राज्यपाल के अभिभाषण में अटका माइक, नीतीश सरकार के अफसर बिहार विधानसभा में तलब
बिहार विधानसभा में बुधवार को राज्यपाल के अभिभाषण के दौरान माइक में गड़बड़ी आने पर नीतीश सरकार के अफसरों को स्पीकर ने तलब कर दिया है। स्पीकर प्रेम कुमार ने 24 घंटे में जांच रिपोर्ट पेश कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

बिहार विधानसभा में राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान के अभिभाषण के दौरान माइक के अटकने पर स्पीकर प्रेम कुमार ने सख्त रवैया अपनाया है। विधानसभा अध्यक्ष ने नीतीश सरकार के अफसरों को तलब करते हुए 24 घंटे के भीतर भवन निर्माण विभाग से इसकी जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा है। उन्होंने एक दिन में इसकी रिपोर्ट मांगी है।
बिहार विधानसभा के अध्यक्ष प्रेम कुमार ने इस घटना पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने बुधवार को कहा कि इस मामले में जो भी दोषी होंगे, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने इस संबंध में गुरुवार को भवन निर्माण विभाग के वरीय अधिकारियों को भी तलब किया है।
इसके पहले स्पीकर ने इस मामले में सख्त रूख अपनाते हुए विधानसभा की प्रभारी सचिव और अन्य संबंधित पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में ही उन्होंने प्रभारी सचिव को इस व्यवधान के लिए दोषी की पहचान कर उनपर सख्त से सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
प्रेम कुमार ने कहा कि विधानसभा से जुड़ी किसी भी व्यवस्था में कोई कोताही किसी भी सूरत में नहीं बरती जाएगी। इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
माइक में गड़बड़ी की वजह से सदन में गहमागहमी
राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने बुधवार को बिहार विधानमंडल के दोनों सदनों को संबोधित किया। राज्यपाल के अभिभाषण की जैसे ही शुरुआत हुई, माइक से खट-खट जैसी अजीब आवाजें आने लगीं। राज्यपाल में कुछ देर बोलना जारी रखा। बीच में माइक से आवाज आना ही बंद हो गया। इस पर सदन के अंदर गहमागहमी का माहौल बन गया। सदन में मौजूद विधायक राज्यपाल से कहने लगे कि उनकी आवाज नहीं आ रही है। विपक्षी सदस्यों ने शोर मचाना शुरू कर दिया है।
राज्यपाल आरिफ मोहम्मद ने अपने पास मौजूद अधिकारियों से कहा कि वे माइक को बंद कर दें, वह बिना माइक के ही अभिभाषण पूरा कर लेंगे। हालांकि, माइक में गड़बड़ी जारी रही और बीच में कई बार सदन में गहमागहमी का माहौल बना रहा। राज्यपाल ने किसी तरह अपना अभिभाषण पूरा किया।




साइन इन