Nishant Joins JDU live today nitish kumar sanjay jha patna Nishant JDU Joining Highlights: निशांत कुमार ने थामा JDU का दामन, बिहार का डिप्टी सीएम बनाए जाने की अटकलें, Bihar Hindi News - Hindustan
More

Nishant JDU Joining Highlights: निशांत कुमार ने थामा JDU का दामन, बिहार का डिप्टी सीएम बनाए जाने की अटकलें

Nishant Joins JDU: पटना के जदयू कार्यालय में निशांत कुमार ने जदयू की सदस्यता ग्रहण की है। इस मौके पर जदयू के दिग्गज नेता वहां मौजूद रहे। श्रवण कुमार, संजय झा, बिजेंद्र यादव, विजय चौधरी समेत कई नेता वहां मौजूद थे।

Sun, 8 March 2026 07:53 PMNishant Nandan लाइव हिन्दुस्तान, पटना
share
Nishant JDU Joining Highlights: निशांत कुमार ने थामा JDU का दामन, बिहार का डिप्टी सीएम बनाए जाने की अटकलें

Nishant Joins JDU Highlights: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार ने आज औपचारिक रूप से जनता दल (यूनाइटेड) ज्वॉइन कर लिया। पटना के जदयू कार्यालय में निशांत कुमार ने जदयू की सदस्यता ग्रहण की है। इस मौके पर जदयू के दिग्गज नेता वहां मौजूद रहे। श्रवण कुमार, संजय झा, बिजेंद्र यादव, विजय चौधरी समेत कई नेता वहां मौजूद थे। कहा जा रहा है कि आने वाले दिनों में जदयू के सांगठनिक मोर्चे पर निशांत की बड़ी भूमिका होगी। सरकार में वे उपमुख्यमंत्री होंगे। हालांकि, अभी इसकी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। वर्तमान में सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा राज्य के उपमुख्यमंत्री हैं।

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की तरफ से जनता दल यूनाइटेड (जदयू) में प्रवेश के लिए हरी झंडी मिलने के बाद उनके पुत्र निशांत कुमार की राजनीतिक सक्रियता बढ़ गयी है और शनिवार को वह पार्टी के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय झा के आवास पर आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक में शामिल हुए। इस निर्णय के बाद निशांत कुमार ने पार्टी की औपचारिक सदस्यता लेने से पहले ही प्रमुख नेताओं से मुलाकात के साथ राजनीतिक चर्चाओं में भाग लेना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में उन्होंने संजय झा के पटना आवास पर आयोजित जदयू के वरिष्ठ नेताओं की बैठक में भाग लिया। बैठक में पार्टी के मंत्री, सांसद और कई विधायक मौजूद थे।

Nishant Joins JDU LIVE Updates-:

17.08 PM-Nishant Joins JDU LIVE: हम (सेकुलर) के संरक्षक सह केंद्रीय सूक्ष्म लघु एवं मध्मम उद्यम मंत्री जीतन राम मांझी ने निशांत को जदयू में शामिल होने पर बधाई दी है। सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट कर उन्होंने कहा कि पुत्र समान निशांत को सक्रिय राजनीति में आने के लिए ढेर सारी शुभकामनाएं एवं आशीर्वाद।

16.30 PM-Nishant Joins JDU LIVE: जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा ने ट्वीट किया है कि आज पार्टी परिवार में एक नया अध्याय जुड़ा है। निशांत कुमार का पार्टी में औपचारिक रूप से शामिल होना केवल एक सदस्यता नहीं, बल्कि एक समृद्ध राजनीतिक और सामाजिक विरासत के नए वाहक का आगमन है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने वर्षों से सुशासन, विकास, सामाजिक न्याय और जनसेवा की जो मजबूत परंपरा स्थापित की है, वह आज पूरे देश के लिए एक उदाहरण है। उसी विरासत और मूल्यों को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी अब नई पीढ़ी के कंधों पर भी है।

14.13 PM-Nishant Joins JDU LIVE: इससे पहले निशांत कुमार के जदयू में शामिल होने को लेकर पटना में काफी हलचल रही। सदस्यता ग्रहण का यह कार्यक्रम वैसे तो दोपहर में ही होना था लेकिन पटना स्थित जदयू कार्यालय के बाहर काफी पहले से ही कार्यकर्ताओं का जुटना शुरू हो गया था। निशांत कुमार के स्वागत में हाथी-ऊंट भी मौजूद थे।

