है ना मोदी-नीतीश का जादू? दीपक प्रकाश के मंत्री बनने पर तेजप्रताप का तंज, खास फोटो शेयर किया
तेजप्रताप यादव ने कहा कि सासाराम में जमानत जब्त कराने वाले निर्दलीय प्रत्याशी रामनारायण पासवान के काउंटिंग एजेंट बने दीपक प्रकाश बिना चुनाव लड़े नीतीश सरकार में मंत्री बन गए।

उपेंद्र कुशवाहा के बेटे दीपक प्रकाश के बिना चुनाव लड़े मंत्री बनने पर सियासत जारी है। अब इसमें लालू यादव के लाल, तेजस्वी यादव के बड़े भाई और जनशक्ति जनता दल(जेजेडी) के अध्यक्ष तेजप्रताप यादव कूद पड़े हैं। एक खास फोटो दिखाकर उन्होंने सीएम नीतीश कुमार और पीएम नरेंद्र मोदी को लपेटे में लिया है। तेज प्रताप ने उन्हें जादूगर करार दिया है।
सोमवार की अहले सुबह(रविवार की देर रात) तेज प्रताप यादव ने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर एक पोस्ट डाला। कहा कि सासाराम में जमानत जब्त कराने वाले निर्दलीय प्रत्याशी रामनारायण पासवान के काउंटिंग एजेंट बने दीपक प्रकाश बिना चुनाव लड़े नीतीश सरकार में मंत्री बन गए। है ना मोदी-नीतीश का जादू? तेज प्रताप की ट्वीट पर कमेंट्स भी खूब आ रहे हैं।
आम तौर पर चुनाव जीतने के बाद या एमएलसी होने पर कोई व्यक्ति मंत्री बनता है। उपेंद्र कुशवाहा के बेटे दीपक प्रकाश ने विगत विधानसभा चुनाव नहीं लड़ा। वे एमएलसी भी नहीं हैं। लेकिन 20 नवम्बर को शपथ ग्रहण से ठीक पहले उनके मंत्री पद की शपथ लेने की खब आई तो राजनीतिक भूचाल मच गया। बहुत सारे लोगों ने पहली बार उनका चेहरा देखा जब वे मंत्री पद की शपथ ले रहे थे। नीतीश कैबिनेट में राष्ट्रीय लोक मोर्चा(रालोमो) को एक सीट मिली तो उन्होंने अपने बेटे दीपक प्रकाश का नाम भेज दिया जबकि उनकी पत्नी स्नेहलता समेत 4 विधायक उनके पास थे। बेटे के मंत्री बनने से उपेंद्र कुशवाहा विरोधियों के निशाने पर आ गये हैं। उन पर परिवारवाद करने का आरोप लगाया जा रहा है।
यह मामला तब और सुलग गया जब इस बात का भांडाफोड़ हुआ कि दीपक प्रकाश अपनी मां स्नेहलता के खिलाफ निर्दलीय चुनाव लड़ रहे रामायण पासवान के काउंटिंग एजेंट बने थे। उनका परिचय पत्र वायरल हो गया। विपक्षी दलों ने इसे लपक लिया। अब तेज प्रताप यादव ने इसी तस्वीर को आधार बनाकर पीएम नरेंद्र मोदी और सीएम नीतीश कुमार पर निशाना साधा है।




साइन इन