Now weavers will receive 15 000 each find out what Nitish government mega plan अब बुनकरों के खाते में आएंगे-15-15 हजार; जानिए क्या है नीतीश सरकार का मेगा प्लान, Bihar Hindi News - Hindustan
More

अब बुनकरों के खाते में आएंगे-15-15 हजार; जानिए क्या है नीतीश सरकार का मेगा प्लान

राज्य के बुनकरों को नीतीश सरकार 15-15 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देगी। ये रकम शुरुआती काम के लिए दी जाएगी। जिसके लिए एक करोड़ आवंटित भी कर दिया गया है। सरकार तत्काल निबंधित बुनकरों को इस योजना का सीधा लाभ देगी और उन्हें कार्यपूंजी के रूप में यह राशि उपलब्ध कराएगी।

Mon, 5 Jan 2026 10:48 PMsandeep हिन्दुस्तान ब्यूरो, पटना
share
अब बुनकरों के खाते में आएंगे-15-15 हजार; जानिए क्या है नीतीश सरकार का मेगा प्लान

बिहार की नीतीश सरकार बुनकरों को 15-15 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देगी। यह राशि उन्हें शुरुआती काम के लिए दी जाएगी। राज्य सरकार शीघ्र ही यह राशि उनके खाते में भेजी जाएगी। सरकार ने इसके लिए तीन करोड़ का प्रावधान किया है। यही नहीं बुनकरों को पैसा देने के लिए तत्काल एक करोड़ आवंटित भी कर दिया गया है। उद्योग विभाग ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है। इसके तहत बुनकरों को यह सहायता राशि उन्हें फिर से खड़ा होने के लिए मिलेगी। इस राशि से वह अपने काम को एक आधार दे सकेंगे और अपने व्यवसाय को बढ़ा सकेंगे। सरकार तत्काल निबंधित बुनकरों को इस योजना का सीधा लाभ देगी और उन्हें कार्यपूंजी के रूप में यह राशि उपलब्ध कराएगी।

इस समय सूबे में लगभग एक लाख बुनकर हैं। इनमें 70 से 75 हजार सक्रिय हैं। इनमें निबंधित बुनकरों की संख्या लगभग सात हजार है। अधिसंख्य बुनकरों की माली हालत बेहद खराब है। आर्थिक तंगी के कारण न केवल उनका काम प्रभावित हो रहा है, बल्कि कई तो इस पेशे को ही छोड़ने को मजबूर हो रहे हैं। बड़ी संख्या में बुनकरों ने पेशे को छोड़ा भी है। ऐसे लोगों की आर्थिक स्थिति और खराब हो रही है। सभी संबंधित महाप्रबंधकों, जिला उद्योग केन्द्र द्वारा लाभुक पात्र बुनकरों की सूची बनाकर उनके नाम व बैंक खातों के विवरण के साथ हस्तकरघा एवं रेशम निदेशालय को उपलब्ध कराया जाएगा।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:महिला रोजगार योजना बंद होते-होते आ गए 19 लाख और आवेदन, 10-10 हजार मिलेंगे
ये भी पढ़ें:मुख्यमंत्री रोजगार योजना में 2 लाख 10 हजार रुपये मिलेंगे, जानें आवेदन की तारीख

इसके पहले बुनकरों को लेकर पटना, भागलपुर, बांका, गया, औरंगाबाद, रोहतास, कैमूर, नालंदा, नवादा, सीवान, पश्चिम चंपारण व मधुबनी जिला उद्योग केन्द्र द्वारा जांच करायी गयी है। पिछले दिनों उद्योग विभाग के स्तर पर बुनकरों की समस्या को लेकर उच्चस्तरीय बैठक भी हुई थी। इसमें उनकी मौजूदा स्थिति की भी व्यापक समीक्षा की गयी। माना गया कि उन्हें आर्थिक सहायता देना अपरिहार्य हो गया है। इसके पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी बुनकरों की स्थिति को लेकर समुचित कार्ययोजना बनाने का निर्देश उद्योग विभाग को दिया था। इसमें उन्हें आर्थिक मदद देने की भी बात थी।

वहीं इस मामले पर उद्योग मंत्री दिलीप जायसवाल ने कहा कि हमने बुनकरों को विशेष सहायता देने की योजना बनायी है। इसके तहत उनके खाते में पैसा भेजा जाएगा। हम बुनकरों की आर्थिक स्थिति सुधारना चाहते हैं ताकि वे बेहतर ढंग से काम कर सकें।

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।