पटना: शंभू गर्ल्स हॉस्टल में नीट छात्रा को गोद में उठा कौन ले जा रहा, 15 और लोगों का होगा DNA टेस्ट
काफी प्रयास के बाद भी गेट नहीं खुलने पर एक लड़की गलियारे में रखी मेज पर चढ़कर दरवाजे खोलकर अंदर जाती है। बाद में दो महिलाएं और एक पुरुष कमरे में प्रवेश करते हैं और एक शख्स छात्रा को उसके रूम से गोद में उठाकर बाहर ले जाता दिख रहा है।

पटना के शंभू गर्ल्स हॉस्टल में रहने वाली नीट छात्रा की मौत की गुत्थी अब तक नहीं सुलझी है। इस बीच नीट छात्रा का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। यह छह जनवरी का हॉस्टल का वीडियो बताया जा रहा है। 10.54 सेकेंड के इस फुटेज में एक शख्स अचेत अवस्था में छात्रा को ले जाते हुए दिखाई दे रहा है। हालांकि लाइव हिन्दुस्तान इस वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। वायरल वीडियो में हॉस्टल में रहने वाली चार-पांच अन्य लड़कियां छह जनवरी की दोपहर 3:50 बजे छात्रा के कमरे का दरवाजा खटखटाती दिख रही हैं।
लड़कियां छात्रा का नाम लेकर पुकार रही हैं और गेट खोलने के लिए बोल रही हैं। काफी प्रयास के बाद भी गेट नहीं खुलने पर एक लड़की गलियारे में रखी मेज पर चढ़कर दरवाजे खोलकर अंदर जाती है। बाद में दो महिलाएं और एक पुरुष कमरे में प्रवेश करते हैं और एक शख्स छात्रा को उसके रूम से गोद में उठाकर बाहर ले जाता दिख रहा है।
सीबीआई की जांच शुरू करने तक एसआईटी अनुसंधान जारी रखेगी
नीट छात्रा से दरिंदगी और मौत के मामले की जांच सीबीआई को सौंपने के प्रस्ताव के बाद पटना पुलिस आगामी तैयारियों में जुट गई है। जांच से जुड़े कार्यों को पूरा किया जा रहा है। वहीं पुलिस की टीम अब तक की गई जांच से संबंधित कागजात और सबूतों को एकत्र कर रही है। ताकि सीबीआई केस को अपने हाथ में लेती है तो मामले से संबंधित दस्तावेज अधिकारियों को उपलब्ध कराए जा सकें।
15 और लोगों के सैंपल लिये जाएंगे
मुन्नाचक स्थित शंभू गर्ल्स हॉस्टल में रहकर नीट की तैयारी कर रही छात्रा से हुई दरिंदगी और मौत के मामले में पुलिस की अब तक की जांच बेनिष्कर्ष रही है। एसआईटी गठन के 16 दिन बाद भी यह स्पष्ट नहीं हो सका कि छात्रा के साथ क्या घटना घटी थी। पुलिस की काफी किरकिरी के बाद सरकार ने इस मामले की जांच सीबीआई से कराने का प्रस्ताव दिया है। फिलहाल प्रस्ताव विचाराधीन है। सीबीआई कभी भी इस मामले की जांच अपने हाथ में ले सकती है।
इसी को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने इस कांड से जुड़े दस्तावेजों को सहेजना शुरू कर दिया है। वरीय पुलिस अधिकारी ने बताया कि जब तक सीबीआई जांच अपने अधीन नहीं लेती है तब तक पटना पुलिस बचे जांच कार्यों को पूरा करने का प्रयास करेगी। फिलहाल इस मामले में 25 लोगों के डीएनए जांच के सैंपल लिए जा चुके हैं, जबकि 15 लोगों के सैंपल अभी लिये जाने बाकी हैं। रविवार होने के कारण पुलिस शेष सैंपल नहीं ले सकी।
सरकार जनभावनाओं के साथ : सम्राट चौधरी
उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने नीट छात्रा से दरिंदगी व संदेहास्पद मौत मामले की जांच सीबीआई को सौंपे जाने पर कहा कि सरकार जन भावनाओं के साथ खड़ी होती है। इस मामले में भी सरकार ने दो बार हस्तक्षेप किया, जिसके बाद एसआईटी गठित कर जांच कराई गई। लोगों को पुलिस की जांच पर भरोसा नहीं था, इसलिए मामला सीबीआई को भेज दिया गया है। सीबीआई पूर्ण रूप से स्वतंत्र एजेंसी है, इसलिए उसकी जांच पर किसी को आपत्ति नहीं होगी। एजेंसी इस पूरे मामले की अच्छे से जांच करेगी।




साइन इन