after attack on khan sir coaching centre education minister Mithilesh Tiwari said we will bring new policy खान सर के इंस्टीच्यूट में बवाल पर सरकार सख्त, नई नीति लाने का ऐलान; कोचिंग संस्थानों पर नकेल का प्लान, Bihar Hindi News - Hindustan
More

खान सर के इंस्टीच्यूट में बवाल पर सरकार सख्त, नई नीति लाने का ऐलान; कोचिंग संस्थानों पर नकेल का प्लान

पटना में ग्लोबल कोचिंग इंस्टीच्यूट में तोड़फोड़ और मारपीट के बाद सरकार ने सख्त रवैया अपनाया है। शिक्षा मंत्री ने ऐलान किया है कि जल्द ही राज्य में नई कोचिंग नीति लाई जाएगी और कोचिंग संस्थानों पर नकेल कसी जाएगी। 

Wed, 3 June 2026 02:08 PMNishant Nandan लाइव हिन्दुस्तान, पटना
share
खान सर के इंस्टीच्यूट में बवाल पर सरकार सख्त, नई नीति लाने का ऐलान; कोचिंग संस्थानों पर नकेल का प्लान

राजधानी पटना में खान ग्लोबल कोचिंग सेंटर में तोड़फोड़, मारपीट और बवाल की घटना से सभी हैरान हैं। खान सर ने छात्रों से कह दिया है कि कोचिंग सेंटर को अगले आदेश तक बंद रखा जाएगा। इधर अचानक कोचिंग सेंटर बंद होने से कई छात्र परेशान दिखे और खान सर के समर्थन में सड़क पर भी बैठ गए। इस पूरे हो-हंगामे ने सम्राट चौधरी सरकार का भी ध्यान खींचा है। बिहार सरकार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने इस घटना के बाद स्पष्ट तौर से कहा है कि अब राज्य में कोचिंग संस्थानों के लिए नई नीति बनाई जाएगी। शिक्षा मंत्री ने साफ किया है कि सरकार चाहती है कि कोचिंग संस्थानों पर उसका नियंत्रण हो और भविष्य में ऐसी घटनाएं ना हों ताकि छात्रों को परेशानी ना झेलनी पड़े।

खान सर के कोचिंग सेंटर में हुई घटना को लेकर शुरू से ही कहा जा रहा है कि यह दो कोचिंग संस्थानों के आपसी वर्चस्व का नतीजा है। खुद खान सर ने पास के ही एक अन्य कोचिंग सेंटर को इस पूरी घटना के लिए जिम्मेदार बताया। उनका कहना था कि छात्रों से कम फीस लेने की वजह से दूसरे कोचिंग सेंटर वाले नाराज चल रहे थे और उन्होंने पहले धमकी भी दी थी। बहरहाल इस तोड़फोड़ और बवाल के बाद सरकार ने अब सख्त रवैया अपनाने का ऐलान किया है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:खान सर का कोचिंग सेंटर बंद, घर के बाहर जुटे सैकड़ों छात्र; टीचर ने की खास अपील
ये भी पढ़ें:VIDEO: खान सर के गार्ड को घसीट ले गए, बैनर फाड़े और ईंट फेंका; खूब हुआ उत्पात

शिक्षा मंत्री मिथिलेश कुमार तिवारी ने कहा है कि सरकार अगले तीन महीने में कोचिंग संस्थानों के लिए नई नीति बनाएगी। एक दूसरे को नीचा दिखाने के लिए कोचिंग सेंटर ये सब जो षड़यंत्र कर रहे हैं वो सब अब बंद हो जाएगा। कोचिंग संस्थानों पर नकेल कसेंगे। कोचिंग संस्थान सरकार के नियंत्रण में रहेंगे। शिक्षा मंत्री ने कहा कि यह स्थिति चिंताजनक है। इससे छात्रों की पढ़ाई भी प्रभावित हो गई है।

मंत्री ने आगे कहा कि मंगलवार को कोचिंग सेंटर पर हुए हमले के मामले में वो खुद डीजीपी से बात करेंगे और पूरे मामले की जांच करवाएंगे। जो भी इसमें दोषी पाया जाएग उसपर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि बिहार की सरकार विधि-व्यवस्था के नियंत्रण में जो भी बाधा होगी उसे दूर करेगी। जो गड़बड़ करेगा वो जेल के अंदर रहेगा और जिसने भी यह परिस्थिति उत्पन्न की है उसे पुलिस छोड़ेगी नहीं।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:खान सर ने की सम्राट चौधरी की तारीफ, पुलिसिया ऐक्शन से हुए गदगद; 3 हिरासत में

पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लिया

आपको बता दें कि खान सर के कोचिंग सेंटर पर हुए हमले के मामले में पुलिस ताबड़तोड़ ऐक्शन ले रही है। अब तक तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है। इनमें एक शख्स एक अन्य कोचिंग सेंटर का डायरेक्टर बताया जा रहा है। पुलिस ने 4 लोगों पर नामजद और 15 अज्ञात लोगों पर केस दर्ज किया है। कोचिंग सेंटर पर हमले और तोड़फोड़ का वीडियो भी सामने आया है। इसमें कुछ लोग खान सर के गार्ड की बेरहमी से धुनाई करते और कोचिंग सेंटर पर ईंट फेंकते नजर आ रहे हैं। पुलिस सीसीटीवी के आधार पर आरोपियों पर कार्रवाई में जुटी हुई है।

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।