ओमान की कंपनी बनाएगी पटना-सासाराम फोरलेन, बिहार का दूसरा एक्सेस कंट्रोल्ड हाइवे होगा
पटना से भोजपुर होकर सासाराम तक 120 किलोमीटर नेशनल हाइवे को ओमान की कंपनी बनाएगी। दरभंगा के बाद यह बिहार का दूसरा एक्सेस कंट्रोल्ड हाइवे होगा। इसका निर्माण कार्य जल्द शुरू होने वाला है। इसके बनने से सफर का समय आधा हो जाएगा।

बिहार की राजधानी पटना से भोजपुर होते हुए सासाराम तक बनने वाले फोरलेन हाइवे को ओमान की गल्फर इंजीनियरिंग एंड कंस्ट्रक्शन कंपनी बनाएगी। बिहार में दरभंगा के बाद यह दूसरा एक्सेस कंट्रोल्ड (गति नियंत्रित) नेशनल हाइवे होगा। इस सड़क की लंबाई 120 किलोमीटर है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण इसका निर्माण कर रहा है। एजेंसी को अब सिर्फ फाइनेंशियल क्लोजर रिपोर्ट दिखाना है। इसके बाद निर्माण कार्य शुरू कर देगी। एक से दो महीने यह प्रक्रिया पूरी हो जाएगी। इस एक्सेस कंट्रोल्ड सड़क के बनने से पटना से सासाराम तक का सफर 4 घंटे के बदले दो घंटे में पूरा होगा।
यह पूरा प्रोजेक्ट दो चरणों में पूरा होगा। पहले चरण में पटना से भोजपुर तक 46 किलोमीटर लंबे एनएच का निर्माण होगा। दूसरे भाग में आरा से सासाराम तक 74 किलोमीटर लंबी सड़क बनेगी। इससे पटना से सासाराम और शाहाबाद के अन्य इलाकों तक आना-जाना आसान हो जाएगा। अरवल जिले में जाने के लिए इसका इस्तेमाल होगा। जीटी रोड से कनेक्टिविटी से पटना से बनारस या उससे आगे आने-जाने का नया विकल्प मिलेगा।
आधा हो जाएगा सफर का समय
अभी सासाराम से पटना के बीच सफर स्टेट हाइवे-2 और स्टेट हाइवे-81 से पूरा होता है। लेकिन नए फोरलेन एक्सेस कंट्रोल्ड हाइवे का काम पूरा होने के बाद इन दोनों शहरों के बीच की 120 किलोमीटर की दूरी महज दो घंटे में पूरी होगी। इससे लोगों के समय और पैसे दोनों की बचत होगी। इस एक्सप्रेस-वे का डिजाइन एक्सेस-कंट्रोल्ड है, जिससे इस पर सीमित स्थानों से ही प्रवेश और निकास होगा। इससे दुर्घटना की संभावना कम होगी। राज्य में ट्रांसपोर्ट सुविधा और बेहतर हो जाएगी।
इन शहरों को फायदा मिलेगा
पटना-भोजपुर-सासाराम वाली इस सड़क को 2028 तक बनाने का लक्ष्य है। यह ग्रीनफील्ड हाइवे पटना से भोजपुर के कई हिस्सों से गुजरती हुई सासाराम के सुअरा तक जाएगी। यह ग्रीनफील्ड हाइवे एनएच-19, एनएच-319, एनएच-922, एनएच-131जी और एनएच-120 से होकर गुजरेगी। यह प्रोजेक्ट बिहार स्टेट हाइवे की एसएच-12, एसएच-102, एसएच-2 और एसएच-81 को भी जोड़ेगा। इसके बनने से पटना, भोजपुर, अरवल, रोहतास और सासाराम जिले के लोगों को फायदा होगा।
बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी
पटना-भोजपुर-सासाराम कॉरिडोर बनने से पीरो, नौबतपुर, अरवल, सहार, हसन बाजार, संझौली और नोखा के लोगों को राहत मिलेगी। पटना से भोजपुर, अरवल, रोहतास होते हुए बनारस जाना आसान हो जाएगा। पटना, भोजपुर, अरवल, रोहतास और सासाराम में कनेक्टिविटी बेहतर हो जाएगी।
एनएचएआई के परियोजना निदेशक अरविंद कुमार ने कहा कि पटना-सासाराम एक्सेस कंट्रोल्ड नेशनल हाइवे का निर्माण जल्द शुरू होगा। संवेदक (ठेकेदार) का चयन हो चुका है। संवदेक फाइनेंशियल क्लोजर दिखाएगा और काम शुरू होगा। 2028 तक सड़क बन जाएगी।




साइन इन