कारगिल चौक से गायघाट तक नो एंट्री, पटना में ट्रैफिक व्यवस्था बदली; घर से निकलने से पहले समझ लें रूट
Patna Traffic News: इस दौरान अगमकुआं आरओबी से गायघाट आने वाले व्यावसायिक वाहन एनएमसीएच तक आएंगे तथा धनुकी मोड़/बिस्कोमान गोलंबर से गायघाट आने वाले व्यावसायिक वाहन डंका ईमली चौक तक आएंगे।
माघी पूर्णिमा पर आज राजधानी पटना की यातायात व्यवस्था बदली रहेगी। कारगिल चौक से पूरब गायघाट तक किसी भी प्रकार के वाहनों का परिचालन नहीं होगा। अशोक राजपथ में कारगिल चौक से गायघाट पुल नीचे तक के सभी इंट्री प्वाइंट बन्द रहेंगे। खजांची रोड से पटना कॉलेज/सायंस कॉलेज परिसर में श्रद्धालुओं के वाहनों की पार्किंग होगी। शनिवार की रात तीन बजे से रविवार को यातायात सामान्य होने तक यह व्यवस्था लागू रहेगी।
कारगिल चौक से पश्चिम शाहपुर तक सभी प्रकार के वाहनों का परिचालन होगा। गायघाट की ओर जाने वाले वाहन पुरानी बाइपास अथवा न्यू बाइपास से सीधे धनुकी मोड़, शीतला माता मंदिर अथवा बिस्कोमान गोलंबर से गायघाट की ओर चले जाएंगे और नजदीक के पार्किंग स्थल में पार्क करेंगे। गायघाट पुल के नीचे तक ऑटो एवं अन्य व्यावसायिक वाहनों के आने पर रोक रहेगी।
इस दौरान अगमकुआं आरओबी से गायघाट आने वाले व्यावसायिक वाहन एनएमसीएच तक आएंगे तथा धनुकी मोड़/बिस्कोमान गोलंबर से गायघाट आने वाले व्यावसायिक वाहन डंका ईमली चौक तक आएंगे। गायघाट पुल नीचे से परिचालन होने वाले ऑटो एवं व्यावसायिक वाहन अगमकुआं आरओबी के नीचे से बिस्कोमान गोलंबर से धनुकी मोड़ से पुरानी बाइपास होते हुए गांधी मैदान एवं अन्य जगहों पर जाएंगे।
गांधी मैदान की ओर से गायघाट/अशोक राजपथ में जाने वाले वाहन एग्जीबिशन रोड होते हुए राजेन्द्रनगर पुल से बहादुरपुर गुमटी होते हुए बाइपास, अगमकुआं से बाइपास थाना तक जाएंगे। पाटीपुल घाट/दीघा घाट/शिवा घाट/मीनार घाट (दीघा) घाटों पर आने वाले श्रद्धालुओं के वाहन संबंधित घाट के निर्धारित पार्किंग स्थल में अपना वाहन पार्क करेंगे और वहां से श्रद्धालु पैदल उक्त घाटों पर जाएंगे।
गेट नं 93, 88 एवं 83 घाट इन घाटों पर जाने वाले वाहन अशोक राजपथ से सीधे प्रवेश कर गंगा पथ के अंडर पास से जा सकते हैं और इन वाहनों की पार्किंग गंगापथ के उत्तर चिह्नित स्थलों पर की जाएगी। पहलवान घाट/बांस घाट पर जाने वाले वाहन अशोक राजपथ से उत्तर गंगा पथ अंडर पास से सीधे घाट की ओर पार्किंग स्थल तक जाएंगे एवं रास्ते के दाहिने एवं बाएं ओर निर्धारित पार्किंग स्थल में पार्क करेंगे।




साइन इन