Neeraj Kumar JDU seeks Ashok Choudhary reply on Prashant Kishore allegations of amassing benami properties of 200 crore अशोक चौधरी से JDU ने जवाब मांगा; प्रशांत किशोर के आरोपों पर नीरज ने तेजस्वी की भी याद दिलाई, Bihar Hindi News - Hindustan
More

अशोक चौधरी से JDU ने जवाब मांगा; प्रशांत किशोर के आरोपों पर नीरज ने तेजस्वी की भी याद दिलाई

नीतीश कुमार के दल जेडीयू के प्रवक्ता नीरज कुमार ने मंत्री अशोक चौधरी द्वारा दो साल में 200 करोड़ की बेनामी संपत्ति जुटाने के प्रशांत किशोर के आरोपों पर पार्टी की तरफ से जवाब मांगा है। चौधरी को नीतीश का करीबी माना जाता है।

Sun, 21 Sep 2025 12:58 PMRitesh Verma लाइव हिन्दुस्तान, पटना
share
अशोक चौधरी से JDU ने जवाब मांगा; प्रशांत किशोर के आरोपों पर नीरज ने तेजस्वी की भी याद दिलाई

बिहार के सीएम नीतीश कुमार के दल जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) के प्रवक्ता नीरज कुमार ने जदयू के सीनियर मंत्री अशोक चौधरी द्वारा 2 साल में 200 करोड़ की बेनामी संपत्ति जुटा लेने के प्रशांत किशोर के आरोपों पर पार्टी की तरफ से जवाब मांग लिया है। अशोक चौधरी को नीतीश का बहुत करीबी नेता माना जाता है और चौधरी खुद को सीएम का मानस-पुत्र भी कहते हैं। खुद नीतीश भी कई बार अशोक चौधरी से अपने गहरे संबंधों को खुले तौर पर दिखा चुके हैं। ऐसे में नीरज का बयान संकेत है कि नीतीश ने प्रशांत के आरोपों को गंभीरता से ले लिया है और चौधरी की सफाई सुनना चाहते हैं।

जेडीयू के मुख्य प्रवक्ता नीरज ने कहा कि प्रशांत के आरोपों पर अशोक चौधरी को पूरी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। उन्हें तमाम आरोपों पर बिन्दुवार जवाब देना चाहिए। नीरज कुमार ने कहा कि पार्टी को चौधरी का जवाब चाहिए। नीरज ने शनिवार को पत्रकारों से बातचीत में कहा कि कार्यकर्ताओं ने काफी मेहनत और कुर्बानी देकर पार्टी को बनाया है। इसे लुटने नहीं देंगे। नीरज ने कहा कि पार्टी अग्निपरीक्षा से गुजर रही है। इस तरह के गंभीर आरोप पार्टी के किसी मंत्री पर पहली बार लगे हैं। यह सामान्य बात नहीं है।

प्रशांत किशोर ने अब अशोक चौधरी पर 200 करोड़ का बम फोड़ा, शांभवी के पति और सास को भी लपेटा

नीरज कुमार ने राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के नेता तेजस्वी यादव की याद दिलाई और कहा कि जब उन पर आरोप लगे थे तो पार्टी ने उनसे भी जवाब मांगा था। अशोक चौधरी के इस्तीफे के सवाल पर नीरज कुमार ने कहा कि यह वो कैसे तय कर सकते हैं लेकिन पार्टी को जवाब तो चाहिए क्योंकि यह पार्टी की साख का सवाल है। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार पर कोई विरोधी भी इस तरह का आरोप नहीं लगा सकता है। नीरज ने कहा कि अशोक चौधरी पर आरोप लगा है, इसलिए पार्टी की ओर से आग्रह है कि वो मीडिया के सामने आकर पूरी सच्चाई बताएं।

प्रशांत किशोर ने सिर्फ आरोप लगाए, कोई साक्ष्य नहीं दिया: अशोक चौधरी

अशोक चौधरी ने प्रशांत किशोर के आरोपों को शनिवार को ही खारिज कर दिया था। चौधरी ने कहा था कि उनके खिलाफ सिर्फ आरोप लगाए गए हैं, कोई साक्ष्य नहीं दिया गया है। अशोक ने कहा कि उनके पास उतनी ही संपत्ति है, जितनी कि वे आयकर रिटर्न फाइल करते हैं। उन्होंने कहा कि मंत्रियों द्वारा संपत्ति की घोषणा की जाती है, उससे अधिक संपत्ति उनके नाम पर नहीं है। चौधरी ने कहा कि कोई साक्ष्य दे तो जवाब दूंगा। उन्होंने कहा कि मानहानि केस का नोटिस मिलने से प्रशांत किशोर परेशान हैं।

किशोर कुणाल के निधन के बाद ट्रस्ट को निशाना बनाना नीचता: शांभवी चौधरी

अशोक चौधरी की बेटी और लोजपा-आर की सांसद शांभवी चौधरी ने कहा है कि उनके ससुर किशोर कुणाल के निधन के बाद उनके ट्रस्ट को इस तरह से निशाना बनाना प्रशांत किशोर की नीचता भरी राजनीति है। शांभवी ने कहा कि प्रशांत खुद कह रहे हैं कि उनके पास सबूत नहीं है लेकिन झूठा प्रचार भी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जो भी उनके या उनके पिता के पास है, वो सब घोषित है। उन्होंने कहा कि प्रशांत किशोर के आरोपों से हार की बौखलाहट दिख रही है। उन्होंने किशोर कुणाल के सामाजिक कार्यों की याद दिलाते हुए कहा कि प्रशांत किशोर उनके ससुर के पांव की धूल के कण के बराबर नहीं हैं।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:36 दिन बाद फिर भिड़े विजय सिन्हा और अशोक चौधरी, नीतीश कैबिनेट में तू-तू मैं-मैं
ये भी पढ़ें:आज भी चौकी पर सोते हैं नीतीश, अशोक चौधरी ने बताया- सीएम के बेडरूम में बस 3 सामान
ये भी पढ़ें:हमने टिकट खरीदा तो चिराग कैसे अच्छे नेता? अशोक चौधरी का प्रशांत किशोर से सवाल
ये भी पढ़ें:नीतीश की जेडीयू में बदला ध्रुवीय समीकरण! अशोक चौधरी ने ललन सिंह के पैर छुए
लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।