Nitish Kumar dignity will remain Chirag Paswan speaks ahead of change in Bihar CM नीतीश कुमार के सम्मान में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी, सीएम बदलने से पहले बोले चिराग पासवान, Bihar Hindi News - Hindustan
More

नीतीश कुमार के सम्मान में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी, सीएम बदलने से पहले बोले चिराग पासवान

नीतीश कुमार के राज्यसभा चुनाव जीतने के बाद बिहार में मुख्यमंत्री बदले जाने की चर्चा जोरों पर है। इस बीच केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा है कि सीएम पद से हटने के बाद भी नीतीश के सम्मान में कोई कमी नहीं रहेगी।

Thu, 2 April 2026 06:23 PMJayesh Jetawat लाइव हिन्दुस्तान, पटना
share
नीतीश कुमार के सम्मान में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी, सीएम बदलने से पहले बोले चिराग पासवान

केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने बिहार में मुख्यमंत्री बदले जाने से पहले कहा है कि मौजूदा सीएम नीतीश कुमार के सम्मान में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। आने वाले समय में जब भी बिहार में एनडीए की नई सरकार का गठन होगा, तब राज्य और केंद्र दोनों स्तर से नीतीश को पूरा सम्मान दिया जाता रहेगा। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रमुख चिराग ने बिहार में नीतीश के लंबे राजनीतिक अनुभव का भी जिक्र किया।

चिराग ने गुरुवार को पटना एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत में ये बातें कहीं। पत्रकारों ने उनसे पूछा कि मुख्यमंत्री पद से हटने से पहले नीतीश को जेड प्लस सिक्योरिटी दी गई है। इस पर पासवान ने कहा कि मुख्यमंत्री पद से इस्तीफे के बाद भी नीतीश कुमार के अनुभव और सम्मान को कम करके नहीं आंका जा सकता है। उन्हें जेड प्लस सुरक्षा दी गई है, यह उनके लंबे सार्वजनिक जीवन और अनुभव का सम्मान है। सीएम पद छोड़ने के बाद भी उन्हें उतना ही सम्मान मिलता रहेगा।

बता दें कि चिराग पासवान, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की नीतियों के मुखर आलोचक रहे हैं। एनडीए में रहते हुए भी वे कई घटनाओं को लेकर नीतीश सरकार एवं उनके प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाते रहे हैं।

दूसरी ओर, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बीते 30 मार्च को बिहार विधान परिषद की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। पिछले महीने उन्होंने राज्यसभा का चुनाव जीता था। आगामी दिनों में उनका राज्यसभा का कार्यकाल शुरू होने जा रहा है। चर्चा है कि राज्यसभा सांसद की शपथ लेने के बाद वे मुख्यमंत्री का पद भी छोड़ देंगे। इसके बाद बिहार को नया मुख्यमंत्री मिलेगा। इसी महीने बिहार में एनडीए की नई सरकार के गठन होने की संभावना है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:खरमास बाद खेला? शुभ मुहुर्त में CM की शपथ, ओथ लेकर कुछ और दिन बने रहेंगे नीतीश!

तेजस्वी यादव पर भड़के चिराग, कहा- बिहार को बदनाम कर रहे

वहीं, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने बिहार के नेता प्रतिपक्ष एवं राष्ट्रीय जनता दल के कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि तेजस्वी दूसरे राज्यों में जाकर बिहार को बदनाम कर रहे हैं। चिराग ने कहा कि जिन लोगों के शासनकाल (आरजेडी) में बिहार की स्थिति बदहाल हुई, वही आज राज्य की गरीबी पर बयान दे रहे हैं।

पटना एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि बिहार को जिस दौर में सबसे अधिक नुकसान हुआ, उस दौर की राजनीति और नीतियों को लोग अभी भी याद रखते हैं। उस समय हालात ऐसे बन गए थे कि उद्योगपति से लेकर डॉक्टर और पेशेवर लोग तक राज्य छोड़कर बाहर चले गए थे। बाद में बिहार को उस स्थिति से निकाल कर विकास पर पटरी पर लाया गया।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:तेजस्वी ने बिहार को बताया गरीब राज्य, JDU बोली- इनके मां-बाप ने ही लूटा खजाना

चिराग ने तेजस्वी पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें अपने बयान पर शर्म आनी चाहिए। बिहार के लोग भी इन बातों को सुन रहे हैं। लोगों ने बिहार चुनाव में भी इन्हीं बयानों की वजह से आरजेडी की हार हुई। आने वाले दिनों में भी जनता इस बयान का हिसाब बराबर करेगी। बता दें कि केरल चुनाव में प्रचार करने पहुंचे आरजेडी के कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने बिहार को गरीब राज्य बताया था। इस पर एनडीए के नेता उनसे माफी की मांग कर रहे हैं।

(हिन्दुस्तान ब्यूरो के इनपुट के साथ)

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:नीतीश कुमार को जेड प्लस श्रेणी की सुरक्षा मिली, गृह विभाग ने जारी किया आदेश
ये भी पढ़ें:केरल में धुआंधार अंग्रेजी बोल रहे तेजस्वी, हार के बाद कांग्रेस के खिलाफ प्रचार
लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।