बिहार एनडीए के सीट बंटवारे का ऐलान आज; BJP के दिलीप जायसवाल बोले- सब लगभग फाइनल है
बिहार भाजपा के अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने कहा है कि विधानसभा चुनाव को लेकर एनडीए में सीट बंटवारे का औपचारिक ऐलान शनिवार की शाम तक कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सीट शेयरिंग की बातचीत लगभग फाइनल है।

Bihar NDA Seat Sharing: बिहार एनडीए के सीट बंटवारे का ऐलान शनिवार की शाम को हो जाएगा। भाजपा के बिहार अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने शुक्रवार को कहा कि सीट शेयरिंग पर करीब-करीब निर्णय हो चुका है और शनिवार को दिल्ली या पटना में इसकी घोषणा कर दी जाएगी। दिलीप जायसवाल का यह बयान लाइव हिन्दुस्तान के उस खबर की पुष्टि करता है, जिसमें सूत्रों के हवाले से बताया गया था कि सीएम नीतीश कुमार के नेतृत्व वाला राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) शनिवार को सीट बंटवारे का ऐलान कर सकता है। सूत्रों का कहना है कि आज सीटों की संख्या का ऐलान हो सकता है जो समझौते का बेसिक फॉर्मूला बनेगा। कैंडिडेट के नाम के साथ सीटों की लिस्ट 13 अक्टूबर को आ सकती है क्योंकि बीजेपी का टिकट 12 अक्टूबर तक फाइनल होगा।
बिहार बीजेपी कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत में दिलीप जायसवाल ने कहा कि घटक दलों के बीच वार्ता लगभग पूरी हो चुकी है। सीट बंटवारे पर निर्णय करीब-करीब हो चुका है। जायसवाल ने कहा कि शनिवार की शाम तक सीट बंटवारे की घोषणा होगी। जायसवाल ने यह भी बताया है कि राष्ट्रीय जनता दल (राजद) और कांग्रेस के आधा दर्जन विधायक अगले दो दिनों में भाजपा में शामिल होंगे। माना जा रहा है कि 2024 में नीतीश सरकार के फ्लोर टेस्ट के दौरान एनडीए का साथ देने वाले मुरारी गौतम, भरत बिंद जैसे कुछ विधायक भाजपा के टिकट पर लड़ेंगे। ये सारे लोग विधानसभा से इस्तीफा दे रहे हैं।
सीट बंटवारे पर BJP-JDU का लेटेस्ट फॉर्मूला, अब इसी में 1-2 आगे-पीछे होगा; NDA में किसे कितनी सीट?
शुक्रवार सुबह भाजपा नेता नित्यानंद राय ने सबसे पहले 30-40 सीट मांग रहे चिराग पासवान को राजी किया। उन्हें राज्यसभा और विधान परिषद सीट भी मिलने की चर्चा है। नित्यानंद गुरुवार को चिराग के घर तीन बार गए थे और रात में उनके साथ धर्मेंद्र प्रधान भी थे। चिराग को सेट करने के बाद 15 सीट मांग रहे जीतनराम मांझी को फाइनल ऑफर दिया गया और बताया जा रहा है कि वो तैयार हो गए हैं। बिहार भाजपा प्रभारी विनोद तावड़े ने उपेंद्र कुशवाहा के घर जाकर उन्हें भी अंतिम ऑफर बता दिया और उनके भी राजी होने की खबर है।




साइन इन