पटना में 3 लाख मतदाताओं का मतदाता सूची से नाम कटना तय
डीएम डॉ. त्यागराजन एसएम ने बताया कि जो मतदाता अबतक अपना आवेदन जमा नहीं किए हैं वे अपने-अपने बीएलओ से संपर्क कर जमा कर दें। कई मतदाता जिले या शहर में नहीं हैं, उन्हें भी जानकारी दी जा रही है कि समय रहते सत्यापन का काम करा लें।

पटना जिले में तीन लाख 818 ऐसे मतदाता हैं, जो मतदाता पुनरीक्षण अभियान के दौरान मृत, स्थानांतरित या अनुपस्थित पाए गए हैं। सत्यापन के दौरान बीएलओ ने संपर्क किया, लेकिन ऐसे मतदाता आवेदन नहीं दे सके। इसलिए एक अगस्त को होने वाला मतदाता सूची प्रकाशन में इनका नाम शामिल नहीं होगा। बीएलओ के स्तर से पड़ताल में इन मतदाताओं में ज्यादातर की मौत, दूसरी जगह चले जाने या शहर में मौजूद नहीं होने की जानकारी दी गई है। जिले में चार लाख 60 हजार 593 ऐसे मतदाता बचे हैं, इनका आवेदन अबतक आवेदन पोर्टल पर अपलोड नहीं हो पाया।
बुधवार को जिले के सभी 14 निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों, बीएलओ एवं बीएलए के साथ बैठक की। जिले में कुल 50 लाख 47 हजार 194 मतदाता हैं। इसमें से 45 लाख 86 हजार 601 मतदाताओं का सत्यापन अबतक कर लिया गया है। शेष 4 लाख 60 हजार 593 मतदाता का आवेदन जमा नहीं हुआ है। बीएलओ के स्तर से छानबीन कराई गई तो पता चला कि जिले में 3 लाख 818 मतदाता मृत, स्थानांतरित और अनुपस्थित हैं। शेष बचे एक लाख 59 हजार 775 मतदाताओं का सत्यापन होना है।
अधिकारियों का कहना है कि निर्धारित 26 जुलाई की तिथि के पहले सभी बचे मतदाताओं के आवेदन को सत्यापित कर लिया जाएगा। डीएम डॉ. त्यागराजन एसएम ने बताया कि जो मतदाता अबतक अपना आवेदन जमा नहीं किए हैं वे अपने-अपने बीएलओ से संपर्क कर जमा कर दें। कई मतदाता जिले या शहर में नहीं हैं, उन्हें भी जानकारी दी जा रही है कि समय रहते सत्यापन का काम करा लें अन्यथा 26 जुलाई के बाद उनका नाम मतदाता सूची से हटा दिया जाएगा।
राजनीतिक दलों से भी मदद मांगी गई
निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों ने बुधवार को विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। निर्वाचन निबंधन पदाधिकारी ने बीएलओ से प्राप्त मृत, स्थायी रूप से स्थानान्तिरत एवं दोहरी प्रविष्टि वाले निर्वाचकों (एक मतदाता का दो जगहों पर नाम होना) की सूची जनप्रतिनिधियों एवं विभिन्न राजनीतिक दलों के सदस्यों को उपलब्ध करायी। इसमें कुछ मतदान केन्द्रों की शुद्धता का सत्यापन भी कराया गया।
कुछ निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी द्वारा राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को बचे हुए मतदाताओं के गणना प्रपत्र का डाटा पेन ड्राइव में उपलब्ध कराया गया तथा उनसे अनुरोध किया गया कि योग्य मतदाताओं की पहचान कर बीएलओ को सूचित करें ताकि उनके गणना प्रपत्र का ससमय सत्यापन कर वेबसाइट पर अपलोड किया जा सके।




साइन इन