वैशाली में बेखौफ अपराधियों का तांडव, महिला की गला रेतकर निर्मम हत्या; इलाके में दहशत
Bihar News: वैशाली के नगर थाना क्षेत्र स्थित नखास चौक के मगरहट्टा मोहल्ले में शुक्रवार शाम करीब 7:50 बजे अपराधियों ने एक महिला की गला रेतकर हत्या कर दी। एसपी और एसडीपीओ ने घटनास्थल का मुआयना कर जांच शुरू कर दी है।

Bihar Crime News: वैशाली जिले के नगर थाना क्षेत्र के नखास चौक स्थित मगरहट्टा मोहल्ले में पोखरा के पास बेखौफ बदमाशों ने एक महिला की धारदार हथियार से गला रेतकर निर्मम हत्या कर दी। इस खौफनाक वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। मृत महिला की पहचान नगर थाना क्षेत्र के ही हेला बाजार निवासी स्वर्गीय सकलदीप पासवान की पत्नी हेमंती देवी के रूप में हुई है। हत्यारों ने इस वारदात को इतनी बेरहमी और तेजी से अंजाम दिया कि महिला को संभलने या शोर मचाने तक का मौका नहीं मिला।
धारदार हथियार से रेता गला
मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार की शाम करीब 7:50 बजे हेमंती देवी नखास चौक के मगरहट्टा मोहल्ला स्थित पोखरा के पास मौजूद थीं। उसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे अज्ञात बदमाशों ने उन्हें अचानक घेर लिया और उन पर जानलेवा हमला कर दिया। बदमाशों ने किसी तेज धारदार हथियार से उनके गले पर वार किया और गला रेतकर उनकी हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद हत्यारे अंधेरे का फायदा उठाते हुए मौके से फरार होने में सफल रहे। खून से लथपथ हेमंती देवी वहीं जमीन पर गिर पड़ीं और अत्यधिक खून बह जाने के कारण कुछ ही देर में उन्होंने दम तोड़ दिया।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना नगर थाना पुलिस को दी। हत्या की खबर मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सूचना प्राप्त होते ही नगर थाना पुलिस के साथ-साथ वैशाली के एसपी और एसडीपीओ सदर-1 पुलिस बल के साथ फौरन घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस अधीक्षक और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया और वहां मौजूद स्थानीय लोगों से पूछताछ कर मामले की प्राथमिक जानकारी जुटाने का प्रयास किया। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है।
जांच में जुटी पुलिस
हेमंती देवी एक विधवा महिला थीं और उनके पति सकलदीप पासवान का पहले ही निधन हो चुका था। उनके परिजनों को जैसे ही इस दर्दनाक घटना की जानकारी मिली, उनके घर में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस फिलहाल इस हत्याकांड के पीछे के कारणों की गहनता से जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या इस हत्या के पीछे कोई पुरानी रंजिश, आपसी विवाद या कोई अन्य गंभीर कारण है। अपराधियों की पहचान के लिए पुलिस आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाल रही है।




साइन इन