NDA Mahagathbandhan Seat sharing meetings throughout day from Delhi to Patna एनडीए और महागठबंधन में सीटों पर भागदौड़, दिल्ली से पटना तक पूरे दिन चली बैठकें, Bihar Hindi News - Hindustan
More

एनडीए और महागठबंधन में सीटों पर भागदौड़, दिल्ली से पटना तक पूरे दिन चली बैठकें

बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर एनडीए और महागठबंधन में सीट शेयरिंग फॉर्मूला तय करने के लिए शुक्रवार को दिल्ली से पटना तक मैराथन बैठकों का दौर चला। दोनों ही गठबंधन में सीट बंटवारा लगभग तय हो गया है, एक-दो दिन में इसका ऐलान होगा। 

Fri, 10 Oct 2025 11:05 PMJayesh Jetawat हिन्दुस्तान ब्यूरो, पटना
share
एनडीए और महागठबंधन में सीटों पर भागदौड़, दिल्ली से पटना तक पूरे दिन चली बैठकें

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर बिहार के दोनों प्रमुख गठबंधनों एनडीए और महागठबंधन के दलों के बीच शुक्रवार को दिनभर बैठकों का दौर चला। बैठकें पटना से लेकर दिल्ली तक होती रही। नामांकन शुरू होने के बाद भी सीटों की साझेदारी नहीं होने को लेकर गतिविधियां तेज हो गई हैं। हालांकि दोनों गठबंधन के वरीय नेता सार्वजनिक तौर पर यह कहते रहे कि हमारे बीच सहमति बन गई है। आज-कल में औपचारिक एलान हो जाएगा। मगर घोषणा होने तक किस दल के खाते में कितनी सीटें आएंगी, इस पर संशय बरकरार है।

एनडीए में सीटों के बंटवारे को लेकर जदयू और भाजपा के वरीय नेताओं की बैठक हुई। भाजपा और जदयू के बीच सीटों के तालमेल को लेकर उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के सरकारी आवास पर दोपहर में बैठक हुई। 45 मिनट तक चली इस बैठक में दोनों ही पार्टियों द्वारा लड़ी जाने वाली सीटों पर चर्चा हुई। बैठक में भाजपा की ओर से बिहार चुनाव प्रभारी सह केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, बिहार भाजपा प्रभारी विनोद तावड़े और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल उपस्थित रहे।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:बिहार एनडीए के सीट बंटवारे का ऐलान कल; बीजेपी ने कह दिया- सब लगभग फाइनल है

वहीं, जदयू के नेताओं में पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा, केंद्रीय पंचायती राज मंत्री राजीव रंजन उर्फ ललन सिंह, जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी, प्रदेश जदयू अध्यक्ष उमेश कुशवाहा और विधान पार्षद ललन सर्राफ मौजूद थे। बैठक में दोनों दलों के बीच सीटों को लेकर सहमति बनने की खबर छनकर आई। देर शाम केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा से दोबारा मिलने उनके आवास पर पहुंचे। दोनों नेताओं के बीच लगभग घंटे भर बातचीत हुई।

चिराग पासवान को भाजपा ने मनाया

दिल्ली में केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय शुक्रवार को एक बार फिर केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण मंत्री चिराग पासवान से मिलने पहुंचे। बीते दो दिनों के अंदर चौथी बार चिराग और नित्यानंद के बीच मुलाकात हो चुकी है। इस मुलाकात के बाद चिराग के तेवर में नरमी दिखी। प्रसन्न नजर आए चिराग ने मीडिया से कहा कि सब कुछ सकारात्मक तरीके से चल रहा है। सीटों के साथ उम्मीदवारों और चुनावी सभाओं पर भी बातें चल रही हैं ताकि बाद में कोई दिक्कत नहीं हो। जल्द ही सब कुछ सामने होगा।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:BJP-JDU का लेटेस्ट सीट फॉर्मूला, अब इसी में एक-दो आगे-पीछे होगा; किसे कितनी सीट?

