CBI summons police officers in NEET student death case questions them behind closed doors नीट छात्रा मौत केस में अब पुलिस वाले तलब, सीबीआई ने बंद कमरों में दागे सवाल, Bihar Hindi News - Hindustan
More

नीट छात्रा मौत केस में अब पुलिस वाले तलब, सीबीआई ने बंद कमरों में दागे सवाल

पटना के हॉस्टल में नीट की तैयारी कर रही जहानाबाद की छात्रा के कथित रेप और हत्या के मामले में सीबीआई ने पटना के पुलिस अधिकारियों को तलब किया है। पूर्व में इस केस की जांच कर रही एसआईटी के सदस्यों से केंद्रीय एजेंसी ने सवाल-जवाब किए।

Tue, 24 Feb 2026 10:53 PMJayesh Jetawat हिन्दुस्तान ब्यूरो, पटना
share
नीट छात्रा मौत केस में अब पुलिस वाले तलब, सीबीआई ने बंद कमरों में दागे सवाल

बिहार के जहानाबाद की नीट छात्रा की पटना में हुई मौत के मामले में ही सीबीआई ने मंगलवार को पुलिस वालों को तलब किया। सीबीआई टीम ने पटना पुलिस की एसआईटी से पूछताछ की। सीबीआई ने एसआईटी में शामिल रही सचिवालय एसडीपीओ वन डॉ. अनु कुमारी, कदमकुआं और रामकृष्ण नगर थाना के थानाध्यक्षों को तलब कर सवाल-जवाब किए गए। सभी अधिकारियों से अलग-अलग बंद कमरों में पूछताछ कर केंद्रीय जांच एजेंसी ने उनके बयान दर्ज किए। उनसे बयान से संबंधित दस्तावेज भी मांगे गए।

सीबीआई ने जिन पुलिस अधिकारियों से पूछताछ की, वे छात्रा की मौत के बाद शुरुआती जांच कर रही एसआईटी के हिस्सा रहे थे। सूत्रों के मुताबिक इनके बयान अलग-अलग दर्ज किए गए, ताकि तथ्यों की स्वतंत्र पुष्टि हो सके। साथ ही इनके बयानों का मिलान भी कराया जा सके।

जानकारी के मुताबिक केंद्रीय एजेंसी शुरुआती जांच की प्रक्रिया, घटनास्थल की स्थिति, साक्ष्यों के संकलन और पुलिस की कार्रवाई के हर चरण की बारीकी से पड़ताल कर रही है। इसके लिए जांच अधिकारियों से पूछताछ हुई। सीबीआई यह समझने का प्रयास कर रही है कि इस केस के प्रारंभिक चरण में क्या-क्या कदम उठाए गए और किन आधारों पर निष्कर्ष निकाले गए थे।

यह भी पता लगाया जा रहा है कि पटना पुलिस की एसआईटी से जांच के दौरान कहीं चूक तो नहीं हुई थी। जांच के दौरान सीबीआई पूरे घटनाक्रम की कड़ी-दर-कड़ी समीक्षा कर रही है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:पटना: नीट छात्रा के कमरे में कौन गया.., CBI ने हॉस्टल संचालिका से पूछे सवाल

बता दें कि पिछले महीने जहानाबाद की छात्रा पटना के शंभू गर्ल्स हॉस्टल स्थित अपने कमरे में बेहोश पाई गई थी। बाद में उसे अलग-अलग निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसने 11 जनवरी को दम तोड़ दिया था। परिजन ने रेप और हत्या के आरोप लगाए। हालांकि, पुलिस ने शुरुआत में इसे सुसाइड का मामला बताया। बाद में पोस्टमार्टम रिपोर्ट में यौन उत्पीड़न की बात सामने आई, तो एसआईटी का गठन कर जांच शुरू की गई।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:नहीं आए मामा तो उनके घर पहुंच गई CBI, नीट छात्रा मौत मामले में ढाई घंटे तक सवाल

इस दौरान एसआईटी को छात्रा के अंडरगारमेंट्स से पुरुष वीर्य होने की जानकारी मिली। इसके मिलान के लिए कई लोगों के डीएनए सैंपल लिए गए। पुलिस ने हॉस्टल से जुड़े कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ भी की। हालांकि, परिजन पुलिस अधिकारियों और हॉस्टल संचालक पर मिलीभगत के आरोप लगाते रहे। लगातार सवाल उठने के बाद राज्य सरकार ने इस केस की जांच सीबीआई को सौंप दी।

अब केंद्रीय जांच एजेंसी इस केस की हर एंगल से जांच में जुटी है। सीबीआई ने पिछले दिनों पटना में हॉस्टल संचालक, वार्डन के अलावा जहानाबाद निवासी छात्रा के परिजन से भी पूछताछ की थी। अब केंद्रीय एजेंसी पुलिस कर्मियों से जानकारी ले रही है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:नीट छात्रा मौत में बड़े लोग, पुलिस पर भारी प्रेशर; प्रशांत किशोर का बड़ा बयान
लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।