नीतीश के कार्यों को आगे ले जाएंगे निशांत, पहले सार्वजनिक भाषण में बताया अपना एजेंडा
पहले संबोधन में निशांत कुमार ने सधे हुए राजनेता की तरह भाषण किया। अपने संक्षिप्त संबोधन में निशांत ने बड़ी-बड़ी बातें कही। कहा कि पिताजी ने जो बीस सालों में किया है उसे जन जन तक पहुंचाने के लिए पूरी ताकत लगा देंगे।

Nishant Kumar Speech: नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार ने फाइनली राजनीति के मैदान में एंट्री ले ली। रविवार को ग्रांड सेरेमनी में निशांत कुमार ने जदयू कार्यालय में पार्टी की सदस्यता ली। दफ्तर में उनका एक राजा के बेटे की तरह स्वागत किया गया। कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय झा ने उन्हें सदस्यता दिलाई। केंद्रीय मंत्री सह पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह ने पार्टी का पट्टा पहनाकर स्वागत किया निशांत ने पैर छूकर उनसे आशीर्वाद लिया। प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने पार्टी में उनके शामिल होने की घोषणा की। इस मौके पर निशांत कुमार ने बताया कि वे आने वाले दिनों में पार्टी और बिहार के लिए किन-किन विषयों पर काम करेंगे।
पहले संबोधन में निशांत कुमार ने सधे हुए राजनेता की तरह भाषण किया। अपने संक्षिप्त संबोधन में निशांत ने बड़ी-बड़ी बातें कही। कहा कि पिताजी ने जो बीस सालों में किया है उसे आगे बढ़ाते हुए जन जन तक पहुंचाने के लिए पूरी ताकत लगा देंगे। निशांत कुमार ने सबसे पहले जदयू दफ्तर और बाहर हजारों की संख्या में जुटे लोगों का स्वागत किया। कहा कि मेरे पिताजी नीतीश कुमार के कार्यों पर बिहार के साथ पूरे देश की जनता को गर्व है। पापा पर आप सब लोग विश्वास रखें और अपना मनोबल बनाए रखें। वे दिल्ली में रहते हुए भी हमारा बिहार का मार्गदर्शन करते रहेंगे।
निशांत ने संबोधन के लिए जैसे ही माइक थामा कि कार्यकर्ताओं का उत्साह कई गुना हो गया। बोलना शुरू करने से पहले उन्होंने कार्यकर्ताओं को शांत कराया और सबसे पहले उनका आभार जताया। उन्होंने कहा कि कीमती समय निकाल कर आए इसके लिए धन्यवाद करता हूं। पार्टी के सक्रिय सदस्य के रूप में जो बन पड़ेगा, बेहतर काम करूंगा। आप सबों ने विश्वास किया है उस पर खड़ा उतरने की कोशिश करूंगा। पार्टी को हर मोर्चे पर मजबूत करने के लिए जो भी जिम्मेदारी दी जाएगी उन्हें पूरा करूंगा। इस मौके पर जदयू कार्यालय नीतीश कुमार जिंदाबाद, निशांत कुमार जिंदाबाद के नारों से गूंजता रहा।
निशांत कुमार जिस कार पर सवार होकर दफ्तर पहुंचे उसे कार्यकर्ताओं ने फूलों से लाद दिया। उनके स्वागत में बैंड बाजा के साथ हाथी और ऊंट भी मंगवाए गए थे। मिलन समारोह में कई केंद्रीय और राज्य सरकार के मंत्री भी मौजूद थे। प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने कहा कि निशांत कुमार की सदस्यता मात्र औपचारिकता है। जदयू इनकी सांसों में बसता है।
सदस्यता ग्रहण करने के बाद निशांत कुमार ने सीएम आवास जाकर पिता नीतीश कुमार से मुलाकात की। बेटे ने पिता का आशीर्वाद लिया। उनके साथ कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा भी मौजूद रहे।




साइन इन