खान सर और ज्ञान बिंदु कोचिंग में स्टूडेंट्स की खरीद-बिक्री, गुरु रहमान ने बताई बवाल के पीछे की कहानी
पटना के कोचिंग शिक्षक गुरु रहमान ने कहा कि बिहार पुलिस सिपाही भर्ती के रिजल्ट के बाद खान सर और ज्ञान बिंदु एकेडमी के बीच कोचिंग स्टूडेंट्स की खरीद-बिक्री की गई। खान सर अक्सर ऐसा करते हैं। जब उनका सच सामने आया तो गोली चलने की बात करने लगे।

बिहार की राजधानी पटना में खान सर के सेंटर के बाहर हुए बवाल ने कोचिंग संस्थानों के बीच की अदावत को सबके सामने रख दिया है। पटना के एक और चर्चित कोचिंग शिक्षक गुरु रहमान ने इस विवाद पर खुलकर बात की। उन्होंने दावा किया कि बिहार पुलिस सिपाही भर्ती के रिजल्ट के बाद दोनों कोचिंग वालों (खान सर और ज्ञान बिंदु के रौशन सर) ने स्टूडेंट्स की जमकर खरीद-फरोख्त की। गुरु रहमान के अनुसार खान सर ने अपने प्रतिद्वंद्वी कोचिंग संस्थान ज्ञान बिंदु के अभ्यर्थियों को अपने पक्ष में ले लिया था। इसी के बाद गहमागहमी और मारपीट हुई। मामले को बढ़ा दिखाने के लिए खान सर ने फायरिंग की बात कही, जबकि कोई गोली नहीं चली थी।
कोचिंग टीचर गुरु रहमान ने बुधवार को मीडिया से बातचीत में कहा कि खान सर की आदत रही है, वह अक्सर स्टूडेंट्स की खरीद-फरोख्त करते रहते हैं। उन्होंने कहा, "सिपाही के कुल 19838 पदों पर ही बहाली थी, जबकि उन्होंने (खान सर ने) 22 हजार अभ्यर्थियों के पास होने का दावा कर दिया। जब पकड़े गए तो गोली चलवाने की बात की। जो कि बिल्कुल गलत और निराधार है। मारपीट हुई है, लेकिन गोली तो नहीं चलाई गई।"
गुरु रहमान ने कहा कि अगर कोचिंग संस्थान के संचालकों के बीच इसी तरह से मनमानी और स्टूडेंट्स की खरीद-बिक्री चलती रही, तो आने वाली पीढ़ी का भविष्य खराब हो जाएगा।
खान सर के कोचिंग सेंटर पर तोड़फोड़
बता दें कि मंगलवार रात को पटना के मुसल्लहपुर स्थित खान सर के कोचिंग सेंटर पर कुछ लोगों ने तोड़फोड़ और पथराव कर दिया था। कोचिंग सेंटर के एक गार्ड की भी बुरी तरह पिटाई कर दी गई थी। इसके बाद मीडिया से बातचीत में खान सर ने अपने प्रतिद्वंद्वी ज्ञान बिंदु के कोचिंग सेंटर के लोगों पर हमले का आरोप लगाया था। खान सर ने यह भी दावा किया था कि उन्होंने 8-10 राउंड गोली चलते देखा। हालांकि, बाद में वह फायरिंग की बात से इनकार करने लगे। पटना पुलिस ने भी फायरिंग की पुष्टि नहीं की।
ज्ञान बिंदु कोचिंग के डायरेक्टर समेत 3 गिरफ्तार
पटना पुलिस द्वारा बुधवार को जारी बयान के अनुसार यह घटना मंगलवार रात 10 बजे के आसपास हुई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को खंगाला उसमें 15-20 लोग पथराव और तोड़फोड़ करते चिह्नित किए गए हैं। पुलिस ने कहा कि फायरिंग की कोई पुष्टि नहीं हुई है।
खान सर के कोचिंग सेंटर के मैनेजर कन्हैया सिंह के लिखित आवेदन पर पटना के कदमकुआं थाने में एफआईआर दर्ज की गई। इसके बाद ज्ञान बिंदु कोचिंग सेंटर के डायरेक्टर रौशन आनंद उर्फ रौशन सर को गिरफ्तार कर लिया गया। उनके साथ अभिषेक और गौरव नाम के दो और आरोपियों को भी पुलिस ने पकड़कर न्यायिक हिरासत में भेजा है। पुलिस का कहना है कि इस मामले में अभी और गिरफ्तारी हो सकती है।
रौशन सर बोले- मेरे खिलाफ साजिश हुई
ज्ञान बिंदु कोचिंग के डायरेक्टर रौशन आनंद ने गिरफ्तार होने के बाद कहा कि बिहार पुलिस सिपाही भर्ती का रिजल्ट की वजह से उनके खिलाफ साजिश साजिश रची जा रही है। ज्ञान बिंदु एकेडमी को बर्बाद करने की साजिश की जा रही है। कोई भी गोली नहीं चली, लेकिन कहा जा रहा है कि फायरिंग हुई है। हमें जानबूझकर निशाना बनाया जा रहा है।




साइन इन