आमस-दरभंगा एक्सप्रेसवे और राम जानकी मार्ग के निर्माण में सुस्ती, एजेंसियों पर ऐक्शन होगा
बिहार सरकार ने आमस-दरभंगा एक्सप्रेसवे और राम जानकी मार्ग के निर्माण कार्य में सुस्ती पर नाराजगी जाहिर की है। मुख्य सचिव ने इन दोनों प्रोजेक्ट में लगी एजेंसियों के खिलाफ कार्रवाई की बात कही है।

आमस-दरभंगा एक्सप्रेसवे और राम जानकी मार्ग के निर्माण कार्य पर सुस्ती पर बिहार सरकार ने नाराजगी जताई है। अब सरकार ने इनके निर्माण में लगी एजेंसियों पर ऐक्शन की तैयारी कर ली है। इन दोनों हाइवे प्रोजेक्ट का काम इस साल (2025) के अंत तक पूरा होने का लक्ष्य रखा गया था। मगर निर्माण की मौजूदा गति को देखकर लगता नहीं है कि काम समय पर पूरा हो पाएगा। ऐसे में इन एजेंसियों की सिक्योरिटी राशि जब्त की जा सकती है। साथ ही उनसे काम छीनकर नए सिरे से निविदा जारी कर किसी अन्य एजेंसी से काम कराया जा सकता है।
बिहार के मुख्य सचिव अमृतलाल मीणा ने बुधवार को प्रोजेक्ट मॉनिटरिंग ग्रुप की बैठक की। इसमें आमस-दरभंगा एक्सप्रेसवे और राम जानकी मार्ग प्रोजेक्ट की समीक्षा की गई। इसमें यह बात सामने आई कि निर्माणाधीन आमस-दरंभगा हाइवे की प्रगति भी असंतोषजनक है। इसके लिए एजेंसी पर कार्रवाई करने का निर्णय लिया गया।
इस एक्सप्रेसवे के तीन पैकेजों का काम चल रहा है। इन पैकेजों में आमस से शिवरामपुर, शिवरामपुर से रामनगर और बिदुपुर से ताल दशहरा के बीच निर्माण जारी है। मगर उनकी प्रगति निराशाजनक है। इसी तरह राम-जानकी मार्ग में सीवान से मशरख हिस्से में धीमी गति के लिए एजेंसी पर कार्रवाई की अनुशंसा करने का निर्णय लिया गया है।
उत्तर और दक्षिण बिहार को जोड़ेगा आमस-दरभंगा एक्सप्रेसवे
यह एक्सप्रेसवे भारतमाला परियोजना का हिस्सा है। यह दक्षिण बिहार में गया जिले के आमस से शुरू होकर उत्तर में दरभंगा जिले को जोड़ेगा। इस 6 लेन ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे की लंबाई 189 किलोमीटर है। इसके बनने के बाद गया, औरंगाबाद, पटना, मधुबनी, समस्तीपुर जिलों के आवागमन में काफी सुविधा होगी।
अयोध्या से सीतामढ़ी होकर जनकपुर तक राम-जानकी मार्ग
राम जानकी मार्ग के तहत भगवान राम की जन्मस्थली अयोध्या को मां सीता की जन्मस्थली से जोड़ने की योजना है। अयोध्या से सीतामढ़ी होकर नेपाल के जनकपुर तक आवागमन सुगम बनाने के लिए यह मार्ग बनाया जा रहा है। बिहार में यह गोपालगंज जिले के हामिदपुर से शुरू होकर सीतामढ़ी जिले के सुरसंड और भिट्ठा मोड़ तक बनेगा।




साइन इन