कक्षा एक से आठ तक की समय-सारणी में बदलाव
मुंगेर जिले में बढ़ते तापमान के कारण जिला प्रशासन ने स्कूलों के समय में बदलाव किया है। कक्षा 5 तक की शैक्षणिक गतिविधियों को दोपहर 12:30 बजे के बाद रोक दिया गया है। यह आदेश 22 अप्रैल से लागू होगा और 30 अप्रैल तक रहेगा। अभिभावकों ने प्रशासन के इस कदम की सराहना की है।

मुंगेर, निज संवाददाता। जिले में लगातार बढ़ते तापमान और चिलचिलाती धूप ने जनजीवन बेहाल कर दिया है। दोपहर के समय पड़ रही भीषण गर्मी के कारण बच्चों के स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभाव को देखते हुए जिला प्रशासन ने सख्त कदम उठाया है। जिलाधिकारी निखिल धनराज ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा-163 के तहत स्कूलों के समय में बदलाव का आदेश जारी किया है। जारी आदेश के अनुसार, मुंगेर जिले के सभी सरकारी और निजी विद्यालयों में कक्षा 5 तक की शैक्षणिक गतिविधियों पर दोपहर 12:30 बजे के बाद रोक लगा दी गई है। यह नियम प्री-स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्रों पर भी समान रूप से लागू होगा।
प्रशासन ने विद्यालय प्रबंधन को निर्देश दिया है कि वे इस आदेश के अनुरूप अपनी कक्षाओं का समय पुनर्निर्धारित करें। डीएम द्वारा हस्ताक्षरित यह आदेश 22 अप्रैल से प्रभावी होगा और 30 अप्रैल तक लागू रहेगा। जिला शिक्षा पदाधिकारी और आईसीडीएस के जिला प्रोग्राम पदाधिकारी को इस आदेश का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रशासन की इस पहल से अभिभावकों ने राहत की सांस ली है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन