बिहार में NIA की रेड, एके-47 मामले में हाजीपुर और मोतिहारी में सबूत खंगाल रही टीम
कहा जा रहा है कि पूर्व में मुजफ्फरपुर में बरामद हुए एके-47 मामले में पकड़े गए व्यक्ति के मोबाइल में पूर्व मुखिया के छोटे पुत्र मृत्युंजय प्रताप सिंह उर्फ सोनू सिंह का मोबाइल नंबर मिला था। इसी आधार पर हथियार होने की आशंका में टीम ने रेड डाली है।

बिहार में राष्ट्रीय जांच एजेंसी की छापेमारी से खलबली है। एनआईए की टीम ने वैशाली और मोतिहारी जिले में छापेमारी की है। बताया जा रहा है कि हाजीपुर के नगर थाने की पुलिस के सहयोग से डाक बंगला चौक निवासी राजू राय के घर पर छापेमारी हुई है। गुरुवार की सुबह करीब 4:30 बजे एनआईए की टीम छापेमारी करने पहुंची थी। इधर मोतिहारी जिले में दो जगहों पर एनआईए ने छापेमारी की है। एनआईए की दो टीम गुरुवार अहले सुबह पकड़ीदयाल के थरबिटिया में पूर्व मुखिया छेदी सिंह व गोविंदगंज थाने के खजुरिया गांव में अपराधी भू माफिया राहुल सिंह उर्फ राहुल मुखिया के घर पहुंच गई।
पकड़ी दयाल के थरबिटिया पंचायत में पूर्व मुखिया छेदी सिंह के यहां एनआईए की टीम सुबह 4 बजे चार गाड़ियों से पहुंची। पूर्व में मुजफ्फरपुर में बरामद हुए एके 47 मामले में पकड़े गए व्यक्ति के मोबाइल में पूर्व मुखिया के छोटे पुत्र मृत्युंजय प्रताप सिंह उर्फ सोनू सिंह का मोबाइल नंबर था। इसी आधार पर हथियार होने की आशंका में टीम ने यहां छापेमारी की।घर के एक एक कोने , अलमीरा आदि को खंगाला व वीडियोग्राफी भी की।
इस संबंध में मृत्युंजय ने बताया कि एनआईए उनका मोबाइल अपने साथ ले गई है। साथ ही उसे सोमवार को पटना बुलाया है। इधर, गोविंदगंज थाने के बहादुरपुर पंचायत अंतर्गत खजुरिया गांव में छापेमारी अभी भी जारी है। किसी को भी घर के पास नहीं जाने दिया जा रहा। घर के अंदर टीम सुबह से जांच में जुटी है। राहुल सिंह की पत्नी ज्योति कुमारी बहादुरपुर पंचायत की मुखिया हैं।




साइन इन