पटना एयरपोर्ट के नए टर्मिनल में टाइल्स गिरी, वीडियो दिखा कर बोले तेजस्वी- ये है लूट का सबूत
Patna Airport Tiless Fell: रिपोर्ट के मुताबिक, अराइवल संख्या पांच के पास यह टाइल्स गिरने से पहले स्टील की रॉड से भी टकराई थी और इसकी वजह से तेज आवाज भी हुआ था। आवाज को सुनकर उस वक्त एयरपोर्ट पर मौजूद यात्री सहम उठे थे।

Patna Airport Tiless Fell: पटना एयरपोर्ट के नए टर्मिनल पर लगे टाइल्स के भरभराकर गिरने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है। बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने खुद यह वीडियो अपने एक्स हैंडल पर शेयर किया है। दावा किया जा रहा है कि पटना एयरपोर्ट पर टाइल्स गिरने से एक बड़ा हादसा टल गया है। हालांकि, लाइव हिन्दुस्तान डॉट कॉम इस वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। राजद नेता और विधायक तेजस्वी यादव ने इस वीडियो को शेयर कर एनडीए सरकार को घेरा है। तेजस्वी यादव ने इस वीडियो को एनडीए सरकार में मची लूट का सबूत बताया है।
वीडियो शेयर करते हुए तेजस्वी यादव ने लिखा, ‘पटना हवाई अड्डे की इमारत का गिरना शुरू।बिहार चुनाव से पहले आनन-फ़ानन में अर्धनिर्मित जयप्रकाश नारायण अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा, पटना के नए टर्मिनल का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 29 मई 2025 को किया था। अब कुछ महीनों में ही टर्मिनल परिसर में लगी टाइल्स गिरने लगी है। संयोग से ये टाइल्स किसी यात्री अथवा एयरपोर्ट कर्मचारी के ऊपर नहीं गिरा अन्यथा बड़ी दुर्घटना हो सकती थी। भ्रष्ट भाजपाई और उसके सिंडिकेट के द्वारा मची लूट का इससे बड़ा प्रमाण और क्या हो सकता है? सच्चाई यही है कि NDA नेता अपने वफादार ठेकेदारों से घटिया काम करवा कर जनता की कमाई का बंदरबांट कर लेते हैं।’
इस वीडियो को लेकर कुछ मीडिया रिपोर्ट में दावा किया जा रहा है कि टाइल्स गिरने की घटना मंगलवार को पटना एयरपोर्ट के अराइवल एरिया में हुई है। रिपोर्ट के मुताबिक, अराइवल संख्या पांच के पास यह टाइल्स गिरने से पहले स्टील की रॉड से भी टकराई थी और इसकी वजह से तेज आवाज भी हुआ था। आवाज को सुनकर उस वक्त एयरपोर्ट पर मौजूद यात्री सहम उठे थे।
कहा जा रहा है कि राहत की बात यह रही कि एस टाइल्स की चपेट में कोई यात्री नहीं आया। जिसकी वजह से बड़ी अनहोनी टल गई। यह भी कहा जा रहा है कि टाइल्स के गिरने के बाद वहां तुरंत पहुंचे एयरपोर्ट प्रबंधन और सुरक्षा कर्मियों ने टाइल्स को वहां से हटाया औऱ स्थिति को संभाला।




साइन इन