pakistan attack on india economy sending fake currency in bihar through nepal भारत की इकोनॉमी पर चोट! पाकिस्तान में छपे नकली नोट नेपाल के रास्ते पहुंच रहा बिहार, Bihar Hindi News - Hindustan
More

भारत की इकोनॉमी पर चोट! पाकिस्तान में छपे नकली नोट नेपाल के रास्ते पहुंच रहा बिहार

नेपाल बॉर्डर इलाके से भारत में नकली नोट की खेप पहुंचने के बाद बिहार एसटीएफ ने मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी, मोतिहारी, दरभंगा, मधुबनी आदि जिले की पुलिस को अलर्ट किया है। तिरहुत रेंज के डीआईजी चंदन कुशवाहा ने भी इसको लेकर सूचना जुटाने का निर्देश दिया है।

Wed, 4 Feb 2026 11:48 AMNishant Nandan हिन्दुस्तान, प्रधान संवाददाता, पटना
share
भारत की इकोनॉमी पर चोट! पाकिस्तान में छपे नकली नोट नेपाल के रास्ते पहुंच रहा बिहार

पाकिस्तान में छपे सौ और दो सौ के जाली भारतीय नोट बड़े पैमाने पर नेपाल के रास्ते बिहार पहुंच रहे हैं। नेपाल सीमा पार कराकर इन नोटों को बिहार के विभिन्न बाजारों में पहुंचाया जा रहा है। छोटे नोट होने के कारण आसानी से मार्केट में खपा दिया जा रहा है। पाकिस्तानी एजेंट नेपाली के साथ बिहार व उत्तर प्रदेश तस्करों के जरिए नकली नोट की खेप भेज रहे हैं। बिहार भेजे जा रहे नकली नोट की क्वालिटी उत्तम ग्रेड की मिली है। इसे साधारण तौर पर पकड़ना मुश्किल होता है। इसका फायदा उठाकर बाजारों में नकली नोट खपाया जा रहा है।

बिहार एसटीएफ ने बीते 30 जनवरी को मोतिहारी के हरैया थाना इलाके में नेपाल के बागमती प्रदेश के नकली नोट तस्कर तिलक बहादुर और बारा जिला के गमरगावा निवासी सरोज कुमार की गिरफ्तारी के बाद इसका खुलासा किया था। दोनों नेपाली तस्करों के पास से 18 हजार 500 रुपये के जाली भारतीय नोट जब्त किए गए थे। दोनों से पूछताछ के बाद मोतिहारी पुलिस ने सीतामढ़ी जिले के मेजरगंज से छह व मधुबनी के एक अन्य नकली नोट तस्करों को गिरफ्तार किया। इनके पास से नकली नोट छपाई वाले कागज भी मिले हैं।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:बिहार में सड़क पर युवक का गला रेता, बहू के प्रेमी पर मर्डर करने का आरोप

इससे पहले 29 जनवरी को बिहार एसटीएफ और एसएसबी की टीम ने सीमा पर मधुबनी के हरलाखी में स्थानीय नकली नोट तस्कर मुकेश महतो व सिलकर पंडित को 34 हजार 600 रुपये के जाली भारतीय नोट के साथ गिरफ्तार किया था। दोनों तस्करों के पास से 173 पीस 200 रुपये के नकली नोट मिले थे। नोट की क्वालिटी व छपाई बेहतरीन थी कि उसे पहचान पाना आसान नहीं था। मधुबनी के नो मेन्स लैंड में मंगलवार को 14 लाख का जाली भारतीय नोट जब्त किए गए हैं।

दो तस्करों को एसएसबी ने पकड़ा है। लगातार नेपाल बॉर्डर इलाके से भारत में नकली नोट की खेप पहुंचने के बाद बिहार एसटीएफ ने मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी, मोतिहारी, दरभंगा, मधुबनी आदि जिले की पुलिस को अलर्ट किया है। तिरहुत रेंज के डीआईजी चंदन कुशवाहा ने भी इसको लेकर वैशाली, मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी और शिवहर जिले की पुलिस को सतर्क रहने और सूचना जुटाने का निर्देश दिया है।

एसटीएफ को नेपाल सीमा इलाके में किया गया सक्रिय

बड़े पैमाने पर नकली नोट और मादक पदार्थ की खेप नेपाल बॉर्डर से बिहार में भेजे जाने का सुराग मिलने के बाद बिहार एसटीएफ की विशेष टीम नेपाल बॉर्डर इलाके व आसपास के जिलों में सक्रिय हो गई है। सीमाई जिलों में यह विशेष टीम छापेमारी व सूचना जुटाने में सक्रिय है। सर्विलांस के जरिए बाजार में नकली नोट खपाने वाले स्थानीय तस्करों की हर गतिविधि को खंगाला जा रहा है।

तस्करों के जब्त 13 मोबाइल से मिले बड़े नेटवर्क के सुराग

मोतिहारी और मधुबनी में गिरफ्तार हुए नकली नोट तस्करों के पास से विशेष टीम ने 13 मोबाइल जब्त किए हैं। इन मोबाइल को खंगालने से प्रारंभिक तौर पर टीम को नकली नोट के बड़े नेटवर्क का सुराग मिला है। दर्जनों संदिग्धों की सूची बनाकर बिहार एसटीएफ आगे की कार्रवाई में जुटी है। नकली नोट के तस्करों के मोबाइल में नेपाल से लेकर बिहार और उत्तर प्रदेश तक के नोट धंधेबाजों के सुराग मिलने की बात बताई जा रही है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:बिहार में ब्लू ड्रम कांड, प्रेमिका के पति के टुकड़े करने वाला प्रेमी दोषी करार
लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।