पटना हाजीपुर के बीच गांधी सेतु जैसा फोरलेन पुल कब होगा चालू, उत्तर से दक्षिण बिहार जाना होगा आसान
इस पुल से राजधानी पटना समेत जहानाबाद, अरवल, गया, औरंगाबाद, नालंदा, नवादा आदि जिलों का उत्तर बिहार से और छपरा, वैशाली, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, सारण, सीवान, गोपालगंज आदि जिलों का दक्षिण बिहार से यातायात की सुविधा आसान हो जाएगी।

पटना से हाजीपुर के बीच आवागमन करने वाले लोगों के लिए काफी राहत भरी खबर है। लोगों को अब जल्द ही महात्मा गांधी सेतु पर घंटों जाम से जूझने से जल्द छुटकारा मिल जाएगा। पथ निर्माण विभाग की ओर से इस सेतु के समानान्तर बनाए जा रहे फोर लेन पुल का निर्माण कार्य इस वर्ष के अंत यानी दिसंबर तक पूरा करने का दावा किया गया है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि इस अतिरिक्त ब्रिज के बन जाने से उत्तर से दक्षिण बिहार के बीच की यातायात सुगम होगा। साथ ही गांधी सेतु पर घंटों जाम में फंसे रहने की समस्या से भी लोगों को स्थाई रूप से छुटकारा मिलेगा।
करीब साढ़े चार दशक पहले एनएच-19 पर बने महात्मा गांधी सेतु पर ट्रैफिक दबाव बढ़ जाने से इसके समानान्तर अतिरिक्त फोर लेन ब्रिज बनाने का निर्णय लिया गया था। भारत सरकार की अनुशंसा पर दोनों तरफ से 14.5 किमी लंबी सड़क को जोड़ते हुए 5.5 किमी लंबा ब्रिज निर्माण का कार्य पथ निर्माण विभाग ने 2021 में शुरू किया। ब्रिज निर्माण का काम एसपी सिंगला कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड को सौंपा गया।
विभागीय अधिकारियों का कहना है कि पुल निर्माण का कार्य करीब 60 फीसदी अब पूरा हो चुका है। जिस रफ्तार में निर्माण की प्रगति है, दिसंबर 2026 तक पुल निर्माण का काम पूरा हो जाएगा। इसके बाद इस पुल से राजधानी पटना समेत जहानाबाद, अरवल, गया, औरंगाबाद, नालंदा, नवादा आदि जिलों का उत्तर बिहार से और छपरा, वैशाली, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, सारण, सीवान, गोपालगंज आदि जिलों का दक्षिण बिहार से यातायात की सुविधा आसान हो जाएगी।
महात्मा गांधी सेतु की स्थिति को देखते हुए बनाया जा रहा नया पुल
पुराना हो चुके महात्मा गांधी सेतु की स्थिति को देखते हुए कुछ वर्ष पहले इसके सुपर स्ट्रक्चर में बदलाव किया गया था। यह फोरलेन ब्रिज अब पूरी तरह से सुरक्षित और यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने वाला है। इसके बाद भी गांधी सेतु पर वाहनों का काफी दबाव बढ़ गया था। इस समस्या से लोगों को स्थाई छुटकारा दिलाने के लिए केंद्र सरकार ने गांधी सेतु के समानांतर फोर लेन ब्रिज बनाने का सुझाव दिया था। इसके लिए सरकार ने 2926.42 करोड़ का बजट भी स्वीकृत किया।




साइन इन