13.55 PM-Nishant Joins JDU LIVE: इस मोके निशांत कुमार ने सबसे अनुरोध किया मेरे पापा पर आपलोग अपना विश्वास कायम रखिएगा। मैं पार्टी को और मजबूती प्रदान करने की कोशिश करूंगा। मैं लोगों के ह्रदय में जगह बनाने का प्रयास करूंगा। मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में काम करूंगा। इस मौके पर जदयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने कहा कि निशांत कुमार पार्टी के भविष्य हैं।

13.32 PM-Nishant Joins JDU LIVE: निशांत कुमार ने जनता दल (यूनाइटेड) की सदस्यता ले ली है। पटना स्थित जेडीयू कार्यालय में निशांत कुमार ने जदयू की सदस्यता ली है।

13.28 PM-Nishant Joins JDU LIVE: निशांत कुमार की जेडीयू सदस्यता का कार्यक्रम चल रहा है। इस कार्यक्रम में पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद हैं। जेडीयू नेता संजय झा के लिए विजय चौधरी और बिजेंद्र यादव भी इस कार्यक्रम में मौजूद हैं।

13.16 PM-Nishant Joins JDU LIVE: निशांत कुमार जदयू दफ्तर में मौजूद हैं। जदयू के कई वरिष्ठ नेता भी वहाँ मौजूद हैं। जदयू कार्यकर्ताओं का जोश हाई है। निशांत कुमार ने हाथ जोड़कर पार्टी कार्यकर्ताओं का अभिवादन किया है।

13.10 PM-Nishant Joins JDU LIVE: निशांत कुमार जदयू ऑफिस पहुंच चुके हैं। पटना स्थित पार्टी दफ्तर में कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया है। थोड़ी देर में निशांत कुमार जेडीयू की सदस्यता ग्रहण कर लेंगे।

12.57 PM-Nishant Joins JDU LIVE: उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि शराबबंदी से राज्य को 28 से 30 हजार करोड़ का नुकसान है, उसके बावजूद नीतीश कुमार ने बिहार में शराबबंदी की। नीतीश कुमार के जीवन का यह सबसे ऐतिहासिक और स्वर्णिम निर्णय है। शराबबंदी का काफी सकारात्मक प्रभाव पड़ा है। शराबबंदी का सफल प्रयोग कर बिहार ने नया रास्ता दिखलाया है।

12.42 PM-Nishant Joins JDU LIVE: बिहार का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा इसको लेकर अटकलों का बाजार गर्म है। हवा में कई नाम तैर रहे हैं। फैसला भाजपा आलाकमान को लेना है। इसमें नीतीश कुमार की भी भूमिका अहम होगी। रविवार को गृहमंत्री अमित शाह ने सम्राट चौधरी को बागडोगरा बुलाया है। राज्य के ताजा सियासी हालात और नए मुख्यमंत्री के नाम पर इस मुलाकात में चर्चा होगी। पहले यह मुलाकात दिल्ली में होनी थी। सम्राट चौधरी को दिल्ली बुलाया गया था। लेकिन, केन्द्रीय गृह मंत्री के कार्यक्रम में बदलाव के बाद मुलाकात का स्थान भी बदल गया है।

12.27 PM-Nishant Joins JDU LIVE: संजय झा ने शनिवार को कहा कि निशांत रविवार से औपचारिक रूप से जदयू का काम शुरू करेंगे। वे तो पहले से जदयू में ही हैं, किसी दूसरी पार्टी में थोड़े हैं। पार्टी उनकी नयी भूमिका तय करेगी। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ सांसदों, विधायकों व विधान पार्षदों की बैठक में उनके सक्रिय राजनीति में लाने का प्रस्ताव मैंने ही दिया था, जिसका सबने समर्थन किया।

12.16 PM-Nishant Joins JDU LIVE: जदयू में निशांत कुमार के स्वागत के लिए एक तरफ जहां कार्यकर्ताओं को जोश हाई नजर आया तो वहीं जदयू कार्यालय के बाहर ऊंट औऱ हाथी भी खड़े नजर आए। निशांत के स्वागत में ऊंट और हाथी को सजाया गया था। JDU वर्कर पार्टी दफ्तर के पास जश्न में सराबोर नजर आए। बैंड-बाजा और डांस भी देखने को मिला।

