नीतीश कैबिनेट की आखिरी बैठक; नीतिन-शिवराज समेत दिग्गजों का जुटान; बिहार की राजनीति का 'महा मंगलवार'
नीतीश कैबिनेट की आखिरी बैठक मंगलवार को होगी। उनके बाद भाजपा और एनडीए विधानमंडल दल की बैठक भी होनी है। राजनीतिक गहमागहमी के बीच मंगलवार और बुधवार को पटना में एनडीए के सियासी दिग्गजों का जुटान होगा।
बिहार की सियासत के लिए आज का दिन 'महा मंगलवार' साबित हो सकता है। बिहार में आज से अब अगले कुछ दिनों तक सियासी गतिविधियां अपने चरम पर होंगी। नीतीश कैबिनेट की आखिरी बैठक मंगलवार को होगी। उनके बाद भाजपा और एनडीए विधानमंडल दल की बैठक भी होनी है। राजनीतिक गहमागहमी के बीच मंगलवार और बुधवार को पटना में एनडीए के सियासी दिग्गजों का जुटान होगा। इसे देखते हुए लोकभवन और मुख्यमंत्री आवास के आसपास साथ ही आर ब्लॉक से लेकर आयकर गोलबंर तक (वीरचंद पटेल पथ) पुलिस की कड़ी चौकसी है। कुछ मीडिया रिपोर्ट में यह भी कहा जा रहा है कि कैबिनेट की आखिरी बैठक के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार इस्तीफा दे सकते हैं।
राजधानी में 14 और 15 अप्रैल को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के अलावा बिहार से केंद्रीय मंत्री और सभी दलों के विधायक मौजूद रहेंगे। वीआइपी मूवमेंट को लेकर प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है। आधा दर्जन मजिस्ट्रेट के साथ ही जगह- जगह पुलिस अफसरों और जवानों की प्रतिनयुक्ति के आदेश जारी किए गए हैं। खासकर आयकर गोलंबर से आर ब्लॉक, लोक भवन और मुख्यमंत्री आवास के पास वरीय पुलिस अधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में जवानों की तैनाती रहेगी।
इन क्षेत्रों में पुलिस गश्ती भी बढ़ा दी गई है। वीरचंद पटेल पर भाजपा और जदयू के प्रदेश कार्यालय हैं। भाजपा कार्यकर्ताओं की भीड़ की संभावना को देखते हुए आसपास के इलाके में अतिरिक्त बलों की तैनाती के भी आदेश दिए गए हैं। यहां गाड़ियों को व्यवस्थित करने के लिए ट्रैफिक जवान भी तैनात रहेंगे। जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एसएम और वरीय आरक्षी अधीक्षक कार्तिकेय के शर्मा ने बताया कि शहर में वीवीआईपी के आगमन को लेकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है।
लोकभवन, सीएम आवास, एयरपोर्ट, आयकर गोलंबर, वीरचंद स्थित भाजपा दफ्तर, जदयू और राजद कार्यालय के अलावा आर ब्लॉक गोलंबर के पास पुलिस बल की तैनाती रहेगी। इन जगहों पर मजिस्ट्रेट भी तैनात रहेंगे। जिला नियंत्रण कक्ष से शहर की गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी। सीएम आवास और लोकभवन की ओर जाने वाले रास्ते में अनावश्यक वाहनों का प्रवेश वर्जित रहेगा। इसी प्रकार वीरचंद पथ में भाजपा कार्यालय के पास भीड़ अधिक होने की संभावना है। वहां पुलिस बल को तैनात रखा जाएगा।
एयरपोर्ट से पार्टी कार्यालयों तक विशेष गश्ती दल तैनात
एयरपोर्ट से भाजपा और जदयू कार्यालय तक विशेष गश्ती दल को तैनात किया गया है। इसके अलावा नेहरू पथ पर लोकभवन जाने वाले रास्ते पर सुरक्षा जांच की जाएगी। इस रूट से अनावश्यक वाहनों का प्रवेश वर्जित रहेगा। हालांकि मंगलवार की राजनैतिक सरगर्मी और वीवीआईपी मूवमेंट को लेकर रूट डायवर्जन नहीं रखा गया है, लेकिन विशेष तौर पर सर्तकता बरती जाएगी। वीरचंद पटेल पथ में वाहनों की पार्किंग भी सर्विस लेन में ही होगी ताकि जाम की स्थिति नहीं रहे। यातायात पुलिस को भी सक्रिय रखा गया है। रूट पर यातायात पुलिस के जवानों की भी तैनाती की गई है।
पटना के डीएम डॉ. त्यागराजन एसएम ने कहा कि शहर में वीवीआईपी आगमन को लेकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है। लोकभवन, सीएम आवास, एयरपोर्ट, आयकर गोलंबर, वीरचंद पटेल पथ स्थित भाजपा दफ्तर, जदयू और राजद कार्यालय के अलावा आर ब्लॉक गोलंबर के पास पुलिस बल की तैनाती रहेगी। इन जगहों पर मजिस्ट्रेट भी तैनात रहेंगे।




साइन इन