बिहार में सड़क पर पटक चाकू से युवक का गला रेता, बहू के प्रेमी पर दोस्तों संग मिल मर्डर करने का आरोप
पति ने अपनी पत्नी का मोबाइल चेक किया। इसमें उसके प्रेमी के साथ चैटिंग, वीडियो कॉल का स्क्रीन शॉट व फोटो मिले। इसको लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ। इसके बाद पत्नी घर से निकल गयी। बहू ने कॉल कर अपने प्रेमी को इसकी सूचना दे दी।

बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में नगर थाना क्षेत्र के गरीबस्थान मंदिर से सटे केपी पथ में बदमाशों ने माखन साह चौक निवासी पान दुकानदार मनोज कुमार(27) को पटककर चाकू से गला रेत दिया। घटना मंगलवार की रात करीब नौ बजे की है। उसे लहूलुहान पड़े देखकर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मनोज को सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलने के बाद नगर एएसपी टाउन वन सुरेश कुमार व नगर थानेदार अनोज कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया। एएसपी ने बताया कि आपसी रंजिश में दुकानदार की हत्या की गयी है। मृतक की मां का बयान दर्ज किया जा रहा है। हत्यारोपित युवक की गिरफ्तारी को छापेमारी की जा रही है।
बहू के प्रेमी पर हत्या का आरोप
नगर थाना क्षेत्र के केपी पथ में पान दुकानदार मनोज कुमार (27) की हत्या में उसकी मां मुन्नी देवी ने बहू के आशिक और उसके अन्य साथियों पर ही हत्या का आरोप लगाया है। उसने पुलिस को बताया कि मनोज माखन साह चौक के पास ही पान की गुमटी चलाता था। उसकी दस साल पहले निशू देवी से शादी हुई थी। उसको दो पुत्री पायल कुमारी (08) व पल्लवी कुमारी (06) है।
बहू का लंबे समय से गरीबस्थान मंदिर के समीप एक आभूषण दुकान में काम करने वाले कारीगर से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। पुलिस को बताया कि मनोज ने मंगलवार की सुबह अपनी पत्नी का मोबाइल चेक किया। इसमें उसके प्रेमी के साथ चैटिंग, वीडियो कॉल का स्क्रीन शॉट व फोटो मिले। इसको लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ।
इसके बाद पत्नी घर से निकल गयी। बहू ने कॉल कर अपने प्रेमी को इसकी सूचना दे दी। फिर मनोज कुमार को किसी ने फोन कर बुलाया। मनोज बात करते हुए घर से बाहर निकल। अनहोनी की आशंका पर वह भी दौड़ते हुए बेटे के पीछे दुर्गा स्थान तक गयी।
लेकिन वह निकल गया। कुछ देर बाद सूचना मिली कि गरीबस्थान मंदिर से सटे केपी गली में उसका बेटा का गला रेत दिया गया है। पुलिस बाइक पर ले गई सदर अस्पताल : घटना की सूचना मिलने के बाद नगर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। मनोज कुमार को बाइक पर लादकर सदर अस्पताल ले गयी। लेकिन, वहां पहुंचते ही डॉक्टरों ने मनोज को मृत घोषित कर दिया। स्थानीय लोगों का कहना है कि अत्यधिक ब्लीडिंग होने से मनोज की मौत हो गई।




साइन इन