11.51 AM-Nishant Joins JDU LIVE: बिहार प्रदेश कांग्रेस मीडिया प्रकोष्ठ के प्रमुख राजेश राठौर ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से ''अपनी निष्ठुरता छोड़ने और अपने पुराने सहयोगी नीतीश कुमार को सम्मानजनक विदाई का मौका देने'' का आग्रह किया। राठौर ने एक बयान में कहा, ''अब जबकि नीतीश कुमार ने राज्यसभा चुनाव लड़ने का फैसला कर लिया है, अमित शाह कम से कम इतना तो कर ही सकते हैं कि भाजपा के एक उम्मीदवार को वापस कर लें और बाकी पांच उम्मीदवारों को निर्विरोध निर्वाचित होने दें। नीतीश कुमार ने अपने लंबे कार्यकाल में इस परंपरा का सम्मान किया है।''

11.39 AM-Nishant Joins JDU LIVE: विपक्ष ने आरोप लगाया है कि नीतीश कुमार को भाजपा द्वारा "बिहार से बाहर निकाला जा रहा है" और उन्हें ''सम्मानजनक विदाई से भी वंचित किया जा रहा है।'' पूर्व मुख्यमंत्री और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) नेता राबड़ी देवी ने पत्रकारों से कहा, ''नीतीश कुमार पद अपनी मर्जी से नहीं छोड़ रहे हैं। भाजपा उन्हें बिहार से बाहर निकाल रही है, लेकिन उन्हें दबाव में झुकने से इनकार करते हुए इसका विरोध करना चाहिए।''

11.33 AM-Nishant Joins JDU LIVE: उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की देखरेख में बिहार आगे बढ़ता रहेगा। उनकी केवल भूमिका बदली है। वे बिहार के लिए पहले की तरह काम करते रहेंगे। उनके सहयोग से बिहार और समृद्ध होगा। वे रविवार को स्थानीय होटल में आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की जमकर प्रशंसा की।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि नीतीश कुमार ने बिहार को 50 साल दिया है। उनके योगदान को कोई नहीं भूल सकता। उनके राज्यसभा जाने से दुख होना स्वाभाविक है। यह उनके प्रति लोगों का प्रेम है। वे बिहार के नेता थे, हैं और रहेंगे। उनका मार्गदर्शन मिलता रहेगा। वे बिहार के विकास के लिए काम करते रहेंगे। उनके निर्देशन में विकसित बिहार का सपना साकार होगा।

11.11 AM-Nishant Joins JDU LIVE: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की प्रस्तावित समृद्धि यात्रा को लेकर संशय दूर हो गया है। वह 10 मार्च को समृद्धि यात्रा पर मधेपुरा पहुंचेंगे। वह रात में अपने मित्र एमएलसी ललन सर्राफ के आवास पर रात्रि विश्राम करेंगे। सीएम की समृद्धि यात्रा को लेकर प्रशासन ने अपनी तैयारी शुरू कर दी है। पार्टी सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री 10 मार्च को पहले सुपौल में कार्यक्रम में शामिल होने के बाद मधेपुरा पहुंचेंगे। मधेपुरा में पुलिस लाइन का लोकार्पण करेंगे और बीएनएमयू के कार्यक्रम में भी शामिल होंगे। 11 को किशनगंज व अररिया जाएंगे।

10.53 AM-Nishant Joins JDU LIVE: जद(यू) और नई सरकार में निशांत की भूमिका पर सवाल का जवाब देने से बचते हुए संजय झा ने शनिवार को कहा, ''पार्टी द्वारा उन्हें जो भी जिम्मेदारी दी जाएगी, उसे निभाने के लिए वह तैयार हैं... नयी सरकार नीतीश कुमार के मार्गदर्शन में काम करेगी। उन्होंने स्वयं ऐसा कहा है। संसद सत्र के दौरान को छोड़कर, वह (कुमार) पूरे समय बिहार में ही रहेंगे।''

10.36 AM-Nishant Joins JDU LIVE: जद (यू) अध्यक्ष नीतीश कुमार द्वारा मुख्यमंत्री पद छोड़ने और राज्यसभा जाने के अपने निर्णय के बारे में अपने सहयोगियों को जानकारी देने के एक दिन बाद पार्टी के विधायक हरिनारायण सिंह ने यहां एक निजी समाचार चैनल को बताया, ''कल मुख्यमंत्री के आवास पर हुई विधायक दल की बैठक में, नयी सरकार में निशांत को उपमुख्यमंत्री बनाने का सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया।''

जद (यू) विधायक हरिनारायण सिंह ने कहा, ''यह भी निर्णय लिया गया कि निशांत औपचारिक रूप से जद (यू) में शामिल होंगे। चूंकि एक संवैधानिक पद संभालने के लिए उन्हें विधानमंडल का सदस्य बनना आवश्यक है, इसलिए अप्रैल में नौ सीट के लिए होने वाले द्विवार्षिक चुनाव में वह विधान परिषद के लिए निर्वाचित होंगे। जरूरी नहीं है कि वह अपने पिता के इस्तीफे के बाद खाली होने वाली सीट से चुनाव लड़ें।''

