paras hospital kept child in icu after death for money people creats ruckus fight with police बच्चे की मौत के बाद भी पैसों के लिए शव ICU में रखा, पटना के पारस अस्पताल में तोड़फोड़; पुलिस से हाथापाई, Bihar Hindi News - Hindustan
More

बच्चे की मौत के बाद भी पैसों के लिए शव ICU में रखा, पटना के पारस अस्पताल में तोड़फोड़; पुलिस से हाथापाई

परिजनों का कहना है कि बच्चे को तुरंत पारस अस्पताल लाया गया तथा आईसीयू में भर्ती कराया गया। सोमवार को किशोर की मौत होने के बाद परिजन भड़क गए। उनका आरोप था कि बच्चे की मौत हो गई थी, लेकिन इसके बाद भी केवल पैसा लेने के लिए उसे आईसीयू में रखा गया।

Tue, 28 April 2026 07:52 AMNishant Nandan हिन्दुस्तान प्रतिनिधि, पटना
share
बच्चे की मौत के बाद भी पैसों के लिए शव ICU में रखा, पटना के पारस अस्पताल में तोड़फोड़; पुलिस से हाथापाई

पटना के राजाबाजार स्थित पारस एचएमआरआई हॉस्पिटल में सोमवार की दोपहर साढ़े तीन बजे एक किशोर की मौत के बाद जमकर हंगामा हुआ। मौत के बाद परिजन शव को सड़क पर रखकर प्रदर्शन करने लगे और पथराव किया। पथराव में अस्पताल के शीशे, गमले टूट गए। वहीं पार्किंग में खड़ी गाड़ियों को भी नुकसान पहुंचा। प्रदर्शन के कारण नेहरू पथ की एक लेन डेढ़ घंटे तक जाम रही। हंगामा की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस के साथ भी लोगों ने हाथापाई की। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में उपचार में लापरवाही बरती गई। बाद में पुलिस ने किसी तरह परिजनों को समझाकर वहां से हटाया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। इस बाबत फुलवारी में हत्या का मामला दर्ज किया गया।

वहीं तोड़फोड़ मामले में शास्त्रीनगर में भी प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपित रिटायर दारोगा के पुत्र रजनीश कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है। रूपसपुर थाना क्षेत्र के महुआबाग टहलटोला में बिहारशरीफ निवासी ऋषि कुमार का 15 वर्षीय विशाल कुमार रविवार को दोस्तों के साथ क्रिकेट खेल रहा था।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:बिहार में बदमाशों ने पति-पत्नी और बच्चे को मारी गोली, नाक-कान से गहने नोच लिए
ये भी पढ़ें:55% जमीन वापस करेगी सरकार, 4 गुना मिलेगा दाम; टाउनशिप पर सम्राट सरकार का प्लान

परिजनों का आरोप है कि एक रिटायर्ड दारोगा के बेटे से किसी बात पर विवाद हो गया। उसने विशाल के सिर पर क्रिकेट बैट से हमला कर दिया। इससे वह मौके पर ही बेहोश हो गया। उसे तुरंत पारस अस्पताल लाया गया तथा आईसीयू में भर्ती कराया गया। सोमवार को किशोर की मौत होने के बाद परिजन भड़क गए। उनका आरोप था कि बच्चे की मौत हो गई थी, लेकिन इसके बाद भी केवल पैसा लेने के लिए उसे आईसीयू में रखा गया।

हालांकि अस्पताल प्रशासन की ओर से उन्हें उपचार को लेकर की गई व्यवस्था के बारे में समझाने की भरपूर कोशिश की गई, लेकिन परिजन नहीं माने। विशाल इकलौता पुत्र था। उसकी तीन बहनें हैं। टहलटोला में ननिहाल है और वहीं पर रहता था।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:भूतनाथ-मलाही पकड़ी के बीच मेट्रो मई से, सीएम सम्राट ने काम में तेजी का दिया आदेश

पथराव होते ही मची भगदड़

परिजन और उनके साथ आए लोगों ने किशोर की मौत के बाद अस्पताल के शीशे, गमले और अन्य समान को तोड़ने लगे। इससे अफरातफरी मच गई। पथराव होता देखकर वहां भगदड़ की स्थिति हो गई।

अतिरिक्त पुलिस बल मंगाना पड़ा

लोगों का अस्पताल प्रशासन के प्रति गुस्सा इतना था कि सूचना पर पहुंची पुलिस के साथ भी हाथापाई करने लगे। कुछ पुलिसकर्मियों को हल्की चोटें भी आई है। अंत में पुलिस को पीछे हटना पड़ा। जिला नियंत्रण कक्ष की सूचना पर पारस हॉस्पिटल के पास अतिरिक्त पुलिस बल को भेजा गया। व्रज वाहन भी मंगा लिया गया।

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।