बिहार में स्वर्णिम कार्यकाल, अमित शाह ने कहा- नीतीश कुमार केंद्रीय राजनीति में लौट रहे हैं
अमित शाह ने कहा कि नीतीश कुमार का अब तक का कार्यकाल बेदाग रहा है। बिहार के मुख्यमंत्री के रूप में उनका कार्यकाल स्वर्णिम रहा। अब वे केंद्रीय राजनीति में लौट रहे हैं।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को पटना में कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का बिहार के मुख्यमंत्री के रूप में कार्यकाल स्वर्णिम रहा है। उन्होंने राज्य के विकास के सभी मायनों में तेजी लाई है। लंबे अरसे के बाद नीतीश फिर से केंद्रीय राजनीति में लौट रहे हैं। पटना से दिल्ली रवाना होने से पहले उन्होंने न्यूज एजेंसी से बातचीत में ये बातें कहीं।
अमित शाह ने कहा कि विधायक, सांसद, केंद्रीय मंत्री और मुख्यमंत्री के लंबे कार्यकाल में कभी नीतीश कुमार पर कोई दाग नहीं लगा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में नीतीश ने 11 साल तक बिहार को हर प्रकार से आगे ले जाने में बहुत बड़ा योगदान दिया है।
शाह गुरुवार को एनडीए के राज्यसभा प्रत्याशियों के नामांकन में शामिल होने पटना पहुंचे थे। नीतीश केंद्र में क्या कोई बड़ा पद संभालेंगे या नहीं, इस पर अभी संशय बना हुआ है। अमित शाह ने भी इस पर कोई स्पष्ट बयान नहीं दिया।
नीतीश ने किया राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन
बिहार के मुख्यमंत्री एवं जनता दल यूनाइटेड के अध्यक्ष नीतीश कुमार ने भी गुरुवार को बिहार विधानसभा में अपना पर्चा दाखिल किया। लगभग दो दशक तक बिहार में सरकार का मुखिया रहने के बाद नीतीश राज्यसभा जा रहे हैं।
नीतीश के साथ भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, भाजपा के प्रदेश महामंत्री शिवेश कुमार राम, राष्ट्रीय लोक मोर्चा के प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा और केंद्रीय मंत्री रामनाथ ठाकुर ने भी एनडीए से राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन किया।
बताया जा रहा है कि राज्यसभा सांसद बनने के बाद नीतीश मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे देंगे। इसके बाद बिहार में नई सरकार के गठन की प्रक्रिया शुरू होगी। बिहार में भारतीय जनता पार्टी (BJP) का सीएम बन सकता है। राज्यसभा चुनाव के लिए मतदान 16 मार्च को है।
नीतीश ने खुद किया ऐलान
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गुरुवार सुबह सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए राज्यसभा जाने की खुद घोषणा की। उन्होंने लिखा कि उनकी इच्छा रही है कि वह बिहार विधानमंडल के दोनों सदनों के साथ ही संसद के दोनों सदनों का सदस्य बनना चाहते हैं।
उन्होंने जनता से कहा कि आपके साथ मेरा यह संबंध भविष्य में भी बना रहेगा। आपके साथ मिलकर एक विकसित बिहार बनाने का संकल्प पहले की तरह कायम रहेगा। जो नई सार बनेगी उसको मेरा पूरा सहयोग एवं मार्गदर्शन रहेगा।
बिहार में बन सकता है भाजपा का मुख्यमंत्री
नीतीश के इस्तीफे के बाद बिहार में नई सरकार का गठन होगा। चर्चा है कि पूरी कैबिनेट से इस्तीफा लिया जाएगा और नए सिरे से मंत्रिमंडल का गठन किया जाएगा। नई सरकार में भाजपा का मुख्यमंत्री हो सकता है। वहीं, जेडीयू से दो डिप्टी सीएम बनाए जा सकते हैं। नीतीश के बेटे निशांत कुमार भी राजनीति में आ रहे हैं, उनके डिप्टी सीएम बनने की चर्चा भी तेज है।
(हिन्दुस्तान ब्यूरो के इनपुट के साथ)




साइन इन