10.15 AM-Nishant Joins JDU LIVE: उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि तीसरी बार बिहार जदयू का अध्यक्ष चुने जाना उनके लिए बड़ी उपलब्धि है और इतने लंबे समय से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का आशीर्वाद हासिल होना गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार के पुत्र निशांत एक पढ़े-लिखे और सुलझे हुए व्यक्ति हैं। नीतीश कुमार ने कार्यकर्ताओं की इच्छा पूरी करते हुए पुत्र निशांत को पार्टी में आने की अनुमति देकर जदयू संगठन को बल प्रदान किया है। उन्होंने कहा कि निशांत कुमार के आने की खबर से पार्टी संगठन में एक नया जोश दिख रहा है, जो उसे नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में मदद करेगा।

10.02 AM-Nishant Joins JDU LIVE: जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने शनिवार को कहा कि उनकी पार्टी के कार्यकर्ता लंबे समय से निशांत कुमार को राजनीति में लाने की मांग कर रहे थे, जिस पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अब मुहर लगाई है। तीसरी बार निर्विरोध जदयू के प्रदेश अध्यक्ष चुने गए उमेश सिंह कुशवाहा ने 'यूनीवार्ता'से बातचीत में कहा कि निशांत कुमार का जदयू में आना कोई आकस्मिक घटना नही है। उन्होंने कहा कि करीब एक वर्ष पहले से ही कार्यकर्ताओं ने उन्हें पार्टी में शामिल करने की मांग शुरू कर दी थी। उन्होंने कहा कि पहले निशांत खुद ही इस मांग को स्वीकार नही कर रहे थे और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की भी सहमति नही मिल पा रही थी। उमेश कुशवाहा ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्यसभा जाने का फैसला खुद लिया है। उन्होंने कहा कि बिहार की राजनीति में फिलहाल किसी की हैसियत नही है, जो नीतीश कुमार के ऊपर दबाव बना सके।

9.50 AM-Nishant Joins JDU LIVE: जदयू में जाने से पहले पूजा-अर्चना करेंगे निशांत

शुक्रवार को नीतीश कुमार की अध्यक्षता में पार्टी सांसदों, विधायकों व विधान पार्षदों की बैठक में निशांत के जदयू में शामिल होने के प्रस्ताव पर मुहर लगी। संजय झा ने बैठक में उनके जदयू में शामिल होने का प्रस्ताव रखा, जिसे सबने हाथ उठाकर समर्थन दिया। अब उन्हें रविवार को श्री झा समेत तमाम वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में पार्टी की सदस्यता दिलाई जाएगी। इसके साथ ही निशांत का सक्रिय राजनीति में प्रवेश होगा। इसके पहले वे महावीर मंदिर जाकर पूजा-अर्चना करेंगे।

9.40 AM-Nishant Joins JDU LIVE: बिहार में जनता दल (यू) के विधायक हरिनारायण सिंह ने शनिवार को दावा किया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के इस्तीफे के बाद राज्य में बनने वाली नयी सरकार में पार्टी प्रमुख के बेटे निशांत को उपमुख्यमंत्री बनाने का ''सर्वसम्मति'' से निर्णय लिया गया है।

9.31 AM-Nishant Joins JDU LIVE: नीतीश कुमार के बेटे निशांत के नेताओं से बातचीत करने के लिएसंजय झा के आवास पर आने के कुछ घंटे बाद झा ने पत्रकारों से कहा, ''निशांत कल जद(यू) में शामिल होंगे, हालांकि मुझे लगता है कि 'शामिल होना' सही शब्द नहीं है, क्योंकि वह हमेशा से पार्टी में रहे हैं। बेहतर होगा कि यह कहा जाए कि वह कल से पार्टी में सक्रिय रूप से काम करना शुरू करेंगे।''

9.13 AM-Nishant Joins JDU LIVE: निशांत कुमार जदयू में सक्रिय हो गए हैं। वे रविवार यानी आज पार्टी दफ्तर में आयोजित समारोह में विधिवत दल की सदस्यता लेंगे। निशांत अपनी सियासी यात्रा चम्पारण से शुरू करेंगे। याद रहे नीतीश कुमार ने भी अपनी सभी यात्राएं यहीं से शुरू की हैं।

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।