शादी में सेल्फी पर महाभारत, भीषण मारपीट में कई रिश्तेदार जख्मी; पुलिस की निगरानी में लगे 7 फेरे
पटना के बाढ़ अनुमंडल स्थित एक गांव में शादी में सेल्फी पर ऐसा महाभारत मचा कि दूल्हा और दुल्हन को भी छिपना पड़ा। बवाल की खबर मिलते ही पुलिस पहुंच गई और बंदूक के साय में फेरे लगे।

Bihar News: शादी, विवाह के मौके पर ठुमके लगते हैं, मस्ती का धमाल मचता है, स्वादिष्ट व्यंजन परोसे जाते हैं और परिवारों का मिलन होता है। लेकिन, पटना के बाढ़ अनुमंडल स्थित एक गांव में शादी में सेल्फी पर ऐसा महाभारत मचा कि दूल्हा और दुल्हन को भी छिपना पड़ा। बवाल की खबर मिलते ही पुलिस पहुंच गई और बंदूक के साय में फेरे लगे। दूल्हा और दुल्हन पक्ष के कई रिश्तेदार इस दौरान जख्मी हो गए। पुलिस का कहना है कि सभी पक्षों को समझा बुझाकर शांत कराया गया। स्थिति फिलहाल सामान्य है लेकिन, पुलिस हालात पर नजर बनाए हुए हैं।
जानकारी के मुताबिक पटना के बाढ़ थाना इलाके में स्थित उमानाथ मंदिर में बीती रात शादी हो रही थी। दूल्हा और दुल्हन वरमाला चक चुके थे। कुछ देर में परिजनों और ईश्वर की गवाही में एक दूसरे के संग सात फेरे लेने वाले थे। शादी में आए लोग सेल्फी और फोटो के जरिए इन खूबसूरत पलों को अपनी मोबाइल में कैद कर रहे थे। इसी बात को लेकर बवाल हो गया। मामला इतना बढ़ा कि पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा।
बताया गया कि फोटो लेने को लेकर लड़का और लड़की पक्षों के बीच विवाद हो गया। आपस में दोनों पक्ष लड़ने लगे। मारपीट में दोनों पक्षों की कई महिला रिश्तेदार जख्मी हो गए। दुल्हन की एक महिला रिश्तेदार विभा देवी ने बताया कि अजगरा गांव से लड़की लेकर शादी करने आए थे। कुछ लड़के फोटो खींच रहे थे। उन्हें कहा कि कुछ देर बाद फोटो लीजिएगा, अभी शादी की रस्में पूरा करने दीजिए। इसी बात को लेकर लड़के उनसे उलझ गए। बचाव करने जो भी लोग पहुंचे सबके साथ लड़के उलझने लगे। इस बीच दोनों पक्षों के लोग जुट गए और मारपीट होने लगी। दूल्हे और दुल्हन को भीड़ से निकालकर अंदर ले जाना पड़ा। मंदिर प्रबंधन की ओर से पुलिस को जानकारी दी गई तो अधिकारी दलबल के साथ तुरंत मौक पर पहुंच गए।
हंगामे के बीच शादी समारोह संपन्न हुआ। पुलिस ने शादी के स्थान को अपनी सुरक्षा घेरे में लिया और वहीं मौजूद रहरकर दोनों पक्षों की रजामंदी से शादी की रस्मों को पूरा करवाया। पुलिस अफसर अमरनाथ राम ने कहा कि फोटोग्राफी को लेकर विवाद हो गया था। पुलिस के पहुंचते ही कुछ युवक निकल गए। अब मामले को शांत करा लिया गया है। माहौल ठीक हो गया है। लड़का और लड़की शादी के बाद प्रस्थान कर गए हैं। अन्य रिश्तेदार भी घर निकल गए हैं।




साइन इन