पटना में दो गुटों के झगड़े में फायरिंग, सड़क किनारे बैठी महिला को गोली लग गई
पटना के बहादुरपुर में शुक्रवार रात दो गुटों के झगड़े में फायरिंग कर दी गई। सड़क किनारे बैठी एक महिला गोली लगने से घायल हो गईं। उन्हें गंभीर हालत में इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।

Patna Firing: पटना समेत बिहार में आपराधिक वारदातें थमने का नाम नही ले रही हैं। राजधानी से एक बार फिर फायरिंग की घटना सामने आई है। पटना के बहादुरपुर थाना क्षेत्र की झोपड़पट्टी के पास शुक्रवार रात स्थानीय युवकों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। थोड़े ही देर में दोनों गुटों के बीच मारपीट होने लगी। इसी दौरान एक युवक ने बंदूक निकालकर गोली चला दी। पास में सड़क किनारे बैठी एक महिला को गोली लग गई।
गोलीबारी से बहादुरपुर झोपड़पट्टी में अफरा तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही बहादुरपुर पुलिस मौके पर पहुंची। इस बीच दोनों गुटों के युवक भाग निकले। पुलिस ने जख्मी महिला को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। उनकी पहचान 45 वर्षीया बेबी देवी के रूप में हुई है। वह सड़क के किनारे फुटपाथ पर अंडा बेचती हैं।
घटनास्थल से पुलिस ने तीन बाइक बरामद की हैं। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज के जरिए बदमाशों की पहचान की जा रही है। डीएसपी डॉक्टर गौरव कुमार ने बताया कि फायरिंग के आरोपी बदमाशों की तलाश में छापेमारी की जा रही है। घटनास्थल पर पहुंच कर सिटी एसपी परिचय कुमार ने भी छानबीन की। उन्होंने कहा कि बदमाशों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
बता दें कि पटना में लगातार फायरिंग और हत्या की वारदातें हो रही हैं। दो दिन पहले पारस अस्पताल में घुसकर अपराधियों ने गैंगस्टर चंदन मिश्रा को गोलियों से भूनकर मौत के घाट उतार दिया था। इससे पहले शहर के नामी कारोबारी गोपाल खेमका की घर के बाहर गोली मारकर हत्या की गई थी।




साइन इन