आईपी गुप्ता ने मंत्री पति पर रखा 10 लाख का इनाम, बिहारी लड़कियों पर की थी विवादित टिप्पणी
बिहार की लड़कियों के 20-25 हजार रुपये में उपलब्ध होने की बात कहने वाले उत्तराखंड की मंत्री के पति गिरधारी साहू पर सहरसा से विधायक आईपी गुप्ता ने 10 लाख रुपये का इनाम रख दिया है।

उत्तराखंड की मंत्री रेखा आर्य के पति गिरधारी लाल साहू के बिहारी लड़कियों को लेकर की गई टिप्पणी पर सियासत गर्माई हुई है। इस बीच सहरसा से विधायक एवं इंडियन इंक्लूसिव पार्टी के मुखिया आईपी गुप्ता ने गिरधारी लाल पर 10 लाख रुपये का इनाम रख दिया है। गुप्ता ने ऐलान किया है कि बिहार की महिलाओं पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले उत्तराखंड के नेता को बिहार पकड़कर लाने वाले व्यक्ति को वह 10 लाख देंगे। दरअसल, गिरधारी का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वे कथित तौर पर बिहार की लड़कियों के 20-25 हजार रुपये में शादी के लिए आसानी से उपलब्ध होने की बात कह रहे हैं।
उत्तराखंड के मंत्री के पति के इस बयान पर बिहार में राजनीति चरम पर है। विपक्ष के साथ-साथ सत्ता पक्ष के नेता भी भाजपा नेता के इस बयान की निंदा कर रहे हैं। इन दिनों सपरिवार विदेश में छुट्टी मना रहे नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव ने इस मुद्दे पर सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए भाजपा पर हमला बोला। उन्होंने कह भाजपा नेताओं की यही सोच रही है। वहीं, विधायक आईपी गुप्ता ने तो गिरधारी लाल को बिहार पकड़कर लाने वाले को 10 लाख रुपये का इनाम देने का ही ऐलान कर दिया।
बिहार के भाजपा और जदयू के प्रवक्ताओं ने भी इसकी निंदा की। केंद्रीय मंत्री जीतनराम मांझी ने भी इस बयान को गलत बताया। उन्होंने कहा कि बच्ची की शादी में कीमत लगाना सही नहीं होता है। उन्होंने उत्तराखंड की भाजपा सरकार से इस पर कार्रवाई की मांग भी की।
क्या है विवाद
दरअसल, पिछले दिनों उत्तराखंड सरकार में कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य के पति गिरधारी लाल साहू का वीडियो वायरल हुआ। यह वीडियो अल्मोड़ा के किसी कार्यक्रम का बताया जा रहा है। इसमें वह कुछ युवकों से बात करते हुए शादी के लिए बिहार से 20-25 हजार रुपये में लड़कियां उपलब्ध कराने की बात कह रहे हैं। हालांकि, विवाद बढ़ने के बाद गिरधारी ने अपने बयान पर सफाई देते हुए माफी भी मांगी है।




साइन इन