राज्यसभा चुनाव से पहले पांच दिन नीतीश कुमार करेंगे वो काम, जो उन्हें सबसे ज्यादा पसंद है
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार नई राजनीतिक पारी की शुरुआत करने जा रहे हैं। उन्होंने राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन किया है। चुनाव से पहले वह 5 दिन वो काम करेंगे, जो उन्हें सबसे ज्यादा पसंद है।
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राज्यसभा जाने से पहले वो काम करने जा रहे हैं, जो उन्हें सबसे ज्यादा पसंद है। मंगलवार को वे फिर से समृद्धि यात्रा पर निकलेंगे। इस दौरान वे मुख्यतः कोसी और सीमांचल क्षेत्र का दौरा करने वाले हैं। अगले 5 दिन वे 10 जिलों में जाकर विकास कार्यों का जायजा लेंगे। इस दौरान उनके साथ संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी भी मौजूद रहेंगे। नीतीश ने बीते 5 मार्च को राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन किया था। उनके सांसद बनने के बाद बिहार को नया मुख्यमंत्री मिलेगा।
सीएम नीतीश कुमार समृद्धि यात्रा के तहत मंगलवार 10 मार्च को सुपौल एवं मधेपुरा जिले की यात्रा करेंगे। यहां वे वहां विकास एवं निर्माण कार्यों का जायजा लेंगे। इसके बाद 11 मार्च को किशनगंज और अररिया, 12 मार्च को कटिहार और पूर्णिया, 13 मार्च को सहरसा और खगड़िया जिले का दौरा करेंगे। इसके अलावा वे 14 मार्च को बेगूसराय और शेखपुरा जिले की यात्रा करेंगे। इस दौरान 3 दिन उनका मधेपुरा में रात्रि विश्राम भी होगा।
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में एनडीए की प्रचंड जीत के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जनवरी महीने में समृद्धि यात्रा शुरू की थी। इस दौरान उन्होंने कुछ जिलों का दौरा किया। फरवरी में विधानसभा का बजट सत्र आ जाने से उनकी यात्रा पर विराम लग गया था। अब वे फिर से वे बाकी जिले के दौरे पर निकल रहे हैं।
नीतीश कुमार को राजनीति में जमीनी नेता के तौर पर देखा जाता है। मुख्यमंत्री पद पर रहते हुए भी वे खुद छोटे से बड़े विकास कार्यों का खुद जमीनी तौर पर जायजा लेते हैं। अपने दो दशक से ज्यादा के कार्यकाल में वे बिहार में 15 बार यात्रा निकाल चुके हैं।
पिछले बिहार चुनाव से पहले उन्होंने प्रगति यात्रा निकाली थी। इस दौरान उन्होंने विभिन्न जिलों में जाकर कई परियोजनाओं का शिलान्यास किया था। अब समृद्धि यात्रा के दौरान वे उन परियोजनाओं का फीडबैक भी ले रहे हैं।
हाल ही में राज्यसभा में जाने की घोषणा करने के बाद भी नीतीश प्रतिदिन किसी न किसी साइट का दौरा कर रहे हैं। सोमवार को ही उन्होंने मालसलामी में पटना घाट संपर्कता पथ के निर्माण कार्य का जायजा लिया। रविवार को बिहार संग्रहालय औ पटना म्यूजियम के बीच भूमिगत मार्ग का कार्यारंभ किया था।
नीतीश के राज्यसभा सांसद बनने के बाद अप्रैल महीने में बिहार को नया मुख्यमंत्री मिलेगा। नीतीश के बाद भाजपा से किसी को सीएम बनाया जा सकता है। इसकी पूरी संभावना है। दूसरी ओर, नीतीश के बेटे निशांत कुमार ने भी राजनीति में कदम रख दिया है। रविवार को उन्होंने जेडीयू की सदस्यता ली। अपने पिता के नक्शेकदम पर वह भी बिहार में यात्रा निकालेंगे और सभी 38 जिलों में जाकर लोगों से मिलेंगे।
(हिन्दुस्तान ब्यूरो के इनपुट के साथ)




साइन इन