Chandan Mishra killed with 20 bullets did Sheru give contract to Tausif Badshah चंदन मिश्रा को 20 से ज्यादा गोलियों से छलनी किया, शेरू ने तौसीफ बादशाह को दी थी सुपारी?, Bihar Hindi News - Hindustan
More

चंदन मिश्रा को 20 से ज्यादा गोलियों से छलनी किया, शेरू ने तौसीफ बादशाह को दी थी सुपारी?

पटना के पारस अस्पताल में गैंगस्टर चंदन मिश्रा हत्याकांड में कुख्यात शेरू सिंह का नाम आ रहा है। सूत्रों के अनुसार उसने ही तौसीफ बादशाह को पैसे देकर हायर किया था। तौसीफ और उसके साथियों ने 20 से ज्यादा गोलियां बरसा कर चंदन को मौत के घाट उतारा।

Sat, 19 July 2025 06:14 AMJayesh Jetawat हिन्दुस्तान, अपूर्व, पटना
share
चंदन मिश्रा को 20 से ज्यादा गोलियों से छलनी किया, शेरू ने तौसीफ बादशाह को दी थी सुपारी?

पटना के पारस अस्पताल में चंदन की हत्या करने के बाद शूटर तौसीफ उर्फ बादशाह अपनी मां, बहन, पिता और भाई को लेकर गयाजी के लिये निकला। वहां पर इन सभी को छोड़ने के बाद वह पश्चिम बंगाल के लिये भाग निकला। सूत्रों के अनुसार चंदन की हत्या पश्चिम बंगाल की पुरुलिया जेल में बंद शेरू सिंह ने करवाई थी। उसी ने सुपारी देकर शूटर हायर किए थे। पुलिस ने शुक्रवार को शेरू से जेल में पूछताछ भी की है। चंदन और शेरू एक समय दोस्त हुआ करते थे, दोनों ने मिलकर बक्सर में डेढ़ दशक पहले खूब आतंक मचाया था। हालांकि, बाद में उनके बीच गहरी दुश्मनी हो गई।

चंदन मिश्रा पटना के बेऊर जेल में सजा काट रहा था। वह पैरोल लेकर पारस अस्पताल में इलाज करा रहा था। गुरुवार सुबह तौसीफ समेत 5 अपराधी अस्पताल पहुंचे। उन्होंने अस्पताल के निजी वार्ड के कमरे में घुसकर चंदन पर करीब दो दर्जन राउंड गोलियां बरसाईं। 20 से ज्यादा गोलियां लगने से चंदन की मौके पर ही मौत हो गई।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:चंदन मिश्रा की हत्या के तार बंगाल से जुड़े; वर्चस्व की लड़ाई में मर्डर: ADG

शूटरों को दी गई मोटी रकम?

अनुमान जताया जा रहा है कि गैंगस्टर चंदन मिश्रा की हत्या के लिए शूटरों को मोटी रकम दी गई होगी। सभी शूटरों के पास हथियार थे। पुलिस ने सभी शूटरों की पहचान कर ली है। उनकी गिरफ्तारी के लिए एसटीएफ जगह-जगह छापेमारी कर रही है। तौसीफ बादशाह के बंगाल भागने की सूचना है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:मर्डर के बाद मस्ती… सरेआम पिस्टल लहराते भागे थे चंदन के हत्यारे, फोटो वायरल

बूढ़े पिता ने कांपते हाथों से दी चंदन को मुखाग्नि

चंदन मिश्रा का शुक्रवार को बक्सर में दाह-संस्कार किया गया। श्मशान घाट पर सैकड़ों लोग मौजूद रहे। हत्या के बाद चंदन के शव का पोस्टमार्टम कराया गया। इसके बाद उसे परिजनों के हवाले कर दिया गया। शुक्रवार को चंदन के दरवाजे पर काफी भीड़ रही। उसका शव दाह-संस्कार के लिए चरित्रवन स्थित श्मशान घाट ले जाया गया। सैकड़ों लोगों की मौजूदगी में बूढ़े पिता ने बरसती आंखों और कांपते हाथों से जवान बेटे को मुखाग्नि दी। उन्हें वहां मौजूद लोगों ने संभाला।

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।