जेल में इंजेक्शन देकर हत्या की साजिश, पुलिस पर भरोसा नहीं; जज से गुहार लगाने लगे पप्पू यादव
सांसद पप्पू यादव ने जेल के अंदर अपनी हत्या की साजिश रचे जाने का आरोप लगाया है। उन्होंने दावा किया है कि पटना के बेऊर जेल में उनकी जान को खतरा है, उन्हें पुलिस पर भी भरोसा नहीं है।

जेल में बंद बिहार के पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव ने अपनी जान को खतरा बताया है। पटना की एमपी एमएलए स्पेशल कोर्ट में सुनवाई के दौरान सांसद ने पुलिस और जेल प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि बेऊर जेल के अंदर किसी तरह का इंजेक्शन देकर उनकी हत्या कराई जा सकती है। जज से उन्होंने सुरक्षा की गुहार लगाते हुए कहा कि उन्हें स्थानीय पुलिस पर भरोसा नहीं है।
सांसद पप्पू यादव को जब मंगलवार को पटना की अदालत में जमानत अर्जी पर सुनवाई के लिए लाया गया, तभी उन्होंने जज से यह गुहार लगाई। सांसद ने न्यायाधीश से कहा कि पुलिस उनका इलाज नहीं करा रही है। हो सकता है कि किसी प्रकार का इंजेक्शन देकर हत्या कर दी जाए।
सांसद ने बंदी आवेदन पर लिखित और मौखिक रूप से अदालत को कहा कि पुलिस रात में जिस तरह सादे कपड़े पहन कार्रवाई करने पहुंची, उससे लगता है कि साजिश के तहत उनकी हत्या करवाई जा सकती है।
31 साल पुराने केस में पप्पू यादव को बेल, 4 दिन पुराने मामले में रिमांड
बता दें कि पटना की एमपी-एमएलए स्पेशल कोर्ट ने गर्दनीबाग थाने में दर्ज 31 साल पुराने मामले में पप्पू यादव को मंगलवार को जमानत दे दी। हालांकि, वे अभी जेल में ही रहेंगे। पटना पुलिस ने पिछले सप्ताह 6 फरवरी की आधी रात को उनकी गिरफ्तारी के दौरान हुए हंगामे को लेकर सांसद के खिलाफ बुद्धा कॉलोनी थाने में अलग से मामला दर्ज किया। उसमें पप्पू यादव को रिमांड पर भेजने का आदेश दिया गया है। इस केस की सुनवाई अब बुधवार को होगी।
अदालत में मंगलवार को सुनवाई के दौरान तीन सरकारी वकीलों ने जमानत का विरोध किया। उन्होंने कोर्ट से आरोपी पप्पू यादव को 3-4 दिन जेल में ही रखे जाने की मांग की। सरकारी वकीलों की ओर से 31 साल पुराने गर्दनीबाग थाना वाले केस की सुनवाई एक दिन के लिए टालने का अनुरोध किया। हालांकि, सांसद के वकील के अनुरोध पर जज ने आज ही सुनवाई की और बेल दे दी।
आधी रात को गिरफ्तारी पर हुआ था बवाल
पप्पू यादव के खिलाफ पटना के गर्दनीबाग थाने में मकान कब्जाने और जालसाजी का एक मामला दर्ज है। 1995 के इस केस में पटना पुलिस बीते शुक्रवार की रात को उन्हें मंदिरी आवास पर गिरफ्तार करने पहुंची थी। पहले वारंट को लेकर पप्पू यादव की पुलिस से बहस हुई। फिर समर्थकों ने विरोध जताते हुए हंगामा कर दिया। गहमागहमी के बीच पुलिस ने सांसद को आधी रात को गिरफ्तार किया था।
पटना की अदालत में उन्हें शनिवार को पेश किया गया, जहां से उन्हें बेऊर जेल भेजा गया। हालांकि, कोर्ट के निर्देशानुसार सांसद को एक दिन पीएमसीएच के कैदी वार्ड में रखा गया। तबीयत में सुधार आने पर रविवार को उन्हें जेल में शिफ्ट कर दिया गया। बीते तीन दिनों से पप्पू यादव बेऊर जेल में हैं। अब बुधवार को उन्हें दूसरे मामले में भी जमानत मिल जाती है तो ही वे जेल से रिहा हो पाएंगे।
(पटना से हिन्दुस्तान संवाददाता की रिपोर्ट)




साइन इन