Governor Arif Mohammad Khan says Nitish Govt will give up to 2 lakh to women if employment is found better in CM Scheme जिन महिलाओं का रोजगार बेहतर, उनको 2 लाख तक की मदद देगी नीतीश सरकार: राज्यपाल, Bihar Hindi News - Hindustan
More

जिन महिलाओं का रोजगार बेहतर, उनको 2 लाख तक की मदद देगी नीतीश सरकार: राज्यपाल

बिहार में नीतीश कुमार की मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत सरकार उन औरतों को 2 लाख रुपये तक की मदद देगी, जिनका रोजगार बेहतर चलेगा। राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने विधानमंडल के संयुक्त सत्र में यह बात कही।

Wed, 3 Dec 2025 01:01 PMRitesh Verma लाइव हिन्दुस्तान
share
जिन महिलाओं का रोजगार बेहतर, उनको 2 लाख तक की मदद देगी नीतीश सरकार: राज्यपाल

बिहार के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने विधानसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पिछली सरकार द्वारा शुरू की गई मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत 10 हजार रुपये नकद सहायता पा चुकीं महिलाओं से कहा है कि जिन औरतों का रोजगार बेहतर चलेगा, सरकार उनको 2 लाख रुपये तक की और मदद देगी। बिहार में 18वीं विधानसभा के गठन के बाद खान ने बुधवार को विधानमंडल के संयुक्त सत्र को संबोधित करते हुए यह बात कही है। विधानसभा में सोमवार और मंगलवार को सदस्यों की शपथ और स्पीकर के चुनाव के बाद विधान परिषद का सत्र भी आज से शुरू हो गया है। दोनों सदन तीन दिन चलाने के बाद शुक्रवार को अगले सत्र तक के लिए स्थगित हो जाएंगे। राज्यपाल का भाषण सरकार के पिछले काम और आगे की योजना का औपचारिक लेखा-जोखा होता है।

राज्यपाल खान ने विधानसभा के विस्तारित भवन के सेंट्रल हॉल में दोनों सदनों की संयुक्त बैठक में कहा कि अगले 5 सालों में एक करोड़ युवाओं को नौकरी और रोजगार देने पर तेजी से काम किया जाएगा। यह नीतीश के नेतृत्व वाले एनडीए का चुनावी वादा है। राज्यपाल ने कहा कि प्रदेश के सभी इच्छुक लोगों के घरों की छत पर सरकार सोलर पैनल लगाएगी। राज्यपाल ने 30 मिनट के भाषण में सरकार की उपलब्धियां को सामने रखा। उन्होंने कहा कि यह सरकार न्याय के साथ विकास के सिद्धांत को ध्यान में रखकर कार्य कर रही है।

इससे पहले राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान और सीएम नीतीश ने पूर्व राष्ट्रपति राजेंद्र प्रसाद को उनकी 141वीं जयंती पर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। राजेंद्र चौक के प्रतिमा स्थल पर एक राजकीय समारोह का आयोजन किया गया था। वहां माल्यार्पण के बाद राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री ने स्वदेशी कंबल आश्रम की चरखा कात रही महिलाओं के बीच साड़ी वितरण कर उन्हें प्रोत्साहित भी किया। राजेंद्र चौक से आरिफ मोहम्मद खान और नीतीश कुमार राजेंद्र घाट समाधि स्थल पहुंचे और वहां राजेंद्र प्रसाद की समाधि पर पुष्प चक्र अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।