था, आपातकालीन सुरक्षा प्रोटोकॉल सहित अन्य का तकनीक का जांच किया गया। ट्रायल के दौरान ट्रेन का संचालन पूरी तरह संतोषजनक पाया गया। 26 फरवरी को पहली बार आईएसबीटी से भूतनाथ स्टेशन होते हुए मलाही पकड़ी स्टेशन तक मेट्रो का ट्रायल रन सफलतापूर्वक पूरा किया गया था। इस दौरान मेट्रो भूतनाथ से मलाही पकड़ी के बीच अधिकतम 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ी थी।
वहीं भूतनाथ से मलाही पकड़ी तक मेट्रो चालू करने से पहले 14 फरवरी को भारत सरकार के इलेक्ट्रिकल इंस्पेक्टर जनरल (ईआईजी) द्वारा निरीक्षण किया गया था। इससे पहले 23 जनवरी को भी भारत सरकार के चीफ इलेक्ट्रिकल इंस्पेक्टर ने निरीक्षण किया था। इसके बाद 5 फरवरी को मलाही पकड़ी स्टेशन पर एएसएस को चार्ज करने के बाद विद्युत आपूर्ति शुरू की गई थी। इन सभी लोगों से परिचालन की मंजूरी मिलने के बाद सीएमआरएस द्वारा निरीक्षण किया गया।
सीएम ने काम में तेजी लाने का दिया आदेश
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पटना रेल परियोजनाओं के काम में तेजी लाने का निर्देश दिया है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि मलाही पकड़ी से राजेंद्र नगर टर्मिनल तथा पटना रेलवे जंक्शन तक मेट्रो का कार्य शीघ्र पूर्ण कराएं। मेट्रो रेल से आईएसबीटी, राजेंद्रनगर टर्मिनल तथा पटना जंक्शन के जुड़ जाने से लोगों को आवागमन में काफी सुविधा होगी। मुख्यमंत्री ने सोमवार को सीएम सचिवालय में नगर विकास एवं आवास, पंचायती राज तथा पर्यटन विभाग की समीक्षा बैठक में कई निर्देश दिये। बैठक में पटना मेट्रो रेल प्रोजेक्ट की भी समीक्षा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सीएम ग्रामीण सोलर स्ट्रीट लाइट योजना के तहत लगाये जाने वाले सोलर लाइट पूरी तरह कार्यशील रहें। इसके लिए निगरानी प्रणाली विकसित करें, ताकि पता चल सके कि सोलर लाइट का संचालन बेहतर ढंग से हो रहा है। शवदाह गृह/मोक्ष घाम का निर्माण उसी स्थान पर कराएं, जहां परंपरागत रूप से शवों का अंतिम संस्कार किया जाता है। सीएम ने पदाधिकारियों को शहरी विकास से जुड़ी योजनाओं को तेजी से पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के लिए पीपीपी मॉडल का उपयोग करने को कहा।




साइन इन