Nitin Nabin Patna roadshow 9th Feb roads traffic advisory from airport to Gandhi Maidan नितिन नवीन का पटना में रोड शो कल, एयरपोर्ट से गांधी मैदान तक बदली ट्रैफिक व्यवस्था, Bihar Hindi News - Hindustan
More

नितिन नवीन का पटना में रोड शो कल, एयरपोर्ट से गांधी मैदान तक बदली ट्रैफिक व्यवस्था

भाजपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद बिहार दौरे पर आ रहे नितिन नवीन का सोमवार को पटना में भव्य स्वागत और रोड शो होगा। एयरपोर्ट से गांधी मैदान तक ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव किया गया है। कई रास्तों पर वाहनों का आवागमन प्रभावित होगा।

Sun, 8 Feb 2026 09:54 PMJayesh Jetawat लाइव हिन्दुस्तान, पटना
share
नितिन नवीन का पटना में रोड शो कल, एयरपोर्ट से गांधी मैदान तक बदली ट्रैफिक व्यवस्था

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का सोमवार 9 फरवरी को पटना में रोड शो होगा। भाजपा अध्यक्ष बनने के बाद वे पहली बार बिहार आ रहे हैं, गृह क्षेत्र में उनका भव्य स्वागत किया जाएगा। पटना एयरपोर्ट से गांधी मैदान तक जगह-जगह स्वागत कार्यक्रम होगा। फिर बापू सभागार में भाजपा के सभी जिलों के नेता और कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में सभा होगी। नितिन नवीन के दौरे को लेकर एयरपोर्ट से भाजपा प्रदेश कार्यालय तक ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव किया गया है।

पटना यातायात पुलिस द्वारा जारी ट्रैफिक एडवाइजरी के मुताबिक 8 फरवरी को सुबह 11 बजे से कार्यक्रम खत्म होने तक पटेल गोलंबर से एयरपोर्ट तक वाहनों की पार्किंग बंद रहेगी। जिला परिवहन कार्यालय से दक्षिण की ओर आने वाले सभी वाहनों को टमटम पड़ाव-फुलवारीशरीफ होते हुए डायवर्ट किया जाएगा। जिला परिवहन कार्यालय से उत्तर की ओर से आने वाले वाहनों को जगदेव पथ होते हुए डायवर्ट किया जाएगा।

पटना एयरपोर्ट पर भाजपा अध्यक्ष को रिसीव करने के लिए जाने वाले कार्यकर्ता के गाड़ियों की पार्किंग हवाई अड्डा के बाहरी क्षेत्र में होगी। सगुना मोड , दानापुर से पूरब हड़ताली मोड़ पर ट्रैफिक का दबाव रहेगा। इसलिए बेली रोड (नेहरू पथ) पर आने वाले वाहन जगदेव पथ-डीटीओ-टमटम-फुलवारीशरीफ होते हुए जा सकेंगे, या फिर आशियाना, दीघा रोड से दीघा, कुर्जी, राजापुर पुल, अशोक राजपथ होते हुए अपने गंतव्य स्थल की ओर जा सकेंगे।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:BJP का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार पटना आएंगे नितिन नवीन,2 दिन रहेंगे

कंकड़बाग से पटना जंक्शन की ओर से पश्चिम की ओर जाने वाले वाहन जीपीओ आरओबी, आर ब्लॉक आरओबी, गर्दनीबाग आरओबी, अनिसाबाद गोलंबर होते हुए जा सकेंगे। कारगिल चौक से पश्चिम अशोक राजपथ पर राजापुर पुल आने जाने वाले वाहन जेपी गंगा पथ से जाएंगे। राजापुर पुल से गांधी मैदान आने वाले वाहन चालक जेपी गंगा पथ से पूरब की ओर निकलेंगे। एग्जीबिशन रोड से गांधी मैदान आने-जाने वाले वाहन रामगुलाम चौक से पूरब की ओर जा सकेंगे।

पोस्टरो से पटा पटना

दूसरी ओर, नितिन नवीन के स्वागत में भाजपा कार्यकर्ताओं ने जोरशोर से तैयारियां की हैं। पटना एयरपोर्ट से बापू सभागार के बीच सभी सड़कें पोस्टर और बैनरों से पट गई हैं। नितिन नवीन के स्वागत की तैयारी के लिए प्रदेश कार्यालय में रविवार को बैठक हुई। बैठक में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी और संगठन महामंत्री भीखू भाई दालसनिया ने राष्ट्रीय अध्यक्ष के स्वागत समारोह की व्यवस्था को लेकर कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन किया।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:तेजस्वी की सुरक्षा घटी, Z से Y+ हुई; बिहार के कई नेताओं को जेड सिक्योरिटी मिली

भाजपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नवीन पहली बार पटना आ रहे हैं। स्वागत समारोह में नवीन पार्टी पदाधिकारियों-कार्यकर्ताओं को संबोधित भी करेंगे। पटना के दो दिनों के प्रवास में वे विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। उनके आगमन को लेकर भाजपा के कार्यकर्ताओं के अलावा नेताओं में भी खास उत्साह है।

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।