मीठापुर-चिरैयाटांड फ्लाईओवर दिसंबर तक बनेगा, पटना को जाम से मिलेगी बड़ी राहत
आपको बता दें कि यह फ्लाईओवर आर ब्लॉक गोलम्बर-जीपीओ गोलम्बर-मीठापुर गोलम्बर-करबिगहिया स्टेशन होते हुए कंकड़बाग तक जाएगी।इस फ्लाईओवर पर कुल लागत 292.74 करोड़ रुया है। इसकी कुल लंबाई 1730 मीटर है।

राजधानी पटना को जाम से बड़ी राहत मिलने वाली है। दरअसल मीठापुर-चिरैयाटांड़ फ्लाईओवर इस साल के दिसंबर तक बनकर तैयार हो जाएगा। इस फ्लाईओवर के बन जाने से करबिगहिया समेत कई अन्य इलाके से आने-जाने वाले लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। शनिवार को पथ निर्माण सचिव पंकज कुमार पाल ने निर्माणाधीन मीठापुर-चिरैयाटांड़ फ्लाईओवर परियोजना का स्थल निरीक्षण किया। उन्होंने तकनीकी टीम और विभागीय अभियंताओं के साथ मीठापुर फ्लाईओवर से चिरैयाटांड़ फ्लाईओवर को जोड़ने के लिए पहुंच पथ एवं दोनों तरफ सर्विस लेन निर्माण कार्य का बारीकी से जायजा लिया।
सचिव ने निर्माण स्थल पर संवेदक और अभियंताओं को स्पष्ट निर्देश दिया कि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सुरक्षा मानकों का शत-प्रतिशत अनुपालन करते हुए हर हाल निर्धारित समयसीमा तक परियोजना को पूरा करने का निर्देश दिया। दरअसल, यह फ्लाईओवर आर ब्लॉक गोलम्बर-जीपीओ गोलम्बर-मीठापुर गोलम्बर-करबिगहिया स्टेशन होते हुए कंकड़बाग तक जाएगी। इससे वाहनों की आवाजाही बिना किसी बाधा के हो सकेगी। लगभग ₹292.74 करोड़ की लागत से निर्माणाधीन इस परियोजना की कुल लंबाई 1730 मीटर है और परियोजना का निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप किया जा रहा है।
पहुंच पथ का कार्य लगभग 70% तक पूरा
वर्तमान में नींव का कार्य पूर्ण हो चुका है जबकि सब-स्ट्रक्चर, सुपर-स्ट्रक्चर और पहुंच पथ का कार्य लगभग 70 फीसदी तक पूरा कर लिया गया है। पहले चरण में जीपीओ गोलम्बर से पुराने बस स्टैंड तक जुलाई में कार्य पूर्ण करने का लक्ष्य है। पूरी परियोजना का कार्य पूर्ण होने की संभावित तिथि दिसंबर 2026 निर्धारित है।
करबिगहिया को जाम से मिलेगी निजात
राजधानी पटना की यातायात व्यवस्था को सुगम, आधुनिक और पूरी तरह जाममुक्त बनाने के लिए इस परियोजना का निर्माण हो रहा है। उन्होंने बताया कि इस फ्लाईओवर और एप्रोच रोड के पूर्ण होने से पटना की यातायात व्यवस्था पहले से और बेहतर हो जाएगी। इस फ्लाईओवर के निर्माण से करबिगहिया स्टेशन के समीप होने वाले दैनिक और गंभीर यातायात जाम से आम जनता को हमेशा के लिए मुक्ति मिल जाएगी।
इस परियोजना के माध्यम से नवनिर्मित मीठापुर-महुली फ्लाईओवर से पटना शहर की ओर आने वाले भारी ट्रैफिक को बेहद सुगम और तीव्र मार्ग मिलेगा। साथ ही यह फ्लाईओवर मीठापुर गोलम्बर को सीधे एनएच 30 बाईपास से जोड़ेगी, जिससे बाहरी और अंतर-शहरी वाहनों को शहर के व्यस्ततम अंदरूनी रास्तों में प्रवेश किए बिना ही सीधा निकास मिल जाएगा।
पटना जंक्शन पर रबरयुक्त ट्रैक क्रॉसिंग बनी
इधर पटना जंक्शन के पाथ-वे पर पहली बार रबरयुक्त ट्रैक क्रॉसिंग (बैरो क्रॉसिंग) का निर्माण किया गया है। इससे यात्री सुविधाओं और परिचालन दक्षता को बढ़ावा मिलेगा। यह देखने में साधारण प्रतीत होने वाली क्रॉसिंग यात्रियों, दिव्यांगजनों, रेल कर्मचारियों तथा पार्सल यातायात को अधिक सुरक्षित, सुगम एवं प्रभावी बना रहा हैं। जंक्शन से अधिकतर ट्रेनें प्लेटफॉर्म संख्या 2, 3, 4 एवं 5 से संचालित होती हैं।
महावीर मंदिर की तरफ स्थित प्लेटफॉर्म संख्या 1 के पश्चिमी छोर पर नवनिर्मित रबरयुक्त ट्रैक क्रॉसिंग प्लेटफॉर्म संख्या 2, 3, 4 एवं 5 को जोड़ती है। पारंपरिक बैलेस्ट (गिट्टी) युक्त ट्रैक क्षेत्र की तुलना में यह समतल एवं फिसलन-रोधी सतह प्रदान करती है, जिससे ट्रैक पार करना अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक हो गया है।




साइन इन