विजय सिन्हा ने कर दी सम्राट चौधरी की राह आसान? बोले- मैं सेवक की रेस में हूं, बाकी किसी रेस में नहीं
विजय सिन्हा ने मीडिया से बातचीत में कहा, 'मैं सीएम की रेस में नहीं हूं। मैं सेवक की रेस में हूं और बाकी किसी रेस में नहीं हूं।' विजय सिन्हा ने कहा कि सरकार कल भी एनडीए की थी, आज भी है और कल भी एनडीए की ही सरकार रहेगी। ना कोई बड़ा भाई और ना कोई छोटा भाई होगा।'
नीतीश कुमार के राज्यसभा में जाने के बाद बिहार का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा? इसे लेकर कई नामों की चर्चा लोग आपस में कर रहे हैं। हालांकि, बिहार के नए सीएम को लेकर अभी सिर्फ अटकलें ही लगाई जा रही हैं क्योंकि अभी तक नए नाम का ऐलान नहीं हुआ है। नए सीएम को लेकर बिहार के मौजूदा डिप्टी सीएम विजय सिन्हा के नाम की भी अटकलें हैं। इस बीच अब खुद विजय सिन्हा ने बिहार के नए सीएम को लेकर बड़ी बात कही है। नए सीएम को लेकर विजय सिन्हा ने जो कुछ भी कहा उसके बाद यह सवाल उठने लगे हैं कि क्या विजय सिन्हा ने सम्राट चौधरी की राह अगले सीएम की रेस में आसान कर दी है।
विजय सिन्हा ने मीडिया से बातचीत में कहा, 'मैं सीएम की रेस में नहीं हूं। मैं सेवक की रेस में हूं और बाकी किसी रेस में नहीं हूं।' विजय सिन्हा ने आगे कहा, ‘सरकार कल भी एनडीए की थी, आज भी है और कल भी एनडीए की ही सरकार रहेगी। ना कोई बड़ा भाई और ना कोई छोटा भाई होगा। भाई-भाई होता है। भाई का साथ सामाजिक सदभाव बढ़ाएगा और बिहार में समृद्धि लाएगा तथा बिहार में विकास लाएगा।’
उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा लखीसराय पहुंचे थे। अपने आवास पर जन संवाद कार्यक्रम में विजय सिन्हा ने आम जनता की फरियाद भी सुनी है। इस दौरान उन्होंने वहां मौजूद अधिकारियों को अहम निर्देश भी दिए। डिप्टी सीएम ने यहां कई योजनाओं क शिलान्यास भी किया। विजय सिन्हा ने पार्टी कार्यकर्ताओं को सेवाभाव से राजनीति करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को जनसेवा को ही प्राथमिकता देनी चाहिए।
बता दें कि बिहार के मौजूदा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राज्यसभा के लिए चुन लिए गए हैं। ऐसी अटकलें लगाई जा रही हैं कि नीतीश कुमार 12 अप्रैल को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे सकते हैं। इसके बाद बिहार में नई सरकार का गठन हो सकता है। नीतीश कुमार के बाद बिहार का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा, इसको लेकर जिन नामों की चर्चा हो रही है उनमें- डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी, विजय सिन्हा, केंद्रीय गृहराज्य मंत्री नित्यानंद राय, दिलीप जायसवाल समेत कुछ अन्य नाम शामिल हैं। हालांकि, नए सीएम की रेस में सबसे ज्यादा सम्राट चौधरी की ही चर्चा हो रही है। बिहार के अगले सीएम को लेकर एनडीए के कई नेता यह कह चुके हैं कि नए सीएम के नाम को लेकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की राय सबसे अहम होगी। एनडीए के नेता आपस में बैठ कर नया चेहरा तय करेंगे।




साइन इन