बलवंत ने तौसीफ से कहा- पैसों की चिंता ना करें, पुलिस किसी को नहीं पकड़ पाएगी; चंदन मिश्रा का शूटर खोल रहा राज
फिलहाल बड़ा सवाल यह है कि घटना में इस्तेमाल किए गए बाकी के हथियार कहां हैं? पुलिस और एसटीएफ की टीम उन हथियारों की बरामदगी की कोशिश में जुटी हुई है। सवाल यह भी है कि बलवंत के पास इतने हथियार कहां से आए।

सजायाफ्ता चंदन मिश्रा हत्याकांड में अब भी पटना पुलिस और एसटीएफ को दो शूटरों की तलाश है। दोनों की तलाश में छापेमारी की जा रही है। वहीं रिमांड पर आये तौसीफ से पुलिस पूछताछ करने में जुटी हुई है। तौसीफ की निशानदेही पर भी छापेमारी की जा रही है। सूत्रों की मानें तो तौसीफ ने पुलिस को यह जानकारी दी है कि घटना से पहले बलवंत ने उससे रुपये को लेकर किसी प्रकार की चिंता नहीं करने की बात कही थी। बलवंत ने कहा था कि एक बार बिहार से बाहर भाग जाने के बाद पुलिस किसी को नहीं पकड़ पाएगी। इसके बाद तौसीफ को उसने हथियार और गोलियां लाकर दीं।
अब भी तौसीफ की एक दिन की रिमांड बची है। रिमांड अवधि पूर्ण होने के बाद पुलिस तौसीफ को वापस बेऊर जेल भेज देगी। फिलहाल बड़ा सवाल यह है कि घटना में इस्तेमाल किए गए बाकी के हथियार कहां हैं? पुलिस और एसटीएफ की टीम उन हथियारों की बरामदगी की कोशिश में जुटी हुई है। सवाल यह भी है कि बलवंत के पास इतने हथियार कहां से आए। उसे हथियार देने वाला कौन था? वहीं पटना पुलिस जल्द ही पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जेल में बंद शेरू सिंह को भी रिमांड पर लेकर पूछताछ कर सकती है। शेरू ही इस घटना का मास्टरमाइंड बताया जा रहा है। उससे पूछताछ करने के बाद हत्याकांड से जुड़ी कई नई चीजें सामने आयेंगी।
अभिषेक से बाइक की पहचान कराई गई
पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान भोजपुर जिले से पकड़े गए अभिषेक से उस बाइक की पहचान कराई गई, जिस पर सवार होकर शूटर पारस अस्पताल तक आए थे। अभिषेक ने बाइक की पहचान की है। बाइक मंगलवार को दानापुर के हाथीखाना मोड़ के पास से बरामद की गई थी।




साइन इन