10 राउंड फायरिंग तो हम देखे… बोलकर पलटे खान सर; कोचिंग पर हमले को लेकर क्या कहा?
Khan Sir Coaching: अपने कोचिंग सेंटर पर हमले के बाद खान सर ने पहले 8-10 राउंड गोली चलने की बात कही थी, जिससे अब वो पलट गए हैं। उन्होंने कहा कि उन्होंने वही कहा था, जो गार्ड ने उन्हें बताया। तब बहुत अफरातफरी मची थी।

Khan Sir Coaching: पटना में खान सर के कोचिंग सेंटर पर हमले और तोड़फोड़ के बाद से इस मामले की पुलिस लगातार जांच-पड़ताल कर रही है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज की भी जांच कर रही है। दावा किया जा रहा है कि कोचिंग सेंटर के पास फायरिंग हुई है। खुद खान सर ने मंगलवार को घटना के बाद कहा था कि 8-10 राउंड फायरिंग तो हम देखे हैं। लेकिन अब खान सर अपने बयान से पलट गए हैं। अब उन्होंनें कहा है कि हमले के समय बहुत अफरातफरी मच गई थी और उन्होंने वही कहा था जो उन्हें गार्ड ने बताया था। पुलिस ने भी फायरिंग की घटना से इनकार किया है।
सबसे पहले हम आपको बताते हैं कि मंगलवार को खान सर ने क्या कहा था। कोचिंग सेंटर में बवाल के बाद खान सर मीडिया के सामने आए थे। उन्होंने कहा था कि इतनी गोली चली है कि 10 मिनट में ऐसा लगा कि जैसे अफरातफरी होकर रह गया है। 8-10 राउंड तो हम देखे हैं यहां पर। सुरक्षा गार्ड पीएमसीएच में एडमिट हैं। उसे खून से लहूलुहान कर दिया गया था। बगल के कोचिंग सेंटर वाले थे। उनका बस यही है कि इतनी कम फीस में नहीं पढ़ाया जाए।
खान सर ने अब क्या कहा है
मंगलवार की रात फायरिंग वाले बयान के बाद बुधवाार की सुबह खान सर ने मीडिया से बातचीत में कहा कि रात में ऐसा माहौल था कि कुछ समझ नहीं आ रहा था। जो गार्ड ने कहा, वही मान लिया। खान सर न कहा, 'अभी उसके बारे में नहीं पता। लेकिन पुलिस ने हमें सुरक्षा प्रदान कर रखा है। हम मुख्यमंत्री से गुहार लगा रहे हैं कि यहां विद्यार्थी ज्यादा रहते हैं तो सुरक्षा प्रदान की जाए। खान सर ने कहा कि पुलिस जांच हो रही है। जांच होगी तो ही हम लोगों को भी पता चलेगा। हम लोग यहां कोई लड़ाई-झगड़ा करने के लिए तैयार होकर नहीं बैठे हैं।
गार्ड को घसीट कर मारा-खान सर
खान सर ने कहा कि गार्ड को घसीट-घसीट कर मारा गया। गार्ड को इतना मारा गया है कि अभी वो कुछ भी बताने की स्थिति में नहीं है। जैसे ही हमें सही-सही जानकारी मिलेगी, हम आपको जानकारी देंगे। अभी हम लोगों को भी आइडिया नहीं है। यहां अक्सर ऐसा होता रहता है। छात्रों का इलाका है तो हो-हंगामाा होता रहता है। शुरुआती दौर में ऐसा लगा कि कुछ हो रहा है, लेकिन जब पता चला कि लड़ाई-झगड़ा हो रहा है तो गार्ड आए। रात 10 बज चुके थे, तो ज्यादातर लोगों की ड्यूटी खत्म हो गई थी।
कोई भी निशाना हो सकता था
खान सर ने कहा कि गार्ड को मारा-पीटा, लेकिन निशाने पर वो था या नहीं, यह पता नहीं है। निशाना कोई भी हो सकता है यहां पर। बहुत बेरहमी से मारा गया है। खान सर ने कहा कि हमारी कोशिश है कि गरीब से गरीब बच्चे को पढ़ाया जाए। इसमें कुछ लोग बाधा बनते हैं। जिस तरह से पुलिस ने यहां सजगता दिखाई है। रात भर पुलिस के आला अफसर यहां पर थे। एसपी, डीएसपी, एसएचओ सभी यहीं थे। उन्होंने कहा कि पुलिस जल्दी कार्रवाई करे और दोषी को सजा मिले। यह एक निचले स्तर की हरकत है।




साइन इन