समस्तीपुर में सब्जी खरीद रहे युवक की गोली मारकर हत्या, 3 माह पहले मर्डर में जेल से छूटा था
समस्तीपुर जिले के जितवारपुर में गुरुवार देर शाम मार्केट में सब्जी खरीद रहे सुमित उर्फ गुड्डू उर्फ महाकाल की गोली मारकर हत्या कर दी गई। गोली मारने के बाद आरोपी पैदल ही वहां से फरार हो गया।

बिहार में हत्याओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला समस्तीपुर जिले से आया है। यहां मुफस्सिल थाना क्षेत्र के जितवारपुर में चांदनी चौक के पास गुरुवार देर शाम अपराधियों ने युवक सुमित कुमार उर्फ गुड्डू उर्फ महाकाल (28) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना कृष्णा हाई स्कूल के सामने उस समय हुई, जब सुमित सब्जी खरीदने हाट गया था। सुमित जितवारपुर हसनपुर वार्ड 15 निवासी रामनंदन राय का बेटा था। वह तीन महीने पहले ही हत्या के मामले में जमानत पर जेल से बाहर आया था।
जानकारी के अनुसार सुमित अपने दोस्त के साथ बाइक से बाजार आया था और सब्जी खरीद रहा था। इसी दौरान अपराधियों ने उसे नजदीक से बायीं कनपटी में गोली मार दी। लोगों ने सुमित को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। वारदात के बाद बदमाश पैदल ही प्रखंड कार्यालय की ओर भाग निकले।
बीते साल मार्च में जितवारपुर चौथ के बोतल टोला में किसान हरिश्चंद्र राय उर्फ बतहा (55 वर्ष) की हत्या कर दी गई थी। इस मामले में पुलिस ने सुमित को जेल भेजा था। सदर एसडीपीओ-1 संजय कुमार पांडेय ने बताया कि आरोपी की तलाश में छापेमारी की जा रही है। पुराने विवाद में ही सुमित की हत्या किए जाने की आशंका है। जांच के बाद कारण स्पष्ट हो जाएगा। सरेआम हुई हत्या की वारदात से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।




साइन इन