Muzaffarpur hospital fire tragedy sons sold 5 kattha land to save fathers life lung burnt in ICU पिता की सांस बचाने को बेच दी 5 कट्ठा जमीन, ICU में फेफड़ा ही जल गया: मुजफ्फरपुर फायर ट्रेजडी, Bihar Hindi News - Hindustan
More

पिता की सांस बचाने को बेच दी 5 कट्ठा जमीन, ICU में फेफड़ा ही जल गया: मुजफ्फरपुर फायर ट्रेजडी

प्रसाद हॉस्पिटल में अगलगी के बाद आईसीयू में भर्ती मरीज ब्रजनंदन राय को दूसरे अस्पताल में शिफ्ट किया गया था जहां डॉक्टर ने बताया कि अगलगी के धुएं से उनका फेफरा अंदर से बुरी तरह से झुलस गया था। देर शाम उनकी मौत हो गई।

Fri, 5 June 2026 09:42 AMSudhir Kumar हिन्दुस्तान, मुजफ्फरपुर, विशेष संवाददाता
share
पिता की सांस बचाने को बेच दी 5 कट्ठा जमीन, ICU में फेफड़ा ही जल गया: मुजफ्फरपुर फायर ट्रेजडी

Muzaffarpur Hospital Fire Tragedy: बिहार के मुजफ्फरपुर स्थित प्रसाद हॉस्पिटल की आईसीयू लगी आग में मरने वालों की संख्या 6 हो गई है। आईसीयू से निकाले गए मरीजों में से एक बदनसीब मरीज ब्रजनंदन राय (60) की देर शाम मौत हो गई। बीते 31 मई को एक सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल होने के बाद उन्हें आईसीयू में भर्ती कराया गया था। घटना की रात तक उनकी जान बचाने में पांच पुत्रों ने अपने-अपने हिस्से की एक-एक कट्ठा जमीन बेच डाली। ब्रजनंदन राय को दूसरे अस्पताल में शिफ्ट किया गया था जहां डॉक्टर ने बताया कि अगलगी के धुएं से उनका फेफरा अंदर से बुरी तरह से झुलस गया है।

पुत्र अनिल कुमार राय ने बताया कि पांच दिनों में ही आईसीयू में चार लाख रुपये से अधिक खर्च हो गए। एक दिन आईसीयू की दवा के लिए एक हजार कम पड़ गए तो हॉस्पिटल के मेडिकल स्टोर ने दवा नहीं दी। दूसरे मरीज के परिजन से उधार लेकर दवा ली। दूसरे दिन फिर 50 हजार जमा करने को कहा गया तो 40 हजार रुपये ही जुटा सका। अस्पताल प्रबंधन ने 40 हजार रुपये ले लिए, लेकिन 10 हजार मिलने पर ही रसीद देने की बात कह लौटा दिया।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:मुजफ्फरपुर अस्पताल आग: प्रसाद हॉस्पिटल पर FIR, 10 हिरासत में; अबतक छह मरे

अनिल ने बताया कि इन सबके बावजूद हम पांचों भाई तसल्ली में थे कि पिताजी की जान बच जाएगी। लेकिन, यहां उससे बड़ी घटना उनका इंतजार कर रही थी। आईसीयू की अगलगी में ब्रजनंदन राय का दम घुट गया। उन्हें जूरन छपरा रोड नंबर चार में एक अस्पताल में प्रशासन ने भर्ती कराया। परिजनों को यह कहकर घर भेज दिया गया कि आप खाना वगैरह खाकर आइएगा, आपका मरीज ठीक हो रहा है। लेकिन, जिस अस्पताल में मरीज को शिफ्ट किया गया, उसके डॉक्टर ने अलग कहानी बतायी। डॉक्टर ने बताया कि धुएं से ब्रजनंदन राय का फेफड़ा बुरी तरह झुलस गया है। बचाना मुश्किल है, इसलिए पटना के बड़े अस्पताल में रेफर किया गया है। ब्रजनंदन राय सुबह चार बजे से दोपहर दो बजे तक जिंदगी की जंग लड़ते रहे। उनकी हालत गंभीर देख परिजनों को घर भेज उन्हें पटना रेफर कर दिया गया। लेकिन पटना पहुंचने से पहले ही रास्ते में उनकी मौत हो गई।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:मांझी ने किया था प्रसाद अस्पताल का उद्घाटन;5 मौत से सम्राट दुखी,निशांत ऐक्शन में

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने मांगी रिपोर्ट

प्रसाद हॉस्पिटल में आग लगने और पांच लोगों की मौत पर केंद्रीय स्वास्थ्य व परिवार कल्याण मंत्रालय ने जिले से रिपोर्ट मांगी है। इसके अलावा राज्य स्वास्थ्य विभाग ने भी रिपोर्ट तलब की है। सुबह आठ बजे ही केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने जिले के अधिकारियों को फोन कर मामले में विस्तृत रिपोर्ट भेजने को कहा। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी अस्पताल पहुंचे और घटना को लेकर गहन छानबीन कर तथ्यों का संकलन किया।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:अगलगी का रूह कंपाने वाला मंजर: जल रहे थे मरीज, चिल्ला रहे थे परिजन;भाग चले कर्मी
लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।