Pappu Yadav bail hearing postponed second bomb threat in Patna court within 48 hours पप्पू यादव की जमानत पर सुनवाई टली, पटना कोर्ट में बम की 48 घंटे में दूसरी अफवाह, Bihar Hindi News - Hindustan
More

पप्पू यादव की जमानत पर सुनवाई टली, पटना कोर्ट में बम की 48 घंटे में दूसरी अफवाह

सांसद पप्पू यादव फिलहाल जेल में ही रहेंगे। गिरफ्तारी के दौरान हंगामा करने के मामले में उनकी जमानत पर सुनवाई बुधवार को नहीं हो सकी। पटना सिविल कोर्ट में 48 घंटे के भीतर दो बार बम की सूचना से कई केस की सुनवाई नहीं हो सकी।

Wed, 11 Feb 2026 08:43 PMJayesh Jetawat हिन्दुस्तान प्रतिनिधि, पटना
share
पप्पू यादव की जमानत पर सुनवाई टली, पटना कोर्ट में बम की 48 घंटे में दूसरी अफवाह

बिहार के पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव की जमानत पर सुनवाई बुधवार को स्थगित हो गई। सांसद के साथ बीते तीन दिनों में दूसरी बार ऐसा हुआ है। दरअसल, बुधवार को पटना सिविल कोर्ट में बम की सूचना से एक बार फिर हड़कंप मच गया। सुरक्षा की दृष्टि से पूरे कोर्ट परिसर को खाली करा दिया गया। साथ ही सभी केस की सुनवाई को टाल दिया गया। पटना की अदालत को बीते 48 घंटे में दूसरी बार बम से उड़ाने की धमकी ईमेल के जरिए मिली। बीते सोमवार को भी कोर्ट में बम होने की अफवाह फैली थी, जिस कारण सांसद पप्पू यादव के मामले की सुनवाई टाली गई थी।

बम की अफवाह से बुधवार को पटना सिविल कोर्ट के सेशन कोर्ट, मजिस्ट्रेट और दिवानी कोर्ट के एक हजार से अधिक मुकदमों की सुनवाई नहीं हो सकी। इसके अलावा जेल में बंद दर्जनों आरोपियों की जमानत और आपराधिक मुकदमों के आरोपियों की दर्जनों अग्रिम जमानत पर सुनवाई नहीं हो पाई। एमपी-एमएलए की विशेष अदालत में बेऊर जेल में बंद पूर्णिया सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव की जमानत पर सुनवाई भी नहीं हुई।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:एक ईमेल की वजह से टल गई पप्पू यादव की जमानत पर सुनवाई, अभी जेल में ही रहेंगे

बम की अफवाह के कारण सिविल कोर्ट परिसर को सुबह 8 बजे से लेकर दो बजे दिन तक सील कर दिया गया था। दोपहर दो बजे के बाद सिविल कोर्ट प्रशासन की ओर से न्यायिक कार्य करने की सूचना दी गई और उसके बाद कोर्ट परिसर को आम लोगों के लिए खोल दिया गया।

वहीं पटना जिला अधिवक्ता संघ की ओर से एक अधिवक्ता की मृत्यु हो जाने पर दोपहर दो बजे के बाद संघ के वकीलों ने श्रद्धांजलि सभा की और अपने आपको न्यायिक कार्य से अलग कर लिया। दोपहर बाद वकीलों द्वारा न्यायिक कार्य नहीं किया गया। इससे सिविल कोर्ट की सभी अदालतों में मुकदमों की सुनवाई बाधित रही।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:पप्पू यादव को एक केस में जमानत, दूसरे में रिमांड पर ले लिया; जेल से नहीं छूटेंगे

दो बार टली पप्पू यादव की जमानत पर सुनवाई

पटना के पुनईचक में 31 साल पुराने मकान पर कब्जा करने के मामले में सांसद पप्पू यादव को पिछले सप्ताह शुक्रवार आधी रात को पुलिस ने गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के दौरान सांसद के समर्थकों ने हंगामा किया था, जिसकी अलग से एफआईआर बुद्धा कॉलोनी थाने में दर्ज की गई। शनिवार को उन्हें पटना की एमपी एमएलए विशेष कोर्ट में पेश किया गया, जहां से सांसद को बेऊर जेल भेज दिया गया।

सोमवार को पटना सिविल कोर्ट परिसर में बम की सूचना से पप्पू यादव की जमानत पर सुनवाई नहीं हो सकी। फिर मंगलवार को उन्हें कोर्ट में पेश किया गया। अदालत ने उन्हें 31 साल पुराने केस में तो जमानत दे दी, लेकिन हंगामे वाले केस में पप्पू यादव को रिमांड पर ले लिया गया। अब इस केस की बुधवार को सुनवाई होनी थी लेकिन वो भी बम की सूचना से अदालत परिसर बंद होने की वजह से टल गई। फिलहाल सांसद बेऊर जेल में बंद हैं।

(पटना से हिन्दुस्तान प्रतिनिधि की रिपोर्ट के आधार पर)

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:जेल में इंजेक्शन से हत्या की साजिश, पुलिस पर भरोसा नहीं; जज से बोले पप्पू यादव
लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।