चिराग पासवान ने कहा कि जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हैं, वहां मुझे अपने सम्मान की चिंता करने की जरूरत नहीं है। वहीं भाजपा नेता नित्यानंद राय ने हा कि बिहार में एनडीए सरकार बनाने को विस्तृत कार्ययोजना है। सब कुछ सकारात्मक रूप से चल रहा है। सूत्रों के अनुसार चिराग को 22 से अधिक सीटें मिल सकती हैं।

कुशवाहा से मिले तावड़े

रालोमो को साधने के लिए सांसद उपेंद्र कुशवाहा से मिलने बिहार भाजपा प्रभारी विनोद तावड़े उनके कैंप कार्यालय पहुंचे। लगभग 45 मिनट तक दोनों नेताओं के बीच बातचीत हुई। चर्चा के अनुसार रालोमो के खाते में सात सीट आने की संभावना है। हालांकि पार्टी ने 20 सीटों पर दावेदारी की है। वहीं एनडीए में सीट बंटवारे पर लोजपा (आर) की नाराजगी गाहे-बगाहे खुलकर सामने आ रही है।

राजद संसदीय दल की बैठक

पूर्व सीएम राबड़ी देवी के आवास पर सबसे पहले राजद की राज्य संसदीय दल की बैठक हुई, जिसकी अध्यक्षता नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव ने की। इसके बाद केंद्रीय संसदीय दल की बैठक हुई जिसकी अध्यक्षता पार्टी सुप्रीमो लालू प्रसाद ने की। लगभग ढाई घंटे तक चली बैठक में सीटों के तालमेल, सहयोगी दलों से बातचीत और उम्मीदवारों के चयन के लिए पार्टी सुप्रीमो लालू प्रसाद को अधिकृत कर दिया।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:लालू ही सीट और कैंडिडेट चुनेंगे, संसदीय बोर्ड में तेजस्वी सरकार बनाने का संकल्प

कांग्रेस ने सीटों पर चर्चा की

कांग्रेस स्क्रीनिंग समिति की ऑनलाइन बैठक हुई। बिहार कांग्रेस के नेता पटना स्थित वॉर रूम के माध्यम से ऑनलाइन जुड़े। बैठक में पार्टी की ओर से तय 25 सीटों के अलावा बची हुई सीटों पर विमर्श हुआ। पटना में सीपीआई की राज्य परिषद की भी बैठक हुई। इसमें सभी जिलों से भेजे गए 24 प्रत्याशियों के नामों पर विमर्श हुआ। महागठबंधन के वरीय नेता सार्वजनिक तौर पर यह कहते नजर आए कि हमारे बीच सब ऑल इज वेल है। हालांकि औपचारिक घोषणा होने में अभी एक-दो दिन का समय लग सकता है।

टाइमलाइन

एनडीए-

  • सुबह 10 बजे : दिल्ली में केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय लोजपा (आर) सुप्रीमो चिराग पासवान से मिले
  • दोपहर 12 बजे : बिहार भाजपा प्रभारी विनोद तावड़े रालोमो प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा से मिलने उनके आवास पहुंचे
  • दोपहर 1 बजे : भाजपा और जदयू के वरिष्ठ नेताओं की उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के आवास पर बैठक हुई
  • शाम 7 बजे : बिहार चुनाव प्रभारी धर्मेन्द्र प्रधान जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा से मिलने उनके आवास पहुंचे।

महागठबंधन-

  • सुबह 11 बजे : कांग्रेस की स्क्रीनिंग समिति की ऑनलाइन बैठक, बिहार कांग्रेस के नेता सहित कई जिलाध्यक्ष जुड़े
  • दोपहर 12.30 बजे : राजद की संसदीय दल की बैठक पूर्व सीएम राबड़ी देवी के आवास दस सर्कुलर रोड में शुरू
  • दोपहर 1.30 बजे : राजद की राज्य संसदीय दल की बैठक समाप्त, केंद्रीय संसदीय दल की बैठक शुरू
  • दोपहर 2.45 बजे : राजद की संसदीय दल की बैठक समाप्त, सीट और उम्मीदवारों के चयन को लालू प्रसाद अधिकृत
  • शाम 4.00 बजे : कांग्रेस की स्क्रीनिंग समित की दोबारा बैठक शुरू, प्रदेश कांग्रेस के वरीय नेता जुड़े रहे।

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।