अगला CM कौन, समृद्धि यात्रा के बाद तय होगा; नीतीश के व्यवहार को संजय झा ने डिकोड किया
संजय झा ने कहा कि अगला मुख्यमंत्री जदयू का होगा या भाजपा का यह भी तय नहीं है। वहीं भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता एवं पूर्व विधायक प्रेम रंजन पटेल ने कहा कि मुख्यमंत्री का नाम एनडीए का नेतृत्व सामूहिक रूप से तय करेगा, जो सबको मान्य होगा।

Bihar Next CM: सम्राट चौधरी के नाम की चर्चा के बीच बिहार में सरकार चला रहे एनडीए के दो प्रमुख दलों ने स्पष्ट किया है कि नीतीश कुमार के पद छोड़ने के बाद बिहार का मुख्यमंत्री कौन होगा, गठबंधन ने अभी तय नहीं किया है। गुरुवार को दिल्ली में जदयू के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय झा ने पत्रकारों के इससे जुड़े सवाल पर कहा कि अभी यह तय नहीं है कि कौन मुख्यमंत्री होंगे। नीतीश कुमार समृद्धि यात्रा के मंच पर अक्सर सम्राट चौधरी पर खास मेहरबानी दिखाते रहते हैं जिससे उनके नाम की चर्चा जोर शोर से हो रही है।
उन्होंने कहा कि अगला मुख्यमंत्री जदयू का होगा या भाजपा का यह भी तय नहीं है। वहीं भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता एवं पूर्व विधायक प्रेम रंजन पटेल ने कहा कि मुख्यमंत्री का नाम एनडीए का नेतृत्व सामूहिक रूप से तय करेगा, जो सबको मान्य होगा। यह विषय एनडीए के लिए चर्चा का केंद्र नहीं हो सकता है। सूत्रों की मानें तो मुख्यमंत्री की समृद्धि यात्रा के बाद अगले मुख्यमंत्री पर फैसला होगा।
संजय झा ने आगे कहा कि समय आने पर सारी बातें स्पष्ट हो जाएंगी। श्री झा ने कहा कि मुख्यमंत्री अपने मंच पर सबको सम्मान देते हैं। वे उनका हाथ भी उठवाते हैं और उनकी पीठ पर हाथ रखकर सौम्यता प्रदर्शित करते हैं। इसमें कुछ भी नया नहीं है। इसे राजनीतिक रूप से नहीं लिया जाना चाहिए। वहीं, पटना में भाजपा प्रवक्ता प्रेम रंजन पटेल ने कहा कि एनडीए में मुख्यमंत्री के नाम को लेकर कहीं कोई विवाद नहीं है। नीतीश कुमार एनडीए के बड़े नेता हैं और नए मुख्यमंत्री के नाम में उनकी भी सहमति ली जाएगी, यह भी सत्य है। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार का बिहार को बढ़ाने में महत्वपूर्ण योगदान रहा है। आगे जो भी मुख्यमंत्री होगा, उन्हें भी नीतीश कुमार का आशीर्वाद, स्नेह और मार्गदर्शन मिलेगा।
बिहार में अगले मुख्यमंत्री को लेकर कयासों का दौर जारी है। राज्यसभा के लिए निर्वाचित होने के बाद नीतीश कुमार जल्द ही मुख्यमंत्री पद छोड़ने वाले हैं। अभी वे समृद्धि यात्रा पर हैं। पिछले सात-आठ दिनों में कई जिलों की सभा में अपने भाषण के आखिर में वे उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के कंधे पर हाथ रखकर लोगों से कहते हैं कि अब यही सबकुछ करेंगे। हालांकि नीतीश कुमार ने कभी यह नहीं कहा है कि अगला मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी होंगे।
हम (से) के संरक्षक सह केंद्रीय सूक्ष्य लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री जीतन राम मांझी ने मीडिया के सवाल पर कहा कि नीतीश कुमार के मन से जो भी मुख्यमंत्री बनेंगे, मुझे खुशी होगी। पटना पहुंचे केंद्रीय मंत्री ने पत्रकारों के सवाल पर कहा कि मुख्यमंत्री जो कहते हैं, वही करते आये हैं। मुझे भी उन्होंने ही सीएम बनाया। अब भी जिसे कहेंगे, वही बनेंगे। उधर, पूर्व केन्द्रीय मंत्री शाहनवाज हुसैन ने कहा है कि अभी नीतीश कुमार जी मुख्यमंत्री हैं। राज्यसभा के लिए निर्वाचित हुए और यह उनकी इच्छा पर है कि कब तक मुख्यमंत्री के पद पर रहते हैं। उसके बाद भाजपा, जदयू और पूरा एनडीए मिलकर नाम तय करेगा और बिहार को नया मुख्यमंत्री मिल जाएगा। बिहार की उम्मीद पर शत-प्रतिशत वह खरा उतरेगा, ऐसा मुख्यमंत्री मिलेगा।




साइन इन