man dragged couple on road and attack with hammer husband dead in bihar darbhanga घर में सो रहे कपल को घसीट कर ले गया, हथौड़ी से हमला कर पति को मार डाला; बिहार में खौफनाक वारदात, Bihar Hindi News - Hindustan
More

घर में सो रहे कपल को घसीट कर ले गया, हथौड़ी से हमला कर पति को मार डाला; बिहार में खौफनाक वारदात

मृतक की बड़ी बहू रेणु देवी ने बताया कि रात करीब 12 बजे चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंची तो देखा कि दोनों लहूलुहान हैं। इसके बाद घटना की जानकारी सिमरी पुलिस को दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया है।

Wed, 13 Aug 2025 06:45 AMNishant Nandan हिन्दुस्तान, संवाद सूत्र, सिंहवाड़ा, दरभंगा
share
घर में सो रहे कपल को घसीट कर ले गया, हथौड़ी से हमला कर पति को मार डाला; बिहार में खौफनाक वारदात

बिहार में कपल को घऱ से घसीट कर ले जाया गया और फिर उनपर हथौड़ी से हमला किया गया। दरभंगा जिले में सिमरी थाना क्षेत्र की बनौली पंचायत के धनकौल गांव में सोमवार देर रात घर में सो रहे दंपती पर बदमाश ने हथौड़ी से हमला कर दिया। इसमें पति राम लक्षण सहनी की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी सुनैना देवी गंभीर रूप से जख्मी हो गईं। उन्हें डीएमसीएच ले जाया गया। वहां से पीएमसीएच रेफर कर दिया गया है। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया।

सिटी एसपी अशोक कुमार के नेतृत्व में पुलिस ने आरोपित कौशल कुमार सहनी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त हथौड़ी को भी जब्त कर लिया है। कौशल मृतक के घर से दो सौ मीटर दूर रह रहे राजकुमार सहनी का पुत्र है। सिटी एसपी के साथ एसडीपीओ सदर टू एसके सुमन ने भी मौके पर पहुंचकर मामले की जांच की। मृतक के परिजनों ने बताया कि कौशल दलान पर सो रहे दंपती को घसीटकर रोड पर ले गया। वहां रॉड और हथौड़ी से मार दोनों को गंभीर रूप से जख्मी कर दिया।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:बिहार सरकार अब एनएच का निर्माण और रखरखाव नहीं करेगी, केंद्र सरकार का फरमान

इससे लक्षण सहनी की मौके पर मौत हो गई। मृतक के दोनों पुत्र लाल बाबू सहनी व रामबाबू सहनी लुधियाना व कर्नाटक में मजदूरी करते हैं। मृतक की बड़ी बहू रेणु देवी ने बताया कि रात करीब 12 बजे चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंची तो देखा कि दोनों लहूलुहान हैं। इसके बाद घटना की जानकारी सिमरी पुलिस को दी। मंगलवार सुबह पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया।

मृतक की पोती लक्ष्मी कुमारी ने बताया कि कौशल नशा करता है। वह हमेशा लोगों से लड़ाई-झगड़ा करता रहता था। इस घटना से मृतक के पोता-पोती लक्ष्मी, शिवम, सपना, सानिया, सुहानी, अंशु, अनुज, आरती सहित अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के दोनों पुत्र घर के लिए रवाना हो गए हैं। सरपंच संघ के अध्यक्ष रमेश सहनी व मुखिया प्रतिनिधि सुजीत राय समेत बड़ी संख्या में लोग पीड़ित परिवार को ढांढ़स बंधा रहे थे।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:बिहार में 65 लाख बच्चे पढ़ने नहीं पहुंच रहे स्कूल, माता-पिता का पलायन बड़ी वजह
लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।