इबोला वायरस को लेकर सभी जिलों में बनेगा क्वारंटीन सेंटर
बिहार में इबोला वायरस को लेकर सभी जिलों में क्वारंटीन सेंटर बनाया जाएगा। मुजफ्फरपुर में यह सेंटर पारू सीएचसी में बनेगा। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने गाइडलाइन जारी की है और इबोला के लक्षण वाले मरीजों के लिए सैंपल पुणे भेजने का निर्देश दिया है।

मुजफ्फरपुर, प्रमुख संवाददाता बिहार में इबोला वायरस को लेकर सभी जिलों में क्वारंटीन सेंटर बनाया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग ने सभी जिलों को इसका निर्देश दिया है। मुजफ्फरपुर में यह सेंटर पारू सीएचसी में बनेगा। सेंटर 10 बेड का होगा। मेडिकल कॉलेज के अधीक्षक डॉ. महेश प्रसाद ने बताया कि एसकेएमसीएच में चार बेड का क्वारंटीन सेंटर बना दिया गया है। मेडिकल कॉलेज के उपाधीक्षक डॉ. सतीश कुमार सिंह ने बताया कि राज्य स्वास्थ्य विभाग ने सभी जिलों को क्वारंटीन सेंटर बनाने के साथ ही एक नोडल अफसर तय करने का निर्देश दिया है। जिले का नोडल पारू के सीएचसी प्रभारी को बनाया गया है। मेडिकल कॉलेज भी अपने यहां नोडल अफसर बनाने जा रहा है。
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने जारी की गाइडलाइन
इबोला वायरस को लेकर केंद्रीय स्वास्थ्य व परिवार कल्याण मंत्रालय ने सभी राज्यों को गाइडलाइन भेजी है। मंत्रालय ने कहा है कि अपने अस्पतालों को पूरी तरह से तैयार कर लें। किसी मरीज में इबोला के लक्षण जैसे बुखार, कमजोरी, मांसेपशियों में दर्द, सिर दर्द, गले में संक्रमण, उल्टी, पेट दर्द, आंखों में लालीपन दिखाई दे, तो इसकी जानकारी स्वास्थ्य विभाग के आईडीएसपी को तुरंत दी जाए। इबोला के लक्षण वाले मरीजों के लिए अलग एंबुलेंस की व्यवस्था रखने का भी निर्देश दिया है।
लक्षण वाले मरीजों का सैंपल जाएगा पुणे
स्वास्थ्य मंत्रालय ने राज्यों को निर्देश दिया है कि इबोला वायरस के लक्षण वाले मरीजों का सैंपल आईसीएमआर के पुणे लैब में भेजा जाए। केस बढ़ते हैं तो आईसीएमआर की दूसरी शाखाओं में भी सैंपल भेजे जाएंगे। मंत्रालय ने विदेश से आने वाले यात्रियों पर पूरी नजर और जांच करने का निर्देश दिया है।
अस्पतालों में फिर आएगी पीपीई किट
इबोला वायरस को लेकर भी अस्पतालों में पीपीई किट भेजी जाएगी। स्वास्थ्य विभाग ने सभी अस्पतालों में किट रखने का निर्देश दिया है। इबोला के मरीजों की देखरेख और इलाज कैसे करना है, इसके लिए स्वास्थ्यकर्मियों को प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग सभी जिलों में रैपिड रिस्पांस टीम भी गठित करने जा रहा है।
नेपाल सीमा से सटे जिलों में होगी विशेष चौकसी
इबोला वायरस को लेकर राज्य स्वास्थ्य विभाग ने दिशा निर्देश भी जारी कर दिया गया है। राज्य सरकार ने नेपाल सीमा से सटे जिलों पूर्वी चंपारण, पश्चिम चंपारण, सीतामढ़ी, मधुबनी, अररिया, सुपौल और किशनगंज में विशेष चौकसी बरतने का निर्देश है। इसके अलावा दरभंगा, गया और पटना एयरपोर्ट पर भी विशेष निगरानी का निर्देश जारी किया है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन