Nishant Kumar 12th passed only dropped out engineering studies midway revealed in MLC affidavit BIT मेसरा ड्रॉपआउट निशांत कुमार 12वीं पास हैं, अधूरी छोड़ दी थी इंजीनियरिंग की पढ़ाई, Bihar Hindi News - Hindustan
More

BIT मेसरा ड्रॉपआउट निशांत कुमार 12वीं पास हैं, अधूरी छोड़ दी थी इंजीनियरिंग की पढ़ाई

Nishant Kumar Education Degree Qualification: पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार इंजीनियर नहीं हैं। 12वीं पास निशांत ने MLC चुनाव के एफिडेविट में बताया है कि वो बीआईटी मेसरा के ड्रापआउट हैं।

Wed, 10 June 2026 11:26 AMJayesh Jetawat लाइव हिन्दुस्तान, पटना
share
BIT मेसरा ड्रॉपआउट निशांत कुमार 12वीं पास हैं, अधूरी छोड़ दी थी इंजीनियरिंग की पढ़ाई

Nishant Kumar Education Degree Qualification: जनता दल यूनाइटेडट (JDU) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे एवं बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार 12वीं पास हैं। निशांत कुमार को लेकर आम लोगों के बीच यह धारणा रही है कि वो इंजीनियरिंग की डिग्री रखते हैं, लेकिन एमएलसी चुनाव के लिए दाखिल हलफनामा में निशांत कुमार ने बताया है कि वो बीआईटी, मेसरा के ड्रॉपआउट हैं। उन्होंने इंजीनियरिंग की पढ़ाई बीच में ही छोड़ दी थी। बिहार विधान परिषद चुनाव में निशांत के एफिडेविट से यह भ्रम टूट गया है कि निशांत भी नीतीश की तरह इंजीनियर हैं। एफिडेविट में निशांत ने बताया है कि उन्होंने बीआईटी मेसरा में एडमिशन लिया था, लेकिन 8 सेमेस्टर के कोर्स में 5 सेमेस्टर के बाद पढ़ाई छोड़ दी थी। अब इस पर सियासत शुरू हो गई है। शैक्षणिक डिग्री को लेकर विरोधियों के निशाने पर रहने वाले तेजस्वी यादव की पार्टी राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने भी निशांत को लेकर सवाल उठाए हैं।

निशांत ने जेडीयू के टिकट पर सोमवार को एमएलसी चुनाव के लिए नामांकन किया था। नामांकन के दौरान उन्होंने जो एफिडेविट दायर किया है, उसमें उन्होंने अपनी संपत्ति से लेकर पढ़ाई तक की जानकारी दी है। निशांत कुमार ने इसमें बताया कि उन्होंने साल 1998 में 12वीं की परीक्षा पास की थी। उन्होंने पटना के साइंस कॉलेज से इंटर (12वीं) की पढ़ाई की थी।

5 सेमेस्टर पढ़े निशांत, फिर छोड़ दिया कॉलेज

इसके बाद निशांत ने रांची के बिरला इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (बीआईटी, मेसरा) में इंजीनियरिंग (कंप्यूटर साइंस) के कोर्स में एडमिशन लिया था। उन्होंने बीआईटी मेसरा में ढाई साल पढ़ाई की। कोर्स पूरा नहीं किया। निशांत 8 में से 5 सेमेस्टर पढ़कर 2001 में ही वहां से निकल गए। इसके बाद उन्होंने आगे कोई पढ़ाई नहीं की।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:पवन सिंह के पास महंगी गाड़ी, निशांत के पास 4 करोड़ रुपये; संजय मयूख कितने अमीर

आरजेडी ने उठाए सवाल

बिहार के मुख्य विपक्षी दल आरजेडी ने निशांत की शैक्षणिक योग्यता पर सवाल उठाए हैं। आरजेडी के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर मंगलवार को एक पोस्ट की गई। इसमें लिखा गया- जिस नीतीश कुमार के बेटे को लोग इंजीनियर बताते नहीं थकते थे वह 12वीं निकला। चुनावी हलफनामें में स्वयं बताया कि वह ग्रेजुएट नहीं है। ताउम्र परिवारवाद के विरोध की नौटंकी करने वाले बेईमान लोगों की सारी परतें खुलेंगी। इंतजार कीजिए।

बता दें कि निशांत कुमार मार्च 2026 तक सक्रिय राजनीति से एकदम दूर थे। नीतीश के राज्यसभा जाने के फैसले के बाद जेडीयू के नेताओं की लगातार मांग पर उन्होंने राजनीति में कदम रखा और पार्टी की सदस्यता ली। इसके बाद सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली नई सरकार में स्वास्थ्य मंत्री बनाए गए। जेडीयू के नेता निशांत को पार्टी नीतीश के उत्तराधिकारी के रूप में प्रोजेक्ट कर रहे हैं।

निशांत कुमार के राजनीति में आने के बाद राजद के नेता इसे परिवारवाद बताकर नीतीश कुमार और जेडीयू पर निशाना साधते रहे हैं। अब निशांत की डिग्री और पढ़ाई को लेकर सटीक जानकारी सार्वजनिक होने के बाद सियासी गलियारे में क्या बवाल मचता है, यह देखने वाली बात होगी।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:पवन का बिहार में बैंक खाता नहीं; फ्लैट भी लखनऊ-मुंबई में; राजनीति से घटी कमाई
read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:बिहार MLC चुनाव: निर्विरोध जीतेंगे निशांत, पवन; NDA की 9 और RJD की 1 सीट पक्की

निशांत कुमार के पास 4.63 करोड़ की संपत्ति

हलफनामे के अनुसार निशांत कुमार के तीन बैंक खातों में कुल मिलाकर लगभग 52 हजार रुपये का बैलेंस ही है। उनके पास नकद 17409 रुपये हैं। हालांकि, वह 4.63 करोड़ रुपये की संपत्ति के मालिक हैं। इनमें म्यूचुअल फंड में निवेश, इंश्योरेंस के अलावा पैतृक गांव में खेतिहर और गैर-कृषि जमीनें शामिल हैं। निशांत के ऊपर कोई भी आपराधिक केस नहीं हैं।

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।